- पहले, दूसरे व तीसरे पर रहने वाली टीमें सीधे विश्व कप के लिए क्वॉलिफाई करेंगी
- कप्तान सलीमा बोली, सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर महिला हॉकी विश्व कप 2026 में स्थान पक्का करने उतरेंगे
सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली : मेजबान भारत आठ देशों के एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप क्वॉलिफायर्स 2026 हैदराबाद, तेलंगाना से इस साल अगस्त में होने वाले महिला हॉकी विश्व कप में अपना स्थान पक्का करने के मकसद से उतरेगा। भारत अपना अभियान रविवार को उरुग्वे के खिलाफ पूल बी में शुरू करेगा। इस टूर्नामेंट में मेजबान भारत, इंग्लैंड, स्कॉटलैंड, दक्षिण कोरिया, इटली, उरुग्वे, वेल्स और ऑस्ट्रिया सहित आठ टीमें शिरकत करेंगी। इस टूर्नामेंट में पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाली शीर्ष तीन टीमे सीधे महिला हॉकी विश्व कप 2026 के लिए क्वॉलिफाई करेंगी।
पुरुष और महिला हाकी विश्व कप 2016 में 16 -16 टीमें शिरकत करेंगी। महिला हॉकी विश्व कप क्वॉलिफायर्स 2026 हैदराबाद में शिरकत करने वाली आठ टीमों को चार चार टीमों के दो पूल ए और बी में बांटा गया है। भारत पूल ए में इंग्लैंड, दक्षिण कोरिया, इटली व अऑस्ट्रिया की टीमें है। भारत पूल बी में स्कॉटलैंड, उरुग्वे व वेल्स के साथ है। दोनों पूल से शीर्ष दो दो टीमें सेमीफाइनल में स्थान बनाएंगी। दोनों सेमीफाइनलों की विजेता टीमें तथा कांसा जीतने वाली टीमें सीधे महिला हॉकी विश्व कप के लिए क्वॉलिफाई करेंगी। एफआईएच महिला विश्व रैंकिंग के मुताबिक चौथी सर्वोच्च वरीयता प्राप्त टीम को भी विश्व कप में हिस्सा लेने का मौका मिलेगा
फिलहाल एफआईएच महिला हॉकी विश्व रैंकिंग में भारत की महिला हॉकी टीम नौवें स्थान पर है और दुनिया की सातवें नंबर की टीम इंग्लैंड के बाद दूसरी सर्वोच्च रैंकिग वाली टीम है। भारत को अपने घर में खेलने का लाभ मिलेगा। भारत अपने घरेलू दर्शकों के समर्थन के सहारे मजबूत प्रदर्शन कर महिला हॉकी विश्व कप के लिए क्वॉलिफाई करने का सपना संजोए है। भारत 8 मार्च को उरुग्वे के खिलाफ अपना अभियान शुरू काने के बाद 9 मार्च को स्कॉटलैंड व 11 मार्च को वेल्स से भिड़ेगा। भारत की टीम 1974 में पहले महिला हॉकी विश्व कप में चौथे स्थान पर रही और यही उसका अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
चीफ कोच हरेन्द्र सिंह के अपने पद से इस्तीफा देने के बाद दुबारा यह जिम्मेदारी संभालने वाले नीदरलैंड के शुएर्ड मराइन के मार्गदर्शन में भारत का महिला हॉकी विश्व कप क्वॉलिफायर्स 2026 हैदराबाद पहला टूर्नामेंट होगा।
भारत की कप्तान सलीमा टेटे ने कहा,‘ हम अपने ही दर्शकों के सामने महिला हॉकी विश्व कप क्वॉलिफायर्स 2026 हैदराबाद में खेलने को ले रोमांचित हैं। हमारी टीम ने इस टूर्नामेंट के लिए शिद्दत से तैयारी की है क्योंकि हम जानते हैं इसमें क्या दांव पर है। इसमें शिरकत करने वाली हर टीम एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप 2026 में स्थान पाने के लिए खेलेगी और ऐसे में हमें संघर्षपूर्ण मैचों की उम्मीद है। हैदराबाद में खेलना खास होगा। दर्शकों का समर्थन हमेशा बढ़िया प्रदर्शन करने को प्रेरित करता है। हम इस टूर्नामेंट से अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर महिला हॉकी विश्व कप 2026 में स्थान पक्का करने उतरेंगे।’





