महिला यूथ हॉकी 5 एशियन चैंपियनशिप के तैयारी शिविर के लिए भारत की 15 सब जू. लड़कियों के ग्रुप की घोषणा

India's 15-member sub-junior girls' squad announced for the Women's Youth Hockey 5s Asian Championship preparation camp

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : हॉकी इंडिया ने महिला यूथ हॉकी 5 एशियन चैंपियनशिप 2026 के भोपाल में लगाए 18 जुलाई तक चलने वाले तैयारी शिविर के लिए भारत की 15 सब जूनियर लड़कियों के ग्रुप की घोषणा की ।यूथ हॉकी 5 एशियन चैपियनशिप के लिए चुनी गई 15 सब जूनियर लड़कियां भारत की पूर्व कप्तान हॉकी ओलंपियन कोच रानी रामपाल के मार्गदर्शन में शिविर में शिरकत करेंगी। तैयारी शिविर हॉकी इंडिया के उस बड़ी सोच का हिस्सा है, जिसका मकसद अलग अलग आयु वर्गो में प्रतिभाओं की एक मजबूत और स्थायी पाइपलाइन तैयार करना है। इस साल के शुरू में हॉकी इंडिया ने जापान में अंडर 18 एशिया कप 2026 से पहले जहां भारतीय महिला टीम ने कांसा जीता था, एक महीने का राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर लगाया था। हॉकी इंडिया का लक्ष्य सब जूनियर स्तर पर बराबर व्यवस्थित शिविर लगाने के साथ अंतर्राष्ट्रीय मैचों में खेलने के मौके देकर प्रतिभाओं का मजबूत पूल तैयार करना है। यह पूल बेशक जूनियर अंडर 21 से आगे और भविष्य में सीनियर राष्ट्रीय टीमों को मजबूत बनाने में मददगार साबित होगा। इस तरह की पहल हॉकी इंडिया के उस दीर्घकालिक लक्ष्य के लिए बेहद अहम है, जिसका मकसद अपनी दूसरी पंक्ति को तैयार करने के साथ वैश्विक स्तर पर भारतीय हॉकी की लगातार कामयाबी को पक्का करना है।

फोकस खिलाड़ियो को हॉकी 5 की जरूरतों को समझने में मदद करना : रानी रामपाल

शिविर की बाबत हॉकी कोच रानी रामपाल ने कहा ,‘ महिला यूथ हॉकी 5 एशियन चैंपियनशिप नौजवान लड़कियों के लिए कम उम्र में अहम अंतर्राष्ट्रीय अनुभव हासिल करने का बेहतरीन मौका है। यह पहला मौका होगा, जब सब जूनियर टीमें इस तरह की चैंपियनशिप में शिरकत करेंगी। हमारा फोकस खिलाड़ियो को हॉकी 5 की जरूरतों को समझने में मदद करना है। साथ ही हमारी कोशिश इन नौजवान लड़कियों के मूलभूत हॉकी कौशल को मजबूत करने के साथ रणनीतिक रूप से भी जागरुक करने की रहेगी। मैं मध्य प्रदेश सरकार का भोपाल में इस तरह का शिविर आयोजित करने के लिए उसका आभार जताना चाहूंगी। मध्य प्रदेश सरकार के सहयोग से लगाए जाने वाले ये प्रशिक्षण शिविर भारतीय हॉकी के भविष्य के लिए प्रतिभा की मजबूत पाइपलाइन बनाने के साथ जमीनी स्तर पर इको सिस्टम को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाते हैं।’

यूथ हॉकी 5 एशियन चैंपियनशिप 2026 के लिए चुनी गई 15 सब जूनियर लड़कियां वहीं हैं, जिन्होंने बराबर घरेलू हॉकी औार पिछले राष्ट्रीय शिविरों में बराबर प्रभावशाली प्रदर्शन किया है। इस शिविर में पूरा जोर हॉकी कौशल यानी गोल करने की क्षमता को बेहतर करने, हॉकी की रणनीतिक समझ, फिटनेस कंडीशनिंग और हॉकी5s के तेज़-तर्रार फ़ॉर्मेट के हिसाब से खुद को ढालने पर रहेगा।

यूथ हॉकी 5 एशियन चैंपियनशिप 2026 के लिए चुनी गई 15 सब जूनियर लड़कियां हैं : रश्मिन कौर, रूबिना बाक्सला, नैंसी सरोहा, पुष्पा मांझी, खिली कुमारी, किरण एक्का, स्वीटी कुजूर, स्नेहा दावड़े, नौशीन नाज, श्रुति कुमारी, नीलम टोपनो, प्रियंका मिंज, दिया, संदीपा कुमारी, महक परिहार।