शिक्षा की शुरुआत संस्कार सीखने से होती है : नड्डा

रविवार दिल्ली नेटवर्क

देहरादून : गायत्री कुंज, हरिद्वार में देव संस्कृति विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित व्याख्यान माला ‘वसुधैव कुटुंबकम’ कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी नड्डा ने अपने संबोधन में कहा कि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य जी की सोच में चलने वाला यह संस्थान आध्यात्मिक विकास, संस्कृति के माध्यम से देश को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहा है । श्रीराम शर्मा आचार्य जी एवं मां गायत्री जी के द्वारा स्थापित किए गए आध्यात्मिक एवं सनातन संस्कृति को गायत्री परिवार के माध्यम से आगे बढा़ने का कार्य किया जा रहा है। योग, आयुर्वेद, तकनीकी, शोध, विज्ञान के समन्वय से देव संस्कृति विश्वविद्यालय शोध के क्षेत्र में निरन्तर तरक्की कर रहा है। यह शोध मानवता के लिए अति आवश्यक है। उन्होंने कहा कि शिक्षा की शुरुआत संस्कार सीखने से होती है। शिक्षा से सभ्य जीवन में सार्थक रास्ता ढूंढने का लक्ष्य प्राप्त होता है। नड्डा ने कहा कि आज भारत में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार हुआ है। आयुर्वेद चिकित्सा पर भी कार्य किया जा रहा है। आत्मनिर्भर गांव से ही आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना पूर्ण हो सकती है। इससे लिए पूरे विश्व को एक साथ काम करना होगा। उन्होंने कहा देव संस्कृति विश्वविद्यालय द्वारा नारी सशक्तिकरण, नशा मुक्ति, पर्यावरण, स्वच्छता एवं वृक्षारोपण जैसे विभिन्न विषयों पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति के विचार से ही समाज, देश में परिवर्तन लाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में देश का विकास और विरासत को संवारने का कार्य किया जा रहा है। भारत ने जी20 के माध्यम से दुनिया के सामने वसुधैव कुटुंबकम का नारा सिद्ध किया। इस दौरान कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कुलाधिपति डॉ प्रणव पंड्या, प्रतिकुलपति श्री चिन्मय पंड्या, भाजपा प्रदेश प्रभारी श्री दुष्यंत कुमार गौतम, सांसद रेखा वर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री महेंद्र भट्ट, प्रदेश महामंत्री संगठन श्री अजेय कुमार, सांसद डॉ.रमेश पोखरियाल निशंक, विधायक श्री मदन कौशिक, श्री प्रदीप बत्रा एवं अन्य लोग मौजूद रहे।