गोलरक्षक सविता का फोकस अब अगले साल होने वाले महिला हॉकी विश्व कप पर

Goalkeeper Savita's focus is now on next year's Women's Hockey World Cup

  • हम आगे आने वाले समय में और बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं
  • खुशकिस्मत हूं कि मुझे अपने पति और उनके परिवार का समर्थन मिला

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : भारत की गोलरक्षक सविता को बीते शनिवार को सातवें 2024 के सालाना हॉकी इंडिया अवॉडर्स में बलबीर सिंह सीनियर प्लेयर ऑफ द’ ईयर 2024 से नवाजे जाने पर 25 लाख रुपये और हॉकी इंडिया बलजीत सिंह अवॉर्ड फार गोलकीपर ऑफ द’ ईयर से नवाजे जाने के साथ पांच लाख रुपये का इनाम दिया। सविता खुद इन अवॉडर्स को लेने के लिए यहां मौजूद नहीं थी और उन्होंने इस अवॉडर्स समारोह को अपने पति और अपने ससुराल वालों के साथ टोरंटो, कनाडा से सीधे देखा और ये अवॉडर्स अपने ससुराल वालों को उनके द्वारा किए उत्साहवर्द्धन के लिए समर्पित किए।

सविता का फोकस अब एफआईएच महिला हॉकी प्रो लीग के अगले दौर और अगले साल होने वाले महिला हॉकी विश्व कप पर है। सविता ने कहा, ‘जब देश हमारे हॉकी खेलने के योगदान का सम्मान करता है और उसका इनाम देता है तो फिर हमारी भी जिम्मेदारी बनती है कि हम देशय के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ दें। इन अवॉडर्स के साथ हम पर जिम्मेदारी भी आती है। हमारी हाल ही में भुवनेश्वर में एफआईएच महिला हॉकी प्रो लीग में नीदरलैंड पर शूटआउट में जीत एक बड़ी जीत थी और मैं इसे बीते बरस का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन मानती हूं। उम्मीद है कि हम आगे आने वाले समय में इससे भी और बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।
सविता ने कहा, ‘ मेरे पति और उनके परिवार ने हॉकी खेलने पर मेरा बहुत साथ निभाया। बहुतेरे खिलाड़ी शादी हो जाने के बाद खेलने के लिए बहुत दबाव महसूस करते हैं और खेलना तक छोड़ देते हैं लेकिन संयोग से मेरे साथ ऐसा नहीं है। मेरे पति और उनके परिवार वालों ने मुझे भारतीय महिला हॉकी टीम के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए मेरा हौसला बढ़ाया। मैं समझती हूं कि मैं खुशकिस्मत हूं कि मुझे अपने पति और उनके परिवार का समर्थन मिला।‘

सविता ने इन हॉकी इंडिया अवॉडर्स की अहमियत की बाबत कहा, ‘हमें हॉकी खेलने के अपने शुरुआती दिनों में यह भरोसा नहीं था कि हमें हॉकी इंडिया अवॉडर्स के रूप में इतनी बड़ी राशि मिल सकती है। बेशक यह हमारी हॉकी की उपलब्धियों का सम्मान है लेकिन यह हमें अपने परिवार और करीबियों के लिए कुछ करने की ताकत देता है। मुझे नहीं लगता कि भारत में ऐसे बहुत ज्यादा खेल हैं जहां महिला खिलाड़ियों को इस तरह का मौका मिलता है।’

सविता के लिए हॉकी में बीता बरस बहुत अहम रहा और इनमें उन्होंने पहली हॉकी इंडिया महिला लीग में उपविजेता रही सूरमा हॉकी क्लब की कप्तानी की । सविता ने कहा, ’ हॉकी इंडिया महिला हॉकी इंडिया लीग को आयोजित करने का अपना वादा पूरा किया और हम सभी हॉकी खिलाड़ी इसके लिए उसके आभारी हैं। हमने हॉकी इडिया लीग का पूरा आनंद उठाया और इससे हम सभी हॉकी खिलाड़ियों को अपना खुद का कौशल बेहतर करने में भी मदद मिली। हमारी टीम में अब सभी एक दूसरे का बहुत साथ निभाते हैं और एक दूसरे की कामयाबी पर खुश होते हैं। हममें कोई भी पूरी टीम के बिना कुछ भी हासिल नहीं कर सकता है।