राष्ट्रमंडल खेलों में ध्यान पेनल्टी कॉर्नर पर रणनीति को अमली जामा पहनाने व बेहतर निशानेबाजी पर : शॉपमैन

हमारे खेलने का तरीका बदल चुका है, कौशल और निखारने में जुटीं

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : भारतीय महिला हॉकी टीम नीदरलैंड और स्पेन में हाल ही में सम्पन्न एफआईएच विश्व कप में निराशाजनक प्रदर्शन कर दसवें स्थान पर रही। अब भारतीय महिला हॉकी का पूरा ध्यान 28 जुलाई से बर्मिंघम में शुरू हो रहे राष्ट्रमंडल खेलों में कामयाब प्रदर्शन करने पर है। भारत की महिला हॉकी टीम ने राष्ट्रमंडल खेलों मे 2002 में मैनचेस्टर में हुए स्वर्ण पदक और 2006 में मेलबर्न रजत पदक जीता था। बीते बरस भारत की महिला हॉकी टीम ने टोक्यो ओलंपिक में यादगार प्रदर्शन कर चौथा स्थाना पाया।

भारत की चीफ कोच यांकी शॉपमैन ने नॉटिंघम से मंगलवार को वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस में राष्ट्रमंडल खेलों की बाबत बातचीत में कहा, ‘विश्व कप में हमारा प्रदर्शन नतीजों के लिहाज से अच्छा नहीं रहा, लेकिन हमने बहुत पेनल्टी कॉर्नर बनाए और कुल मिलाकर हमारी टीम अच्छा खेली। कुल मिलाकर पेनल्टी कॉर्नर अपनी रणनीति को अमली जामा नहीं पहना सके थे। अब हम राष्टï्रमंडल खेलों मे ध्यान पेनल्टी कॉर्नर पर रणनीति को अमली जामा पहनाने व बेहतर निशानेबाजी पर लगा रहे हैं। हम इसी के मुताबिक राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारी कर रहे हैं। हम कौशल को और निखारने में जुटी हैं। हमारे खेलने का तरीका बदल चुका है। हम पहले की तरह ज्यादा जोर बचाव पर देने की बजाय आक्रामक हॉकी खेलने पर लगा रही है। अब बाकी अन्य टीमें इसीलिए अपना ध्यान हमारे खिलाफ अपने किले की चौकसी पर ज्यादा लगा रही है। रही बात इंग्लैंड में चल रही गर्म हवा की तो मौसम गर्म जरूर है लेकिन हम भुवनेश्वर में इससे भी ज्यादा गर्म और उमस में अभ्यास कर चुके हैं। हमने अभी बर्मिंघम की टर्फ नहीं देखी है लेकिन यह जैसी भी हो हमें स्थितियों का हर लिहाज से बेहतर इस्तेमाल करना हैं।

हम आगे पेनल्टी कार्नर पा मेहनत करेंंगी : मोनिका
नॉटिंघम में राष्ट्रमंडल खेलों से पहले भारतीय महिला हॉकी टीम का का अभ्यास शिविर होगा। भारतीय महिला टीम की सीनियर खिलाड़ी मोनिका ने कहा,’ हमारे लिए विश्व कप में नतीजे हमारे उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहे पर कुल मिलाकर हमारा प्रदर्शन बुरा नहीं रहा। हम विश्व कप में शुरू में अच्छा खेले। हमने न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच में शुरू में बतौर टीम अच्छा आगाज किया लेकिन नतीजा हमारे हक में नहीं गया। हमने जो पेनल्टी कॉर्नर बनाए बदकिस्मती से उन्हें गोल में तब्दील नहीं कर पाए। हम आगे पेनल्टी कार्नर पा मेहनत करेंंगी।

हम आक्रामक हॉकी खेलना चाहती हैं : निकी प्रधान
भारतीय महिला टीम की सीनियर फुलबैक निकी प्रधान ने कहा,’ हमारी टीम में सभी खिलाड़ी उत्साह से भरी है। हम राष्टï्रमंडल खेलों में मैचों में अच्छा प्रदर्शन करना चाहती है। हम आक्रामक हॉकी खेलना चाहती हैं। हम विश्व कप में बहुत गोल नहीं कर पाई लेकिन उम्मीद है अब हालात बदलने मे कामयाब रहेंगी।’

सविता पूनिया की अगुआई वाली भारतीय टीम बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में पहले दौर में अपना अभियान 29 जुलाई को घाना (शाम साढ़े छह बजे से) के खिलाफ मैच से करेगी, 30 जुलाई को वेल्स (रात साढ़े 11 बजे से) से, 2 अगस्त को मेजबान इंग्लैड (शाम साढ़े छह बजे से) से तथा 3 अगस्त को कनाडा (दोपहर साढ़े तीन बजे) से भिड़ेगी।