चोट के चलते हर्षित राणा बिना खेले हुए टी 20 क्रिकेट विश्व कप से बाहर,सिराज टीम में

Harshit Rana ruled out of T20 World Cup without playing due to injury, Siraj included in squad

सत्येन्द्र पाल सिंह

मुंबई : नवोदित तेज गेंदबाज हर्षित राणा दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बीते बुधवार अभ्यास मैच में घुटने में आई चोट के चलते बिना कोई मैच खेले ही आईसीसी टी 20 क्रिकेट विश्व कप बाहर हो गए और उनकी जगह भारत ने तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को टीम में शामिल किया है। बीसीसीआई ने एक विज्ञप्ति जारी कर कहा, ‘हर्षित राणा के घुटने में चोट के बाद विशेषज्ञ से सलाह और स्कैन के बाद बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने पाया कि वह मौजूदा आईसीसी टी 20 विश्व कप में नहीं खेल पाएंगे।’ भारत के कप्तान सूर्य कुमार यादव ने शुक्रवार को भारत के अभ्यास से पहले हर्षित राणा की चोट की बाबत कहा था, ‘हर्षित अच्छे जरूर नहीं दिख रहे और हमारे लिए यह अच्छा नहीं है। फिजियो उनकी चोट का आकलन कर रहे हैं। हमें दिन में आगे मालूम पड़ेगा कि क्या होता है।’ दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अभ्यास मैच में चोट के बाद हर्षित के घुटने पर पट्टी बंधी नजर आई थी।’

मोहम्मद सिराज ने भारत के लिए आखिरी टी 20 मैच जुलाई, 2024 में खेला था। सिराज ने अब तक भारत के लिए कुल 16 टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैच खेल कर मात्र 14 विकेट चटकाए हैं हालांकि उन्हें दुनिया की सबसे महंगी टी 20 आईपीएल में पहले आरसीबी और फिर गुजरात टाइटंस के लिए बतौर तेज गेंदबाज खेलने का विकल्प हैं। सिराज ने कुल मिला 160 टी 20 मैच खेल कर 183 विकेट चटकाए हैं।

हर्षित राणा तेज गेंदबाज होने के साथ भारत को टी 20 क्रिकेट में निचले क्रम में बल्ले से आतिशी बल्लेबाजी करने की क्षमता के कारण बहुत विकल्प देते हैं। हर्षित ने अभ्यास मैच में एक ही ओवर फेंका था और इसके बाद वह मैदान से बाहर चले गए थे। मोहम्मद सिराज बेशक बेहतरीन तेज गेंदबाज हैं लेकिन वह निचले क्रम में हर्षित राणा की तरह ताबड़तोड़ 20-30 रन नहीं बना सकते हैं। ऐसे में भारत को इस संस्करण में बेशक हर्षित राणा की कमी अखरेगी। हर्षित ने न्यूजीलैंड के खिलाफ हाल ही में वन डे अंतर्राष्ट्रीय मैच में 43 गेंदों में 53 रन की धुआंधार पारी खेली थी। वहीं मोहम्मद सिराज खालिस तेज गेंदबाज हैं और बल्ले से हर्षित की तरह निचले क्रम में रन बनाने का कौशल उनमें नहीं है।

बेशक मजबूत बल्लेबाजी भारत की प्राथमिकता है लेकिन यदि भारत के बाकी सभी खिलाड़ी फिट रहते हैं तो फिर हर्षित राणा का चोट के चलते टी 20 विश्व कप से बाहर होना उसके लिए इसलिए बहुत ज्यादा चिंता की बात नहीं है। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह, व अर्शदीप सिंह के साथ स्पिनर वरुण चक्रवर्ती और कुल कुलदीप यादव के रूप में चार खालिस तेज गेंदबाजों के साथ तेज गेंदबाज ऑलराउंडर हार्दिक पांडया, शिवम दुबे और उपकप्तान बाएं हाथ के स्पिनर के रूप में भारत को गेंदबाजी में पर्याप्त विकप्ल देते हैं। हर्षित के चोट के चलते बाहर होने पर बतौर तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह तो खालिस तेज गेंदबाज रहेंगे जबकि मोहम्मद सिराज बतौर तेज गेंदबाज तीसरे विकल्प होंगे।

हर्षित की चोट के बाद भारतीय टीम का हौसला बुलंद रखने के लिए कप्तान सूर्य कुमार यादव ने माहौल को हल्का करने के अंदाज में कहा, ‘चिंता ने करें हमारे पास अमेरिका के खिलाफ मैच के लिए 11 खिलाड़ी हैं। बेशक हर्षित की चोट हमारे लिए बड़ा धक्का है क्योंकि आप कई संयोजनों को जेहन में रख कर 15 खिलाड़ियों को चुनते हैं। हर्षित राणा उपलब्ध के अब बाहर होने पर हम एक अलग संयोजन को आजमाएंगे । हमारे पास पर्याप्त संयोजन और पर्याप्त खिलाड़ी हैं।हम इस टी 20 विश्व कप में सभी टीमों के खिलाफ अलग संयोजन बना सकते हैं। हां, हमें हर्षित की कमी जरूर अखरेगी।’

हम देखेंगे की किन तेज गेंदबाजी ने बीते एक दो बरस में बढ़िया गेंदबाजी की है। केवल निचले क्रम में बल्लेबाजी करने की क्षमता ही चयन का इकलौता मानदंड नहीं होगी।