- केकेआर को मौजूदा सीजन में अभी पहली जीत की तलाश
- हर्षित राणा सहित घायल गेंदबाज हैं केकेआर की बड़ी चिंता
सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली : विकेटकीपर सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन के शतक और तेज गेंदबाज जैमी ओवरटन के गेंद से ‘चौके’ की बदौलत चेन्नै सुपर किंग्स (सीएसके) मेहमान दिल्ली कैपिटल्स को 23 रन से हरा लगातार तीन हार के सिलसिले को तोड़ मौजूदा 2026 आईपीएल में पहली जीत के बावजूद नौंवे स्थान पर है। पांच बार चैंपियन रही चेन्नै सुपर किंग्स अब अपने घर में मंगलवार को दसवें और आखिरी पायदान पर चल रही कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को भी हरा अपनी जीत के सिलसिले को आगे बढ़ाने के मकसद से उतरेगी। केकेआर का शुरू के चार मैचों में तीन हारने और पंजाब किंग्स के खिलाफ अपना इस सीजन का तीसरा मैच बारिश के कारण बेनतीजा अधूरा खत्म होने से मात्र एक अंक है। केकेआर को मौजूदा सीजन में अभी पहली जीत की तलाश है। पिछले पांच मैचों में सीएसके ने भले ही तीन और केकेआर ने दो मैच जीते हैं लेकिन दोनों में एक मैच एक टीम के तो अगला दूसरे के जीतने का सिलसिला जारी है। एक दिलचस्प बात यह है कि सीएसके ने केकेआर से पिछले तीन में दो मैच आसानी से जीते हैं। बीते बरस दो मैचों में दोनों टीमों ने एक एक मैच जीता है लेकिन चेन्नै में केकेआर ने पिछले सीजन में सीएसके को आठ विकेट से करारी शिकस्त दी थी।
चेन्नै सुपर किंग्स के लिए अंतिम पूर्व स्थान पर होने के बावजूद हौसला बढ़ाने वाली एक बात यह है कि उसने राजस्थान रॉयल्स से पहला मैच आठ विकेट हारने के बावजूद अगले तीन में से शुरू के दो हारने और चौथा मैच जीतने के लिए लक्ष्य 200 से ज्यादा रन का लक्ष्य रखा अथवा इसका पीछा करते हुए 200 रन का आंकड़ा पार किया है। संजू सैमसन (137) सीएसके के लिए मौजूदा संस्करण में भले ही इकलौते शतक की बदौलत रन बनाने में सबसे आगे चल रहे हैं लेकिन उसके लिए अच्छी बात यह है उसके नौजवान सलामी बल्लेबाज आयुष म्हात्रे (कुल 133 रन) ने दो और सरफराज खान (99 रन) ने एक अर्द्धशतक जड़ा ही है। धीरे धीरे सीएसके के भरोसेमंद ऑलराउंडर शिवम दुबे (कुल89 रन) भी अपनी रंगत पाते लग रहश है। नौजवान विस्फोटक स्पिन ऑलराउंडर प्रशांत वीर ने दो मैचों में 49 रन बना सही वक्त पर बड़ी पारियों की उम्मीद जताई है। दरअसल सीएसके के असमंजस में नजर आ रहे कप्तान सलामी बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ (56 रन) को शुरू से ही तेज बल्लेबाजी की जरूरत है।
केकेआर को अपने तुरुप के भारतीय तेज गेंदबाज हर्षित राणा, श्रीलंका के मतीशा पथिराना का उपलब्ध न होना और दोनों तुरुप के भारतीय लेग स्पिनर वरुण चक्रवर्ती और वेस्ट इंडीज के सुनील नारायण का चोट के कारण चार में तीन मैच खेल मात्र दो विकेट चटकाना और वरुण चक्रवर्ती का शुरू के दो मैचों में मुंबई इंडियंस और सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मात्र दो मैच खेल 79 रन दे एक भी विकेट न चटकाने के साथ ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन का शुरू के तीन मैचों के बाद चौथे में ही गेंदबाजी कर पाना बहुत अखरा है। केकेआर के लिए बतौर गेंदबाज वैभव अरोड़ा (5 विकेट), जिम्बाब्वे के ब्लेसिंग मुजरबानी (4 विकेट), कार्तिक त्यागी(3 विकेट) के साथ स्पिनर अनुकुल राय को चेन्नै के अब रंग में आ संजू सैमसन और आयुष म्हात्रे के खिलाफ समझबूझ से गेंदबाजी की जरूरत होगी।
