
दीपक कुमार त्यागी
दिल्ली : चांदनी चौक से सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने कहा है की दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा कांवड़ यात्रा समितियों के लिए डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) लागू करने का निर्णय केवल एक नीतिगत बदलाव नहीं है, बल्कि यह आम आदमी पार्टी के शासनकाल की अव्यवस्था और भ्रष्टाचार पर निर्णायक विराम है। वर्षों तक कांवड़ यात्रा को राजनीतिक लाभ और पक्षपात का माध्यम बना दिया गया, जहां बिचौलियों का बोलबाला रहा और असली आयोजक उपेक्षित होते रहे। अब वह अध्याय समाप्त हो चुका है।
प्रवीन खंडेलवाल ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं है, यह आस्था, अनुशासन और जनसेवा का सशक्त प्रतीक है। लेकिन AAP सरकार के दौरान इसे गलत तरीके से संचालित किया गया और इसका दुरुपयोग हुआ।
दिल्ली सरकार का यह कदम एक लंबे समय से प्रतीक्षित सुधार है।
उन्होंने कहा की डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर यह सुनिश्चित करता है कि यात्रियों की सेवा करने वाले आयोजकों तक सीधे धन पहुंचे। इससे वित्तीय रिसाव रुकेगा, मनमानी समाप्त होगी और पूरी प्रक्रिया में गरिमा और पारदर्शिता आएगी।
यही है भाजपा का शासन मॉडल — स्वच्छ, पारदर्शी और जनहित व आस्था की भावना से प्रेरित। अब कांवड़ यात्रा को वह सम्मान और सहयोग मिलेगा, जिसकी उसे वर्षों से प्रतीक्षा थी।