कप्तान अक्षर की अगुआई दिल्ली अब गुजरात टाइटंस को हरा लगातार तीसरी जीत के साथ शीर्ष पर पहुंचने उतरेगी

Delhi, led by captain Axar, will now look to beat Gujarat Titans and reach the top with their third consecutive win

गुजरात टाइटंस की कोशिश हार की हैट्रिक से बचने की

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : कप्तान अक्षर पटेल की अगुआई में लगातार दो मैच जीतने वाली दिल्ली कैपिटल्स अब गुजरात टाइटंस को भी यहां बुधवार को अपने घरेलू मैदान अरुण जेटली स्टेडियम में हरा लगातार तीसरी जीत के साथ आईपीएल 2026 में शीर्ष पर पहुंचने के संकल्प के साथ उतरेगी। गुजरात टाइटंस पहले मैच में पंजाब किंग्स से उसके न्यू चंडीगढ़ के मैदान पर तीन विकेट और दूसरे मैच में अपने अस्वस्थ कप्तान शुभमन गिल की गैरमौजूदगी में अपने घर अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में 200 रन के पार पहुंचने के बाद राजस्थान रॉयल्स से मात्र छह रन से हार कर राह भटक चुकी है। गुजरात टाइटंस की कोशिश लगातार दो हार के सिलसिले को तोड़ हार की हैट्रिक से बचकर जीत की राह पर वापस लौटने की होगी। गुजरात टाइटंस को अपने घर में अपने नियमित कप्तान का अस्वस्थ होने के कारण राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ न खेल पाना बहुत अखरा। गुजरात टाइटंस उम्मीद करेगा कि शुभमन गिल फिट होकर दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ बुधवार को खेलने उतरेंगे।

वहीं दिल्ली कैपिटल्स ने लखनउ सुपर जायंटस को उसके घर लखनउ में पहले मैच में 17 गेंदों के बाकी रहते और फिर अपने घर में मेहमान मुंबई इंडियंस को छह विकेट के समान अंतर से हराया। दिल्ली कैपिटल्स को अपने शीर्ष क्रम में केएल राहुल और नीतिश राणा के नाकाम रहने के बावजूद लगातार दो अर्द्ध शतक जड़ दोनों में मैन ऑफ द’मैच रहे मेरठ के 22 बरस के विस्फोटक युवा बल्लेबाज समीर रिजवी ने जीत दिलाई। समीर रिजवी ने लखनउ सुपर जायंटस के खिलाफ ट्रस्टन स्टब्ज (कुल 42 ) के साथ 119 और मुंबई इंडियंस के खिलाफ यही अरुण जेटली स्टेडियम में पथुम निसंका (कुल 45 रन) के खिलाफ 66 और खुद आउट होने से पहले डेविड मिलर के साथ चौथे विकेट की 78 रन की भागीदारी कर जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। समीर रिजवी फिलहाल शुरू के दो मैचों में दो अर्द्धशतकों की बदौलत 190 रन के साथ रन बनाने में शीर्ष पर चल रहे हैं। गुजरात टाइटंस के रफ्तार के नए सौदागर अशोक शर्मा, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज और कसिगो रबाड़ा जैसे तेज गेंदबाजों की चौकड़ी और लेग स्पिनर राशिद खान, वाशिंगटन सुंदर और ग्लेन फिलिप्स जैसे ऑफ स्पिनरों की मौजूदगी में स्पिन त्रिमूर्ति ने यदि समीर रिजवी, केएल राहुल, पथुम निसंका और डेविड मिलर को सस्ते में आउट कर दिया तो फिर दिल्ली कैपिटल्स के लिए संभलना बहुत मुश्किल हो सकता है।

गुजरात टाइटंस भले ही शुरू के दोनों मैच हार चुकी है लेकिन बावजूद इसके उसने जिस तरह आखिरी तक जूझने का जज्बा दिखाया उसके मद्देनजर दिल्ली कैपिटल्स उसे हल्के तो कतई नहीं ले सकती है। एक दिलचस्प बात यह है कि गुजरात टाइटंस ने दिल्ली कैपिटल्स को 2025 में पहले अहमदाबाद में फिर दिल्ली में अंतिम पूर्व ओवर में हराया उससे वह मेजबान दिल्ली कैपिटल्स को लगातार तीसरे मैच में हरा कर जीत की राह पर वापस लौटने की उम्मीद कर सकती है। बीते बरस इसी मैदान पर साई सुदर्शन के शतक और कप्तान शुभमन गिल के अविजित 93 रन की पारी की बदौलत गुजरात टाइटंस ने दिल्ली कैपिटल्स को केएल राहुल के शतक के बावजूद दस विकेट से हराया था। गुजरात टाइटंस भले ही अपने दूसरे मैच में साई सुदर्शन की 73 रन की पारी के बावजूद राजस्थान रॉयल्स से छह रन से हार गई हो लेकिन उसके बल्लेबाज यदि जोश के साथ कुछ होश भी दिखाए तो वह दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ जरूर जीत की राह पर लौट सकती है। दिल्ली कैपिटल्स के तेज गेंदबाज मुकेश कुमार (दो विकेट), चार चार विकेट चटकाने वाले लुंगी एंगिडी और टी नटराजन जैसे तेज गेंदबाजों और कप्तान अक्षर पटेल, बाएं हाथ के लेग स्पिनर कुलदीप यादव और विपराज निगम के रूप में दो दो विकेट चटकाने वाले स्पिनरों की त्रिमूर्ति में गुजरात टाइटंस के मध्यक्रम में बीच के ओवरों में लगाम लगाने का दम है। दरअसल दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस दोनों का गेंदबाज आक्रमण खासा मजबूत है और जिसके भी बल्लेबाज जोश के साथ होश दिखाएंगे जीत उसी के हिस्से आएगी।

