भारत की महिला हॉकी टीम ने न्यूजीलैड को 3-1 से हरा कर दर्ज की पहली जीत

  • भारत के लिए संगीता, ब्यूटी व उदिता ने किया एक-एक गोल
  • अमेरिका ने इटली को हरा दर्ज की लगातार दूसरी जीत

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : नौजवान आदिवासी स्ट्राइकर संगीता कुमारी और ब्यूटी डुंगडुंग के पहले क्वॉर्टर में दागे एक-एक मैदानी तथा उदिता के पेनल्टी कॉर्नर पर दागे एक गोल से भारत की महिला हॉकी टीम ने न्यूजीलैड को रांची के मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में ओलंपिक क्वॉलिफायर्स, 2024 में पूल बी में अपने दूसरे मैच में रविवार को 3-1 से हरा कर पहली जीत के साथ अपनी उम्मीदें बरकरार रखी। भारतीय महिला हॉकी टीम पूल बी में अपने पहले मैच में शनिवार को बराबर मैदानी और पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करने के आधा दर्जन गंवाने के चलते 0-1 से हार गई थी। वहीं एशले सेसा के दूसरे क्वॉर्टर में दागे मैदानी और एशले हॉफमैन के चौथे और आखिरी क्वॉर्टर में पेनल्टी कॉर्नर पर दागे एक एक गोल की बदौलत 2-0 से हराकर पूल बी में लगातार दूसरी जीत दर्ज की।

भारत की न्यूजीलैंड पर पिछले दस मैचों में यह पहली जीत है। भारत की महिला हॉकी टीम ने 2022 के राष्ट्रमंडल खेलों में अपना पिछला मैच एक-एक गोल से ड्रॉ खेला था। न्यूजीलैंड ने पूल बी में अपना अभियान इटली को 3-0 से हराकर किया था।

भारत और न्यूजीलैंड के मैच में सभी चार गोल पहले क्वॉर्टर में हुए। समडेगा की तेज तर्रार स्ट्राइकर संगीता कुमारी ने आक्रामक मिडफील्डर नेहा गोयल और सलीमा टेटके बेहतरीन अभियान पर डी के भीतर गेंद संभाल हॉकी कलाकारी दिखाते हुए पहले ही मिनट में बेहतरीन मैदानी गोल कर भारत का खाता खोलाा। तुरंत बाद न्यूजीलैंड को पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन गेंद ही ठीक ासे नहीं रुकी। भारत ने धीमे धीमे दबाव बढ़ाया। मेघन हल ने आठ मिनट बाद मिले पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदल कर न्यूजीलैंड को एक-एक की बराबरी दिला दी। तीन मिनट बाद ललरेमसियामी को गलत ढंग से रोकने पर मिले पेनल्टी कॉर्नर को उदिता ने गोल कर भारत को 2-1 से कर दिया। झारखंड की सलीमा टेटे के बढिय़ा पास पर उनके ही राज्यदकी और ब्यूटी डुंगडुंग ने अपने नाम के मुताबिक हॉकी ‘ब्यूटी’ दिखा खूबसूरत मैदानी गोल कर टीम को पहला क्वॉर्टर होने से पहले ही 3-1 से आगे कर दिया।

भारत की महिला हॉकी टीम की अग्रिम पंक्ति में ब्यूटी, दीपिका और ललरेमसियामी ने आक्रामक मिडफील्डर सलीमा टेटे और नेहा गोयल द्वारा बराबर आगे बढ़ाई गेंद पर न्यूजीलैंड के गोल पर हमलों का तांता बांध कर दबाव बनाया। न्यूजीलैंड की टीम ने बराबरी पाने की कोशिश में तीसरे क्वॉर्टर में पूरी ताकत आक्रमण में झोंक दी और कुछ पेनल्टी कॉर्नर भी हासिल की लेकिन भारत की रक्षापंक्ति में खुद कप्तान गोलरक्षक सविता ने पूरी मुस्तैदी से अपने किले की चौकसी कर उसके गोल नहीं करने दिया। भारत की रक्षापंक्ति की तारीफ करनी होगी कि उन्होंने न्यूजीलैंड के हवा में लंबे स्कूप से गेंद को आगे बढ़ाने की कोशिश को बीच में ही गेंद रोक कर बेकार कर दिया,। भारत ने पहले क्वॉर्टर की 3-1 की बढ़त को आखिर तक कायम रख कर जीत के साथ पूरे तीन अंक पाए। भारत अब अपने अंतिम पूल मैच में इटली से 16 जनवरी को भिड़ेगा