मुंबई की कोशिश दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अपना दबदबा रखने जारी की
सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली : ऑलराउंडर हार्दिक पांडया की अगुआई में मुंबई इंडियंस और अक्षर पटेल की कप्तानी में दिल्ली कैपिटल्स आईपीएल 2026 में अपना अभियान छह- छह विकेट से जीत से शुरू करने के बाद अब यहां शनिवार को अरुण जेटली स्टेडियम में जीत का सिलसिला आगे बढ़ाने के मकसद से आमने-सामने होंगी। मुंबई इंडियंस ने 2025 के संस्करण में दिल्ली कैपिटल्स को पहले मैच में उसके घरेलू मैदान यहीं अरुण जेटली स्टेडियम में तिलक वर्मा के अर्द्धशतक और सूर्य कुमार यादव के 40 रन की पारी व लेग स्पिनर कर्ण शर्मा के चटकाए तीन विकेट की बदौलत 12 रन से फिर रिटर्न मैच में अपने घर मुंबई में सूर्य कुमार यादव के तूफानी अविजित 73 रन की बदौलत 59 रन से हराने सहित उससे पिछले पांच में चार मैच जीते हैं। हार्दिक की कप्तानी में मुंबई इंडियंस की कोशिश दिल्ली कैपिटल्स को उसके घर में फिर हरा कर उसके खिलाफ जीत की हैट्रिक लगा कर अपना दबदबा जारी रखने की होगी। मुंबई इंडियंस के हाथों मुंबई में बीते बरस हारने के बावजूद दिल्ली कैपिटल्स के लिए मेरठ के नौजवान बल्लेबाज उन्हीं समीर रिजवी ने सबसे अधिक 39 रन बना जूझने का जज्बा दिखाया था जिन्होंने 2026 आईपीएल के पहले मैच में लखनउ में लखनउ सुपर जायंटस के खिलाफ तेज अविजित 70 रन की पारी खेल कर उसे छह विकेट से जीत दिलाई। बेंगलुरू, मुंबई और कोलकाता में खेले मैचो में बल्लेबाजों के दबदबे के बीच अब तक मौजूदा सीजन में 200 या इससे अधिक के स्कोर बने हैं। वहीं गुवाहाटी और लखनउ मे जरूर बल्लेबाजों को रनों के लिए जूझना पड़ा और किन्ही एक दो बल्लेबाजों की बड़ी पारियों और उनकी साझेदारियों ने ही उनकी नैया किनारे लगाई है। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में फिरोजशाह कोटला की पिच पर बल्लेबाजों का दबदबा रहा और इस पर एक बारगी फिर चौकों और छक्कों की बारिश के बीच बड़े स्कोर देखने को मिल सकते हैं। ऐसे में मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच शनिवार को मैच चूंकि शाम की बजाय दोपहर में खेला जाएगा तो इसमें टॉस कोई बहुत ज्यादा फर्क नहीं डालेगा।
दिल्ली ने मुंबई इंडियंस पर पिछले पांच मैचो में मात्र एक बार 2024 में जैक फ्रेजर मैकगर्क के तूफानी 84 रन की बदौलत दस रन से आखिरी बार हराया था। मुंबई इंडियंस ने चेन्नै सुपर किंग्स की तरह अब तक समान रूप से सबसे ज्यादा पांच पांच बार आईपीएल खिताब जीता है। अपनी कप्तानी में भारत को हाल ही में टी 20 विश्व कप जिताने वाले विस्फोटक बल्लेबाज सूर्य कुमार यादव व तिलक वर्मा, ऑलराउंडर कप्तान हार्दिक पांडया व धुरंधर तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह जैसे चार प्रमुख खिलाड़ियों की मौजूदगी में टीम संयोजन और अनुभव के लिहाज से मुंबई इंडियंस का पलड़ा दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ भारी नजर आता है। चेन्नै सुपर किंग्स से ट्रेड कर मौजूदा सीजन में ऑलराउंडर शार्दूल ठाकुर को टीम से जोड़ने से मुंबई इंडियंस मौजूदा सीजन में और मजबूत हुई है और रफ्तार के सौदागर ट्रेंट बोल्ट, सदाबहार चतुर जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांडया की मौजूद चौकड़ी से मुंबई इंडियंस की तेज गेंदबाजी और संतुलित हुई और लेग स्पिनर मयंक मारकंडे के साथ वह अपनी एकादश में केकेआर के खिलाफ खासे महंगे साबित हुए अफगानी मिस्ट्री स्पिनर अल्लाह मोहम्मद गजनफर की जगह न्यूजीलैंड के 2026 के टी 20 क्रिकेट विश्व कप में उपविजेता रही न्यूजीलैंड के बाएं हाथ के कंजूस स्पिन ऑलराउडर कप्तान मिचेल सेंटनर को शामिल करती है तो उसकी गेंदबाजी और धारदार साबित हो ही सकती है उसके ऑलराउंडरों के रूप में भी विकल्प भी और बेहतर हो जाएंगे।
