फ्यूल ने सामाजिक निवेश को दिया पारदर्शिता और अवसर का मंच

Fuel brings transparency and opportunity to social investing

मुंबई (अनिल बेदाग): शिक्षा और स्किलिंग के क्षेत्र में कार्यरत गैर-लाभकारी संस्था FUEL (फ्रेंड्स यूनियन फॉर एनर्जाइजिंग लाइव्स) ने नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के सोशल स्टॉक एक्सचेंज पर सफलतापूर्वक लिस्टिंग कर एक नई मिसाल कायम की है। इस अवसर पर आयोजित बेल-रिंगिंग समारोह में उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटिल और कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा सहित कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।

यह पहल खासतौर पर सरकारी स्कूलों, ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों और विशेष रूप से युवा महिलाओं के लिए शिक्षा, डिजिटल स्किल्स और करियर के अवसरों को बढ़ाने पर केंद्रित है। इसके साथ ही फ्यूल ने सोशल स्टॉक एक्सचेंज इश्यू की भी घोषणा की, जिससे जरूरतमंद छात्राओं और पहली पीढ़ी के शिक्षार्थियों को स्कॉलरशिप मिल सकेगी।

चंद्रकांत पाटिल ने कहा, “सोशल स्टॉक एक्सचेंज जैसी पहलें पारदर्शिता, जवाबदेही और प्रभावी परिणामों को सुनिश्चित करती हैं, जिससे सामाजिक संगठनों को नई दिशा मिलती है।”

वहीं, फ्यूल के संस्थापक डॉ. केतन देशपांडे ने कहा, “इस मंच के जरिए हम आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को शिक्षा से जोड़ने और उनके भविष्य को सशक्त बनाने का प्रयास कर रहे हैं।” मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने भी इस पहल को सामूहिक प्रयास की ताकत बताते हुए इसे समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बताया।