- होमबाउंड मरीजों के लिए ‘होम मेडिकेयर’ लॉन्च
- होली फैमिली का ‘होम मेडिकेयर’ बना नया सहारा
मुंबई (अनिल बेदाग) : मुंबई में होली फैमिली हॉस्पिटल और मेडिकल रिसर्च सेंटर बांद्रा (पश्चिम) ने स्वास्थ्य सेवाओं को घर तक पहुँचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए अपनी नई पहल ‘होम मेडिकेयर’ की शुरुआत की है। अब मरीजों को डॉक्टर विज़िट, नर्सिंग सेवा, फिजियोथेरेपी, घर पर सैंपल कलेक्शन और दवाइयों की आपूर्ति जैसी समग्र चिकित्सा सुविधाएँ सीधे उनके घर पर उपलब्ध होंगी। यह सेवा विशेष रूप से उन मरीजों के लिए राहत लेकर आई है, जिन्हें बार-बार अस्पताल जाना कठिन होता है या जो घर के आरामदायक वातावरण में उपचार प्राप्त करना चाहते हैं।
इस अभिनव सेवा का उद्घाटन 11 फरवरी 2026 को अस्पताल के फ्रंट गार्डन में किया गया। मानद सलाहकार डॉ रुसेल पिंटो (एमबीबीएस, एमएस – जनरल सर्जरी, एफएमएएस) ने ‘होम मेडिकेयर’ सेवा का शुभारंभ किया। समारोह के दौरान समर्पित मोबाइल वैन को पेरिश प्रीस्ट, सेंट एंड्रयू चर्च द्वारा आशीर्वाद दिया गया। यह क्षण समुदाय-केंद्रित स्वास्थ्य सेवा के एक नए अध्याय की शुरुआत का प्रतीक बना।
यह सेवा खासतौर पर होमबाउंड मरीजों, बुजुर्गों, सर्जरी के बाद रिकवरी कर रहे मरीजों और दीर्घकालिक बीमारियों से जूझ रहे लोगों के लिए वरदान साबित होगी। डॉ. रसेल पिंटो ने इस अवसर पर कहा कि आज कई मरीज निरंतर चिकित्सा निगरानी की आवश्यकता के बावजूद अस्पताल आने-जाने में असुविधा महसूस करते हैं। ‘होम मेडिकेयर’ सेवा अस्पताल की दीवारों के बाहर भी वही गुणवत्ता, सुरक्षा और पेशेवर देखरेख सुनिश्चित करती है, जिसके लिए होली फैमिली हॉस्पिटल जाना जाता है।
‘होम मेडिकेयर’ के शुभारंभ के साथ होली फैमिली हॉस्पिटल ने यह स्पष्ट कर दिया है कि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा केवल अस्पताल की चारदीवारी तक सीमित नहीं है। अब चिकित्सा सहायता अधिक सुलभ, व्यक्तिगत और मानवीय रूप में सीधे घर तक पहुँचेगी—जहाँ उपचार के साथ-साथ सुकून भी मिलेगा।
यह पहल मुंबई के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक नई दिशा और भरोसे का प्रतीक बनकर उभरी है।





