अभिषेक व शिलानंद के गोल के बावजूद बेल्जियम से भारत कड़े संघर्ष के बाद 2-3 से हारा

Despite goals from Abhishek and Shilanand, India lost a hard-fought 2-3 to Belgium

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : स्ट्राइकर अभिषेक नैन और शिलानंद लाकरा के बेहतरीन मैदानी गोल की बदौलत अपने करीब आधा दर्जन नियमित खिलाड़ियों के बिना रही भारत की दूसरे दर्जे की टीम दो बार पिछड़ने के बावजूद बेल्जियम से इपोह (मलयेशिया) में सुलतान अजलान कप हॉकी टूर्नामेंट में कड़े संघर्ष के बावजूद सोमवार को 2-3 से हार गई। विजेता बेल्जियम के लिए रोमन दुवकोत ने दो और निकोलस डी केरपल ने एक गोल किया। भारत ने इस मैच अपने )दो नौजवान गोलरक्षक पवन और एचएस मोहित को आजमाया।

भारत के स्ट्राइकर अभिषेक और शिलानंद जैसे स्ट्राइकरों ने शुरू से ही परस्पर तालमेल से खेलते हुए बेल्जियम के गोल पर दबाव बनाया लेकिन बावजूद इसके शुरू के दो क्वॉर्टर में गोल नहीं कर पाया। भारत के नौजवान गोलरक्षक पवन ने दूसरे और चौथे क्वॉर्टर में कई अच्छे बचाव किए। बेल्जियम मैच के दसवें मिनट में पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन वह इसे गोल में तब्दील नहीं कर पाया। रोमन दुवकोत ने दूसरे क्वॉर्टर के दूसरे मिनट में भारत के गोलरक्षक पवन को छका कर गोल कर बेल्जियम का खाता खोला। दिलप्रीत सिंह ने इसके तुरंत बाद गोल किया लेकिन अंपायर ने उनका यह गोल उनकी वॉली को खतरनाक बताते हुए अमान्य कर दिया और भारत के हाथ आया बराबरी पाने का मौका फिसल गया। भारत ने दूसरे क्वॉर्टर में भी आक्रामक हॉकी खेल बेल्जियम के गोल पर दबाव बनाया लेकिन बावजूद इसके उसे गोल करने में कामयाबी नहीं मिली।

बेल्जियम की टीम हाफ टाइम तक 1-0 से आगे थी। अभिषेक नैन ने तीसरे क्वॉर्टर के तीसरे मिनट में बेहतरीन मैदानी गोल कर भारत को एक एक की बराबरी दिला दी। निकोलस डी करपल ने तीसरा क्वॉर्टर खत्म होने से ठीक पहले गोल कर बेल्जियम को 2-1 से आगे कर दिया। दुवकोत ने चौथे क्वॉर्टर के पहले ही मिनट में अपना मैच का दूसरा गोल कर बेल्जियम की बढ़त 3-1 कर दी। भारत के स्ट्राइकर शिलानंद लाकरा ने मैच खत्म होने से तीन मिनट पहले रबिचंद्र सिंह के बढ़िया क्रॉस पर खूबसूरत मैदानी गोल कर स्कोर 2-3 कर दिया।खेल खत्म होने से ठीक पहले बेल्जियम के खतरनाक हमले को गोलरक्षक मोहित ने नाकाम कर उसे अपनी बढ़त 4-2 करने से रोका।