भारत जोड़ो यात्रा से कितना होगा फ़ायदा होगा कांग्रेस को और बीजेपी इसके ख़िलाफ़ कैसे चला रही है कैंपेन?

प्रदीप शर्मा

कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का आज 31वां दिन है। तमिलनाडु से शुरू हुई कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा अब कर्नाटक के दौरे पर है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के नेतृत्व में आज भारत जोड़ो यात्रा की शुरूआत तुमकुर के मायासांद्र से की गई। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का स्वागत किया। इससे पहले भारत जोड़ो यात्रा के 30वें दिन की शुरुआत मांड्या जिले के मल्लेनाहल्ली से की गई थी। इस दौरान राहुल गांधी ने स्थानीय लोगों से बातचीत भी की थी।

भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने शनिवार को कर्नाटक के तुरुवेकरे में वीर सावरकर पर जमकर हमला बोला। राहुल ने कहा कि सावरकर अंग्रेजों के लिए काम करते थे और उसे इसके लिए पैसे मिलते थे। कांग्रेस सांसद ने कहा- देश की जनता भ्रष्टाचार से परेशान है और सरकार इसे मैनेज करने के लिए मीडिया पर कंट्रोल कर रही है। राहुल ने कहा- RSS ने भी ब्रिटिश राज का समर्थन किया था और आज उनके नफरत के खिलाफ ही भारत जोड़ो यात्रा निकाली जा रही है।

राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बीजेपी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, “हम फासीवादी पार्टी नहीं हैं। हम एक ऐसी पार्टी हैं जो बातचीत में विश्वास करती है और हम विभिन्न दृष्टिकोणों का स्वागत करते हैं। हम जानते हैं कि चुनाव जीतने के लिए हमें एक टीम के रूप में काम करना होगा। देश में नफरत और हिंसा फैलाना राष्ट्र विरोधी कृत्य है। हम नफरत और हिंसा फैलाने वाले किसी भी व्यक्ति से लड़ेंगे। हमारा संविधान कहता है कि भारत राज्यों का एक संघ है। इसका मतलब है कि हमारी सभी भाषाओं, राज्यों और परंपराओं का समान रूप से महत्वपूर्ण स्थान है। यही हमारे देश का स्वभाव है।”

राजस्थान में अडानी समूह के इन्वेसमेंट करने के सवाल पर भी राहुल बोले। मैं कॉरपोरेट के खिलाफ नहीं हूं। मैं मोनोपॉली के खिलाफ हूं। प्रक्रिया के हिसाब से वहां सबकुछ सही है। सरकार ने कोई पावर यूज कर वहां अडानी को फायदा नहीं पहुंचाया है। अगर, कभी फायदा पहुंचाया जाएगा, तो मैं सबसे पहले विरोध करुंगा।

राहुल ने आगे कहा कि कांग्रेस के जो भी नए अध्यक्ष होंगे, उन्हें रिमोट कंट्रोल से चलने वाला कहना अपमान है। सभी सक्षम है और गांधी-नेहरु परिवार का कोई हस्तक्षेप नहीं है। राहुल ने प्रधानमंत्री मोदी पर प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं करने को लेकर भी निशाना साधा।

कर्नाटक चुनाव को लेकर राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस आने वाला चुनाव जीतेगी। उन्होंने कहा कि मेरे अनुभव में लोग भ्रष्टाचार, महंगाई और बेरोजगारी दर से थक चुके हैं। राहुल गांधी ने कहा कि मैं हमेशा एक निश्चित विचार के लिए खड़ा रहा हूं,जो भाजपा और आरएसएस को परेशान करता है। उन्होंने कहा कि हजारों करोड़ मीडिया का पैसा और ऊर्जा मुझे इस तरह का आकार देने के लिए खर्च किया गया जो असत्य और गलत है।