‘टी 20 क्रिकेट में लचीलापन : अक्षर पटेल
दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने कहा, ‘टी 20 क्रिकेट में आपको लचीलापन यानी मैच की जरूरत के मुताबिक बदलाव की जरूरत होती है। आपके पास यदि ऐसे बल्लेबाज हैं जो कि किसी भी नंबर पर बल्लेबाजी कर सकते हैं तो आप उन्हें अलग तरह की पिच पर खुले दिमाग के साथ इस्तेमाल कर सकते हैं। ऐसा पक्का नहीं है आप यदि किसी को बल्लेबाजी क्रम में उपर भेजते हैं तो यह कारगर रहेगा ही। आपका यदि यह रणनीतिक दांव कारगर रहता तो बहुत बढ़िया है। आशुतोष शर्मा बढ़िया बल्लेबाजी कर रहे लेकिन आपको दिन विशेष की जरूरत के मुताबिक खिलाड़ी को चुनना होता है। यदि मुझे यह चुनाव करना पड़े तो मुश्किल है और यह दर्शाता है कि हमारी दूसरी पंक्ति कितनी मजबूत है। खासतौर पर मैचों के बीच अंतराल के समय हम समय पर केवल एक मैच की बाबत सोच अपनी लय बनाए रखने की कोशिश कर रहे हैं।

मैंने अपनी कमजोरियों को दूर करने पर बहुत मेहनत की: समीर रिजवी
दिल्ली कैपिटल्स की शुरू के दो मैचों की जीत के नायक समीर रिजवी ने कहा, ‘मैंने अपनी कमजोरियों को दूर करने पर बहुत मेहनत की है। मैं तेज गेंदबाजों के खिलाफ इतना बढ़िया नहीं था और इसीलिए मैंने अपनी इस कमजोरी को दूर करने के लिए पिछले साल बहुत मेहनत की। मैंने मैच की नजाकत के मुताबिक बल्लेबाजी करने की कोशिश की। मैंने जमने में कुछ वक्त लिया और फिर अपने शॉट खेले। मैं गेंद को जितनी ज्यादा देर सकता था, देखा और फिर शॉट खेले। मैंने लखनउ सुपर जायंटस के खिलाफ मैच में भी यही किया था। आप यदि यहां रन बनाते हैं तो फिर हम जैसे नौजवानों को इससे आत्मविश्वास के साथ मौके भी मिलते हैं।

हम गलतियों से सबक लेकर मजबूत होकर लौटेंगे: राशिद खान
गुजरात टाइटंस के तुरुप के लेग स्पिनर व कार्यवाहक कप्तान रशीद खान बोले, ‘ जिस तरह राजस्थान रॉयल्स ने आगाज किया था उस लिहाज से हमने वाकई बढ़िया गेंदबाजी। हमने बल्लेबाजी करते वक्त बढ़िया आगाज किया लेकिन इसके बाद हम लगातार विकेट गंवा बैकफुट पर आ गए। हमने इसी दौरान लय खो दी। इस तरह की पिच पर 9-10 रन प्रति ओवर कोई बहुत मुश्किल लक्ष्य नहीं था। हमें बाउंड्री मिल रही थी। हम इस दौरान जल्दी जल्दी विकेट गंवा दिए और आखिरी तक लय नहीं बनाए रख सके। बीच के ओवरों के लिए हर किसी की अपनी योजना होती है। आपको बीच के ओवरों हालात का जायजा लेने के साथ मैच की जरूरत को भी समझना होता है।यह तो अभी आईपीएल की शुरुआत है हम गलतियों से सबक लेकर मजबूत होकर लौटेंगे। जहां तक मैच के आखिरी ओवर की बात है तो आपस में हमारे बीच यह चर्चा हुई कि हम बस एक बाउंड्री लगाने की जरूात है। राजस्थान रॉयल्स के तुषार देशपांडे ने कुज गजब की यॉर्कर कीं। वह जिस एक गेंद पर चूके मुझे उस पर छक्का जड़ना चाहिए था। बस शांत रहने की जरूरत थी। आईपीएल खासा लंबा टूर्नामेंट रहने वाला है। हम इससे सीख कर मजबूती से वापसकी करेगी। मैं उम्मीद करता हूं कि वह दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच के लिए फिट होंगे।’
बुधवार का मैच : दिल्ली कैपिटल्स वि गुजरात टाइटंस, शाम साढ़े सात बजे से।