
दीपक कुमार त्यागी
गाज़ियाबाद : पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल के नेतृत्व में महानगर के सभी मंडलों और बूथों पर बड़े पैमाने पर 10 हजार पौधे लगाए गए। इस अवसर पर पौधारोपण को पर्यावरण सुरक्षा और हरित भारत अभियान के प्रतीक के रूप में देखा गया।
पौधारोपण के दौरान मयंक गोयल ने कहा, “पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी ने जीवन भर समाज और राष्ट्र की सेवा को सर्वोपरि माना। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर आज हमने पर्यावरण संरक्षण के इस महत्वपूर्ण कदम को अंजाम दिया। हर पौधा हमारे जीवन और भविष्य के लिए एक नई दिशा है।”
इस अवसर पर, मयंक गोयल ने गांधीनगर मंडल में भाजपा परिवार के सदस्यों के साथ भी पौधारोपण किया और ‘पेड़ मां के नाम’ समर्पित किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी एक महान विचारक और समाज सुधारक थे, जिन्होंने ‘एकात्म मानववाद’ और ‘अंत्योदय’ के सिद्धांतों को भारतीय राजनीति और समाज सेवा में उतारा। उनके विचार आज भी हमें समाज, राष्ट्र और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार बनाते हैं। इस कार्यक्रम में महानगर के सभी मंडलों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए, जिन्होंने उत्साहपूर्वक पौधारोपण कर पर्यावरण सुरक्षा में अपनी सहभागिता सुनिश्चित की।