संजू सैमसन ने खुद यह माना कि चेन्नै में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अपने घर में शतक जमा चेन्नै सुपर किंग्स को जीत दिलाने से पहले इस सीजन के शुरू के तीन मैचो के 6, 7 , 8 रन बनाए थे और इससे उन्हें खुद का आत्मविश्वास ही एकबारगी लड़खड़ाता लगा। चेन्नै सुपर किंग्स को यदि शीर्ष चार में पहुंचने की आस बरकरार रखनी तो संजू सैमसन को अपने अनुभव का इस्तेमाल कर नौजवान आयुष म्हात्रे के साथ मिलकर मजबूत शुरुआत देनी होगी जिससे कि मध्यक्रम में शिवम दुबे , सरफराज खान और डेवाल्ड ब्रेविज के साथ ऑलराउंडर जैमी ओवरटन और अंशुल काम्बोज उसे बड़े स्कोर तक पहुंचाने अथवा इसके पार पहुंचा कर जीत दिलानी होगी। केकेआर के लिए शीर्ष क्रम में सलामी बल्लेबाज फिन एलन (80 रन) के साथ मध्यक्रम में कैमरून ग्रीन (कुल 56 रन) रिंकू सिंह (72 रन) तेज रन तो दूर एक अर्द्धशतक तक के लिए जूझ रहे हैं। साथ ही अपने घायल ‘गेंदबाजों’ की मंडली के चले केकेआर अंगकृष रघुवंशी (कल 155 रन) के दो अर्द्धशतकों और कप्तान अजिंक्य रहाणे के मुंबई मे मुंबई इंडियंस के खिलाफ 220 रन के लक्ष्य को भी बचा नहीं पाई है।वहीं शुरू के लगातार तीन मैच हारने के बावजूद सीएसके लिए अच्छी बात यह है कि उसके अंशुल काम्बोज (8 विकेट), जैमी ओवरटन (5 विकेट) और मैट हेनरी (2 विकेट), शिवम दुबे मात्र एक मैच खेलने वाले नौजवान गुरजपनीत सिंह (एक विकेट)और खलील अहमद (एक विकेट) के रूप में रफ्तार के साथ दिखाने वाले तेज गेंदबाज हैं। रवींद्र जडेजा को राजस्थान रॉयल्स को ट्रेड करने से वेस्ट इंडीज के स्पिनर अकील हुसैन, अफगानिस्तान के नूर अहमद के रूप में सीमित स्पिन विकल्पों के चलते सीएसके को विकेट चटकाने वाले स्पिनर की कमी खटक रही है। सीएसके को जीत का अपना सिलसिला आगे बढ़ाना है तो उसके दोनों स्पिनरों नूर अहमद और अकील हुसैन को चतुराई से गेंदबाजी करने की जरूरत है।
नाकामी बताती हैं, आप कैसे वापसी कर सकते हैं : सैमसन
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अपने घर चेन्नै में शतक जमाने वाले सीएसके के संजू सैमसन ने कहा, ‘मेरे लिए यह मैन ऑफ द’ मैच अवार्ड बहुत मायने रखता है। मेरी फ्रेंचाइजी सीएसके का मुझ पर भरोसा जताना मुझे जिम्मेदारी का अहसास कराता है। हमारे लिए अच्छी बात यह है कि हम अभी भी टूर्नामेंट में बने हुए हैं। एक अलग फ्रेंचाइजी के लिए अच्छा आगाज करना आसान नहीं है लेकिन मुझे कभी ऐसा कतई लगा ही नहीं। मेरे लिए सीएसके लिए खेलना अपने दूसरे घर में लौटना जैसा है। मैं बहुत बार नाकाम रहा हूं। नाकामी आपको बताती है