गुरुवार को कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने राहुल गांधी के नेतृत्व में निकाली जा रही भारत जोड़ो यात्रा में शिरकत की थी। इस दौरान सोनिया गांधी अपने बेटे राहुल गांधी के साथ पैदल भी चलीं थी। राहुल गांधी और सोनिया गांधी की एक तस्वीर भी सोशल मीडिया पर खूब छाई रही। जिसमें राहुल गांधी अपने मां के जूते के फीते बांधते दिखाई दे रहे हैं। इस तस्वीर को सोशल मीडिया पर खूब सराहा गया।

बुजुर्ग महिलाए राहुल गांधी से मुलाकात के लिए काफी उत्सुक नजर आती है। राहुल गांधी महिला का हाथ पकड़कर चलने लगते हैं। इस दौरान बार बार इस महिला का मास्क नीचे खिसकाने लगता है। महिला का पूरा फोकस राहुल गांधी पर होता है। इसीलिए वो मास्क संभाल नहीं पाती।ये देख राहुल गांधी महिला की मदद करते हैं। राहुल गांधी खुद रुक कर इस महिला को सही तरीके से मास्क पहनने लगते हैं। राहुल गांधी का ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

जिस तरह भारत जोड़ो यात्रा में आम लोगो का समर्थन और उत्साह देखने को मिल रहा है इससे लगता है कि कांग्रेस कार्यकर्ताओ में जरूर जोश और हौसला मिल रहा है। ये जोश और लोगो का समर्थन आने वाले चुनावों में कितना फायदा कांग्रेस को मिल पता है ये अभी कहना जल्दबाजी होगा।

इधर भारतीय जनता पार्टी की पूरी कोशिश है कि भारत जोड़ो यात्रा को विफल साबित करे। कर्नाटक में यात्रा के आने के बाद हफ़्ते में दूसरी बार बीजेपी के कन्नड़ अख़बारों में पूरे पन्ने का विज्ञापन दिया है जिसमें कांग्रेस और उनके नेताओं पर कई आरोप लगाए गए हैं। एक कन्नड़ अख़बार में गुरुवार को एक विज्ञापन छपा जो कि किसी आम दिन की ख़बरों जैसा नज़र आ रहा था. फ़र्क सिर्फ़ इतना था कि ये पुरानी ख़बरे थीं जिनमें कांग्रेस की आलोचना की गई थी।

पहली कहानी में बताया गया है कि राहुल गांधी नवंबर 2008 में हुए आतंकी हमलों के दौरान पार्टी कर रहे थे. इस पन्ने पर एक और ख़बर छपी है जिसमें लिखा गया है कि उस वक्त के मुख़्यमंत्री सिद्धारमैया ने पॉपुलर फ़्रंट ऑफ़ इंडिया के सदस्यों को जेल से रिहा करवाया था. इस संस्था पर हाल में ही केंद्र सरकार ने बैन लगाया है।

मुख्य लेख के बगल में लगा एक और लेख स्पीकर रमेश कुमार के भाषण के बारे में है कि कार्यकर्ताओं ने पिछले तीन दशकों में बहुत कमाई कर ली है और अब पार्टी को वापस करने का समय है. इस कहानी में रमेश कुमार के उस बयान का ज़िक्र नहीं है जिसमें उन्होंने कहा था कि उनकी बातों को तोड़ मरोड़ कर पेश किया गया था।

इस पन्ने पर कर्नाटक के पार्टी प्रेसिडेंट डीके शिवकुमार के ख़िलाफ़ ईडी द्वारा दायर की गई चार्जशीट का भी ज़िक्र है. पन्ने के दाहिनी तरफ़ नेशनल हेराल्ड मामले से जुड़ी एक ख़बर है जिसमें सोनिया गांधी, राहुल गांधी और दूसरे कांग्रेस नेताओं का ज़िक्र है. इसी ख़बर के नीचे कोने में छोटे अक्षरों में लिखा है कि इसे बीजेपी ने प्रकाशित करवाया है।