हेमा मालिनी की डायमंड जुबली बनेगी बॉलीवुड का सबसे यादगार म्यूज़िकल जश्न

Hema Malini's diamond jubilee set to become Bollywood's most memorable musical celebration

पहली बार अपनी कहानी खुद सुनाएंगी ‘ड्रीम गर्ल’ हेमा मालिनी

मुंबई (अनिल बेदाग): हिंदी सिनेमा की ‘ड्रीम गर्ल’ हेमा मालिनी के शानदार 60 वर्षीय फिल्मी सफर का जश्न अब एक ऐसे ऐतिहासिक अंदाज़ में मनाया जाएगा, जिसे बॉलीवुड लंबे समय तक याद रखेगा। 10 जुलाई को मुंबई के प्रतिष्ठित षणमुखानंद हॉल में आयोजित होने वाले “हेमा मालिनी – लाइव इन कॉन्सर्ट: सेलिब्रेटिंग द ड्रीम गर्ल की डायमंड जुबली” में पहली बार हेमा मालिनी खुद अपनी छह दशक लंबी सिनेमाई यात्रा की अनकही कहानियां, यादगार किस्से और पर्दे के पीछे के अनुभव दर्शकों से साझा करेंगी।

इस भव्य म्यूज़िकल ट्रिब्यूट की परिकल्पना, लेखन, निर्माण, निर्देशन और मेजबानी मशहूर आरजे अनिरुद्ध चावला कर रहे हैं। सुदेश भोसले, सुरेश वाडकर, कविता कृष्णमूर्ति, अनु मलिक, पद्मिनी कोल्हापुरे, शब्बीर कुमार, अनूप जलोटा, विजेता पंडित और पूर्णिमा श्रेष्ठ जैसे दिग्गज कलाकार अपने सुरों से इस शाम को यादगार बनाएंगे। कार्यक्रम में धर्मेंद्र को विशेष श्रद्धांजलि दी जाएगी, वहीं सिनटा और फवाइस के लिए ₹10 लाख का चैरिटी डोनेशन भी सौंपा जाएगा। यह आयोजन सिर्फ एक सुपरस्टार के करियर का उत्सव नहीं, बल्कि भारतीय सिनेमा की स्वर्णिम विरासत, संगीत और सामाजिक सरोकारों का अनूठा संगम साबित होगा।

आरजे अनिरुद्ध चावला ने कहा, “हेमा मालिनी जी सिर्फ एक सिनेमाई आइकन नहीं, बल्कि अपने आप में एक संस्था हैं। साठ वर्षों में पहली बार दर्शकों को उनकी प्रेरणादायक कहानी सीधे उन्हीं से सुनने का अवसर मिलेगा। उनके अद्भुत सफर का जश्न मनाना मेरे लिए गर्व और सम्मान की बात है।”