मुंबई इंडियंस ने अपने घरेलू मैदान पर केकेआर के 220 रनों के पहाड़ को अनुभवी रोहित शर्मा ( 78) और रेयन रिकल्टन (81) के विस्फोटक अर्द्बशतकों व दोनों की पहले विकेट की 148 की तूफानी भागीदारी की बदौलत पांच गेंदों के बाकी रहते मात्र चार विकेट खोकर 224 बना जिस शानदार अंदाज से जीत से आगाज किया उसके मद्देनजर दिल्ली कैपिटल्स के लिए अपने अरुण जेटली स्टेडियम के घरेलू पर उसे रोकना एक बार फिर बेहद मुश्किल चुनौती होगा। रोहित और रिकल्टन की सलामी जोड़ी के साथ 360 डिग्री यानी समग्र बल्लेबाज सूर्य कुमार यादव, तिलक वर्मा, नमन धीर, ऑलराउंडर कप्तान हार्दिक पांडया, शार्दूल ठाकुर व मिचेल सेंटनर के रूप में आठवें नंबर तक बल्लेबाजों की मौजूदगी के चलते मुंबई इंडियंस शुरू में एक दो विकेट गिरने के बावजूद दिल्ली कैपिटल्स के लिए बतौर तेज गेंदबाज लुंगी एंगिडी, एन नटराजन, मुकेश कुमार जैसे तेज गेंदबाजों और कप्तान बाएं हाथ के स्पिनर अक्षर पटेल, कुलदीप यादव और विपराज निगम की स्पिन त्रिमूर्ति की मौजूदगी के बावजूद उसे बड़ा स्कोर खड़ा करने से रोकने की एक मुश्किल चुनौती होगी और उसे भार प्रबंधन के अभी भी अनुपलब्ध मिचेल स्टार्क की कमी अखरेगी।
अनुभवी केएल राहुल (0) व पथुम निसंका(1), नीतिश राणा (15) और कप्तान अक्षर पटेल (0) के रूप में अपने चार विकेट गंवाने के बाद मेरठ के समीर रिजवी (अविजित 70 रन, 47 गेंद, चार छक्के, 5 चौके) और दक्षिण अफ्रीका के ट्रस्टन स्टब्ज (अविजित 39, 32 गेंद, एक छक्का, तीन चौके) की पांचवें विकेट की 119 रन की अटूट भागीदारी की बदौलत लखनउ सुपर जायंटस के खिलाफ उसके घर लखनउ में दिल्ली कैपिटल्स ने 17.1 ओवर में चार विकेट पर 145 रन बना छह विकेट से जीत दर्ज कर मौजूदा सीजन में बढ़िया आगाज किया दिल्ली कैपिटल्स ने इससे पहले अपने दक्षिण अफ्रीकी तेज गेंदबाज लुंगी एंगिडी और टी नटराजन द्वारा चटकाए तीन तीन और बाएं हाथ के लेग स्पिनर कुलदीप यादव के दो और कप्तान अक्षर पटेल के एक विकेट की बदौलत लखनउ सुपर जायंटस को उसके घर लखनउ में मात्र 141 रन पर ढेर कर दिया था। दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच बल्लेबाजों की मददगार पिच पर जिस भी टीम के गेंदबाज प्रतिद्वंद्वी टीम को जितने कम स्कोर पर रोकने में कामयाब होंगे उसकी जीत की संभावना उतनी ही बढ़ जाएगी।
हमारी टीम आईपीएल 2026 मे जीत के आगाज से खुश : हार्दिक
मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांडया ने कहा,‘हमारी टीम ने मुंबई में अपने घर में आईपीएल में कई सीजन के बाद आगाज जीत के साथ किया।हम सीजन का आगाज जीत से ही करना चाहते हें। हमारी पूरी टीम 2026 आईपीएल में जीत के साथ आगाज करने से खुश है। जहां तक मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में केकेआर के पहाड़ के स्कोर का पीछा करते हुए जीत दर्ज की बात है तो हम एक तो पिच के मिजाज से वाकिफ थे और आज नए जमाने की क्रिकेट बहुत कुछ इसी अंदाज में खेली जा रही हैं। मैं अपने गेंदबाजों की तारीफ करना चाहूंगा कि उन्होंने केकेआर को 240अथवा 250 पर नहीं पहुंचने दिया क्योंकि इस तरह के बड़े लक्ष्य को हासिल करना बड़ी चुनौती बन जाता है लेकिन मेरा मानना है कि जीत के लिए 220 रन के लक्ष्य हमेशा हासिल किए जा सकते हैं। रोहित शर्मा और रेयन रिकल्टन ने केकेआर के खिलाफ बेहतरीन पारियां खेलीं। केकेआर के खिलाफ जिस तरह शार्दूल ठाकुर ने बल्लेबाजो को छका विकेट चटकाए वह वाकिफ शानदार था।’
रिजवी ने पहले ही मैच में खुद को साबित किया : अक्षर पटेल
दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने अपनी टीम की लखनउ सुपर जायंटस के खिलाफ जीत के बाद कहा, ‘मैच जल्दी खत्म हो गया लेकिन बीच में जरूरी खासा करीबी हो गया था। जब नई गेंद हरकत कर रही थी तो हमने आपस में बस यही बात की कि हमें जरूरत बड़ी भागीदारी करने की है। हमें मालूम था कि गेंद शुरू में सीम के साथ स्विंग भी हो रही थी। हमने नई गेंद से गेंदबाजी करने वाले अपने गेंदबाजों से भी यही कहा और उन्होंने वाकई बढ़िया गेंदबाजी की। बाउंड्री काफी बड़ी थी। मैंने ऐसा महसूस किया की पिच तेज गेंदबाजों की मददगार है और इसीलिए मैंने अपने से पहले गेंदबाजी कराई। योजना थी कि रिजवी को जल्दी लाया जाए। अगर पारी की शुरुआत अच्छी होती तो आशुतोष शर्मा भी एक विकल्प थे। पिछले साल आशुतोष ने पहले ही मैच मे खुद को साबित किया। 2026 आईपीएल सीजन में समीर रिजवी ने खुद को पहले ही मैच साबित किया। अभ्यास के दौरान भी समीर रिजवी खासा बढ़िया दिखे थे।‘
शनिवार का मैच: दिल्ली कैपिटल्स वि मुंबई इंडियंस, अरुण जेटली स्टेडियम, दिल्ली, दोपहर बाद साढ़े तीन बजे से।