कि आप वापसी कैसे कर सकते हैं। जेहनी तौर आप सोचते हैं कि आप अपनी पूरी ताकत झोंक कर अपनी योजना कैसे बदल सकते हैं। तब आपको ध्यान जेहनी और शारीरिक तौर पर बेसिक्स पर लगाना होता है। आपकी बेसिक्स की बाबत जेहनी तौर पर अलग ढंग से सोचना होता है। बतौर बल्लेबाज आपको गेंद को बढ़िया ढंग से गेंद को खेलने के लिए जब यह गेंदबाज के हाथ से छूटती है तो भी तभी पढ़ना होता है। साथ ही बड़ी भागीदारी करना भी अहम होता है। अच्छा रहा कि स्थितियां हमारे लिए अच्छी रहीं। नौजवान आयुष म्हातरे को खेलता देख कर यह कतई लगा नहीं है कि वह अंडर 19 टीम से आ रहे हैं और वह बहुत नापतोल कर खेले। म्हात्रे ने बतौर बल्लेबाज अपना चरित्र दिखाया। मैं पांच साल तक एक फ्रेंचाइजी से खेलने के बाद जातना हूं कि तशतक बनाना कितना मुश्किल काम हैं। मैं अपनी इस पारी को टीम के कोच स्टीफन फ्लेमिंग को समर्पित करना चाहता हूं।’
हमने बहुत आक्रामक गेंदबाजी कर विकेट चटकाए : गायकवाड़
सीएसके के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने कहा, ‘पहली जीत हासिल करने पर वाकई अच्छा लग रहा है। हमारी सीएसके टीम ने जोरदार प्रदर्शन किया। हम अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे और मुझे यह अहसास हो रहा था कि हमें यह जीत मिलने ही वाली है। धीमी पिच पर 210 रन बनाना हमारे लिए अच्छा संकेत है। संजू सैमसन ने दिल्ली के गेंदबाजों पर धावा बोल जोरदार पारी खेली। आयुष भी क्या खूब खेले। सच तो यह है कि हमारे गेंदबाजों ने बहुत आक्रामक गेंदबाजी कर विकेट चटकाए। हमारे पास गेंदबाजी में बहुत अलग किस्म का गेंदबाज भले ही नहीं लेकिन हमने आपस में यह चर्चा कि हम कैसे और अधिक सक्रिय हो प्रभावी गेंदबाजी कर सकते हैं। हम पिछले कुछ मैच जीत के बहुत करीब पहुंच कर चूक गए। कई ओवर में बहुत रन देना हमें महंगा पड़ा। गेंदबाजी के लिहाज से हमने बढ़िया गेंदबाजी की। पॉवरप्ले में झटके के बाद हमने वापसी की।
दिल्ली की जीत में मुकुल की पारी निर्णायक रही : रहाणे
केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने कहा,‘ आखिरी ओवर में लखनउ सुपर जायंटस से हार को पचा पाना खासा मुश्किल है। मुझे अपनी टीम के खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर फख्र है। दिल्ली की जीत में मुकुल चौधरी की पारी वाकई निर्णायक रही। मुकुल ने जिस तरह अपने शॉट खेले तो आप इस बाबत किसी खास चीज की बहुत चर्चा नहीं कर सकते हैं।कहीं-कहीं थोड़ी-बहुत चूक मुमकिन है लेकिन दिल्ली की इस जीत का श्रेय मुकुल और उनकी भागीदारी को है। धीमी गेंद कोलकाता की पिच पर कारगर रही। लखनउ सुपर जायंटस के सामने खोने को कुछ नहीं था। मुकुल हर गेंद को उड़ा रहे थे और उन्होंने वाकई गजब के शॉट खेले। हमारे गेंदबाजों ने अपना काम किा। आप जब मैच हारते हैं तो आप बस यही सोचते हैं आप कैसे और बेहतर कर सकते थे। इस पिच पर 180-185 रन का स्कोर अच्छा स्कोर था । आखिर में मैं लखनउ सुपर जायंटस के बल्लेबाजों की शानदार प्रदर्शन के लिए उनकी सराहना करता हूं।





