मंगलवार को अजमेर में ऋषि घाटी श्मशान में होगा अंतिम संस्कार
गोपेन्द्र नाथ भट्ट
जयपुर/नई दिल्ली : राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी की पत्नी इंदिरा देवनानी का सोमवार को सायं जयपुर के सवाई मान सिंह हॉस्पिटल ( एसएमएस) में निधन हो गया। वे 29 अक्टूबर से एसएमएस हॉस्पिटल की गहन चिकित्सा यूनिट में भर्ती थी। मंगलवार को उनके पैतृक निवास अजमेर में ऋषि घाटी श्मशान में उनका अंतिम संस्कार होगा। उनकी पार्थिव देह को प्रातः छह बजे जयपुर से अजमेर ले जाया जाएगा जहां उनकी अंतिम यात्रा अजमेर स्थित निवास से प्रातः 10.30 बजे ऋषि घाटी श्मशान गृह के लिए रवाना होगी । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और प्रदेश के कई मंत्री तथा नेता मंगलवार को प्रातः अजमेर पहुंच कर इंदिरा देवनानी के अन्तिम संस्कार में शामिल होंगे।
इंदिरा देवनानी के निधन का समाचार मिलते ही जयपुर अजमेर के साथ ही पूरे राजस्थान में शोक की लहर व्याप्त हो गई। इंदिरा देवनानी की पार्थिव देह को एसएमएस अस्पताल से देवनानी के सिविल लाइन स्थित राजकीय निवास पर लाया गया।
राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने वासुदेव देवनानी के सिविल लाइन्स स्थित राजकीय निवास पहुंच कर पार्थिव देह पर पुष्प चक्र चढा कर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की और देवनानी और उनकर पुत्र महेश देवनानी तथा परिवार जनों को ढांढस बंधाया। प्रदेश के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, पूर्व केन्द्रीय राज्य मंत्री सी आर चौधरी, प्रदेश के पूर्व चिकित्सा मंत्री दुरू मियां,आर एस एस के प्रकाश जी भाई साहब, अन्य कई नेता गण , वरिष्ठ अधिकारी और मीडिया प्रतिनिधि भी शोक व्यक्त करने देवनानी के निवास स्थान पर पहुंचे। विधानसभा के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी गहरा शोक व्यक्त करते हुए अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला,पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया, सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर,केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत,अर्जुनराम मेघवाल, भूपेन्द्र यादव, अश्विनी वैष्णव, भागीरथ चौधरी के साथ ही राज्य के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी की धर्मपत्नी श्रीमती इंद्रा देवी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। प्रदेश की उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी एवं डॉ प्रेम चन्द बैरवा,चिकित्सा और स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर , कैबिनेट मंत्री राज्य वर्धन सिंह राठौर,जोगाराम पटेल आदि ने भी अपना गहरा शोक जताया।
प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष मदन राठौड़,पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और अशोक गहलोत, विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता टीकाराम जूली, पूर्व विधानसभाध्यक्ष डॉ सी पी जोशी, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा, सांसद पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सी पी जोशी, दुष्यंत सिंह,पी पी चौधरी आदि ने भी विधानसभा अध्यक्ष देवनानी को शोक सन्देश भेज कर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की है।
				
					




