अयोध्या में रामलीला मंचन के साथ ही दुर्गा पूजा की धूम

रविवार दिल्ली नेटवर्क

अयोध्या : रामनगरी अयोध्या में इन दोनों ग्रामीण क्षेत्र से लेकर नगर तक जहां रामलीलाओं का रामायण आधारित मंचन हो रहा है, तो वहीं मातृशक्ति दुर्गा पूजा की धूम मची हुई है। देवी मंदिरों में शारदीय नवरात्र के हर दिन देवी के अलग-अलग रूप की आराधना की गई। अयोध्या जनपद में 2568 दुर्गा पंडाल सजाए गए हैं, जबकि अयोध्या नगर क्षेत्र में 150 दुर्गा पंडाल स्थापित हुए हैं, जिस पर विगत तीन दिनों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दुर्गा के विभिन्न रूपों के दर्शन कर रहे हैं और इस अवसर पर सजाई गई झांकियां धार्मिकता के साथ-साथ सामाजिक सरोकार का भी संदेश दे रही हैं।

शुक्रवार की देर रात तक नगर से ग्रामीण क्षेत्र तक के श्रद्धालु अयोध्या की सड़कों पर माता के दर्शन कर रहे थे और मध्य रात्रि के बाद दुर्गा पंडालों से माता दुर्गा को विसर्जन के लिए ले जाया जाने लगा। विसर्जन के लिए आज सुबह शोभा यात्रा बाजे गाजे और हाथी-घोड़े के साथ कुछ ही देर में निकलने वाली है। विसर्जन गुप्ता घाट के निर्मली कुंड में होगा। इस बीच जनपद के 110 और अयोध्या धाम के साथ ही अयोध्या नगर क्षेत्र में 10 स्थान पर रामलीला का मंचन हो रहा है।

देर शाम रावण वध की लीला का मंचन किया जाएगा। दहन के लिए रावण के पुतले का निर्माण विगत वर्षों की भांति कारीगर अजमतउल्लाह अपने पारिवारिक जनों के साथ कर रहे हैं। उनका कहना है कि इससे हमें भी एक धार्मिक परंपरा का निर्वहन करने का अवसर मिलता है।

फिल्मी सितारों वाली अयोध्या की रामलीला के मंचन में इस बार सीता की मुख्य भूमिका रिया सिंघा मिस यूनिवर्स ने निभायी जबकि विभीषण की भूमिका राजा मुराद और शिव की भूमिका बिंदु दारा सिंह ने निभायी। इसके अतिरिक्त कई फिल्मी और टीवी कलाकारों ने अलग-अलग भूमिका निभाई। इस रामलीला के मंचन को संचार माध्यम से देश और दुनिया के करोड़ों लोग देख रहे हैं। रजा मुराद ने अयोध्या के चौमुखी विकास की सराहना करते हुए कहा कि अयोध्या उत्तरोत्तर विकास की ऊंचाई पर पहुंचेगी। उन्होंने कहा मैं हमेशा से नकारात्मक भूमिका निभाता रहा हूं,किंतु इस बार विभीषण के रूप में एक सकारात्मक भूमिका निभा रहा हूं।