भारतीय तटरक्षक बल ने अलीबाग के पास फंसे जहाज से भारतीय चालक दल के 14 सदस्यों को बचाया

Indian Coast Guard rescues 14 Indian crew members from stranded ship near Alibaug

रविवार दिल्ली नेटवर्क

अलीबाग : भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) ने 26 जुलाई को महाराष्ट्र के अलीबाग के तट पर फंसे जहाज, बल्क कैरियर जेएसडब्ल्यू रायगढ़ के भारतीय चालक दल के 14 सदस्यों का बचाया। आईसीजी समुद्री बचाव समन्वय केंद्र (एमआरसीसी) मुंबई को 25 जुलाई को जहाज से संकट कॉल प्राप्त हुई थी।

122 मीटर लंबा जहाज, जिसमें भारतीय चालक दल के 14 सदस्य सवार थे। अलीबाग से लगभग 01 समुद्री मील दूर चट्टानों पर फंस गया। इसने लंगर खींचने, इंजन कक्ष में पानी भरने और नियंत्रण खोने की सूचना दी। महाराष्ट्र तट पर अत्यंत विषम समुद्री परिस्थितियों और क्षेत्र में चट्टानों की उपस्थिति की पृष्ठभूमि में, हवाई जहाज से बचाव करना एकमात्र व्यावहारिक विकल्प था।

तदनुसार, आईसीजी ने 26 जुलाई, 2024 की सुबह बचाव अभियान शुरू किया। प्रतिकूल मौसम का सामना करते हुए, तटरक्षक बल के हेलीकॉप्टर ने बल्क कैरियर से चालक दल के सभी 14 सदस्यों का सफलतापूर्वक बचाव किया। चालक दल के सदस्यों को अलीबाग समुद्र तट पर सुरक्षित रूप से उतारा गया, जिसमें किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

आईसीजी स्टेशन मुरुद जंजीरा वर्तमान में नाविकों को आगे की चिकित्सा व अन्य सहायता प्रदान करने के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहा है। पोत और आसपास के वातावरण की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्थिति पर बारीकी से नज़र रखी जा रही है।