व्हीलचेयर पाकर दिव्यांग गोविंद और उनके पिता के चेहरे पर खुशी छा गई

हेमन्त छीपा

राज्य सरकार आमजन की मदद के लिए लगातार प्रयासरत है। भीलवाड़ा जिला कलक्टर श्री आशीष मोदी ने जनसुनवाई में संवेदनशीलता दिखाते हुए दिव्यांग गोविंद को व्हीलचेयर उपलब्ध कराई। व्हीलचेयर पाकर गोविंद और उनके पिता के चेहरे पर खुशी छा गई।

जनसुनवाई में ग्राम जवासिया से आए दिव्यांग गोविंद ने अपनी समस्या जिला कलक्टर के समक्ष रखी। साथ आए गोविंद के पिता श्री शंकर लाल ने बताया कि गोविंद दोनो पैरों एवं शरीर से 80 प्रतिशत विकलांग है। एक से दूसरी जगह जाने के लिए भी उसे मदद की आवश्यकता पड़ती है। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है व आय का कोई स्थायी जरिया नहीं है।

जिला कलक्टर ने संवेदनशीलता दिखाते हुए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अधिकारी को तुरंत व्हीलचेयर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने दिव्यांग के पिता को बीपीएल सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन करने संबंधी जानकारी भी दी।

इसके पश्चात जिला कलक्टर ने कलेक्ट्रेट परिसर में दिव्यांग गोविंद को व्हीलचेयर सौंपी। उन्होंने गोविंद से स्वास्थ्य के बारे में भी जानकारी ली। जिला कलक्टर ने कहा कि प्रशासन गरीब असहाय वर्गाें एवं दिव्यांगजनों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के साथ उनके उत्थान से जुड़ी योजनाओं से उन्हें लाभान्वित करने के लिए प्रयासरत है।

दिव्यांग गोविंद के पिता ने व्हीलचेयर प्रदान किए जाने पर प्रसन्नता जाहिर की। उन्होंने जिला प्रशासन को धन्यवाद दिया और खुशी खुशी अपने घर के लिए रवाना हुए।