हॉकी विश्व कप में हमारी टीम से बहुत उम्मीदें हैं: हरमनप्रीत सिंह

  • इस बार हॉकी विश्व कप में खेलने का अनुभव सबसे अलग होगा
  • भारतीय हॉकी टीम के राउरकेला में शानदार स्वागत से मैं अभिभूत

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : दुनिया की बेहतरीन ड्रैग फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह की अगुआई में भारतीय टीम राउरकेला-भुवनेश्वर में 13 जनवरी से एक साथ शुरू हो रहे 15 वें पुरुष हॉकी टूर्नामेंट में शिरकत करने के लिए राउरकेला पहुंच चुकी है। भारत अब से ठीक दस दिन बाद अपने अभियान का पूल डी में आगाज राउरकेला के बिरसामुंडा हॉकी स्टेडियम स्पेन के खिलाफ मैच से करेगा। आठ बार के ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता भारत ने टोक्यो में 41 बरस के बरस के सूखे को खत्म कर जर्मनी को 5-4 से हरा कांसे के रूप में पहला पदक जीता था। अब हरमनप्रीत की अगुआई वाली भारतीय टीम से 1975 के पुरुष हॉकी विश्व कप में पहली और आखिरी बार स्वर्ण पदक जीतने के 47 बरस इस बार अपने घर में पदक जीतने की पूरा देश आस लगाए है।

भारत के कप्तान ड्रैग फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह ने कहा, ‘हॉकी विश्व कप में हमारी टीम से बहुत उम्मीदें हैं हर कोई उत्साह से भरा नजर आ रहा है। जैसे ही हमारी टीम ने राउरकेला शहर में प्रवेश किया और फिर हॉकी स्टेडियम के करीब पहुंची तो हजारों हॉकी प्रेमी हाथों में तिरंगा लिए हमारे स्वागत के लिए मौजूद थे। भारतीय हॉकी टीम के राउरकेला में इस शानदार स्वागत से मैं अभिभूत हो गया। इससे ही हमें हकीकत में यह मालूम पड़ा इस इलाके के लिए हॉ़की कितनी अहमियत रखती है। राउरकेला पहुंचने पहले हमने हॉकी के लिए राउरकेला के बाशिंदों के प्यार और जुनून की बाबत अपनी टीम के मूलत: ओडिशा की धरती से जुड़े फुलबैक नीलम संजीप खेस और उपकप्तान अमित रोहिदास से केवल सुना भर था। जब हमने अपनी टीम का यहां पहुंचने पर जितना जोरदार स्वागत देखा तो अहसास हुआ कि इस बार हॉकी विश्व कप में खेलने का अनुभव सबसे अलग होगा।’

राउरकेला में नवनिर्मित बिरसामुंडा हॉकी स्टेडियम का ओडिशा के माननीय मुख्यमंत्री नवीन पटनायक बृहस्पतिवार को भव्य समारोह में उदघाटन करेंगा। राउरकेला के लोग भी राउरकेला में हॉकी विश्व कप मैचों शुरू होने का बेताबी से इंतजार कर रहे हैं। राउरकेला में खेले जाने वाले हॉकी विश्व कप के भारत के तीन मैचों से सहित सभी 20 मैचों के टिकट पहले ही बिक चुके हैं। वहीं हॉकी प्रेमी भुवनेश्वर में खेले जाने वाले मैचों के बाकी बचे टिकटों को खरीदने के लिए हॉकी प्रेमी अभी से कतार लगाए इंतजार कर रहे हैं।

हमारी टीम का ध्यान हॉकी विश्व कप में लक्ष्य को हासिल करने पर: रोहिदास
भारत के उपकप्तान पेनल्टी कॉर्नर पर गजब के ‘रशर’ अमित रोहिदास ओडिशा के सुंदरगढ़ के उसे सोउनामरा गांव से आते हैं जहां से भारत के लिए चार हॉकी ओलंपिक खेलने वाले हॉकी इंडिया के मौजूदा अध्यक्ष दिलीप टिर्की आते हैं। अमित रोहिदास बताते हैं, ‘जहां तक इस हॉकी विश्व कप के लिए हमारी तैयारियों की बात तो मैं यही कहूंगा कि हर कोई जोश से सराबोर है। हमारी टीम का ध्यान हॉकी विश्व कप में अपने लक्ष्य को हासिल करने पर है। टोक्यो ओलंपिक में कांसा जीतने से हमारी टीम से उम्मीदें बहुत बढ़ गई हमारी टीम के लिए यह हॉकी विश्व कप में पदक जीतने का सबसे बढिय़ा मौका है। हम अपने खेल को अंतिम रूप दे रहे हैं। हमने राउरकेला के नए स्टेडियम में कुछ बेहतरीन अभ्यास किया। हमारी टीम विदेशी टीमों के एकबारगी राउरकेला पहुंचने पर उनके खिलाफ कुछ अभ्यास मैच खेलेगी। कुल मिलाकर हमारी निगाहें आगे कुछ दिन बढिय़ा हॉकी खेलने पर लगी हैं। हॉकी विश्व कप को लेकर भुवनेश्वर और राउरकेला में त्योहारों का सा माहौल है। हमारी टीम को राउरकेला पहुंचने एक हफ्ता हो चुका है और टीम का हर खिलाड़ी जोश से सराबोर हैं। हम हॉकी विश्व कप का जोशीला गीत बहुत भा रहा ह। हॉकी विश्व कप के गीत को इसकी ट्रॉफी के देशव्यापी भ्रमण के दौरान जारी किया गया। विश्व कप से कई समारोह होंगे।/