अगर किचन में हो रहा है गैस लीक तो तुरंत करें ये काम

रविवार दिल्ली नेटवर्क

नई दिल्ली: देशभर में आज करोड़ों घरों में एलपीजी गैस सिलेंडर का इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे महिलाओं का जीवन बहुत आसान हो गया है. एक तरफ जहां गैस सिलेंडर किसी वरदान से कम नहीं है। लेकिन वहीं अगर आप लापरवाही बरतें तो गैस सिलेंडर कई बार जानलेवा भी हो सकता है। अक्सर घरों में गैस सिलेंडर लीकेज की समस्या होती रहती है। इसे नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है।

पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की ओर से यह आश्वासन दिया गया
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर जनता को जानकारी दी है कि गैस रिसाव की स्थिति में क्या करना चाहिए। इसके साथ ही लोगों को मदद के लिए एक इमरजेंसी नंबर भी दिया गया है।

गैस रिसाव की स्थिति में आपातकालीन सेवा नंबर 1906 पर कॉल करें
पेट्रोलियम मंत्रालय के मुताबिक, अगर आपके घर में गैस लीकेज हो रही है तो घबराएं नहीं। अपने आप को शांत रखें। इसके बाद सबसे पहले अपने गैस सिलेंडर के रेगुलेटर को बंद कर दें। गैस सिलेंडर को बंद करके गैस रिसाव को रोका जा सकता है।

इसके बाद गैस लीकेज आपातकालीन सेवा नंबर 1906 पर कॉल करें। मंत्रालय की जानकारी के मुताबिक, अगर आप आपातकालीन नंबर 1906 पर कॉल करते हैं तो दो से चार घंटे के भीतर आपकी समस्या का समाधान हो सकता है।