महिलाओं की 10,000 मीटर रेस के फाइनल में महाराष्ट्र की संजीवनी जाधव ने पुरुष वर्ग में हिमाचल के सावन बरवाल ने जीता स्वर्ण पदक

Maharashtra's Sanjivani Jadhav won the gold medal in the men's category while Himachal's Sawan Barwal won the gold medal in the women's 10,000 meter race final

रविवार दिल्ली नेटवर्क

देहरादून : उत्तराखण्ड ने 38वें राष्ट्रीय खेल की महिलाओं की 10,000 मीटर रेस के फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत और कांस्य पदक अपने नाम किए। इस रोमांचक दौड़ में महाराष्ट्र की संजीवनी जाधव ने 33:33.47 के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता।

अंकिता ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 34:31.03 के समय के साथ रजत पदक और सोनिया ने 35:45.19 के समय के साथ कांस्य पदक जीतकर उत्तराखंड की मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।

खेल के बाद अपनी खुशी जाहिर करते हुए अंकिता ने कहा कि मैंने हाल ही में ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व किया था और अब राष्ट्रीय खेलों में 10,000 मीटर दौड़ में रजत पदक जीता है। इस उपलब्धि पर मुझे गर्व है और मुझे यह भी खुशी है कि इस साल के राष्ट्रीय खेल उत्तराखंड में हो रहे हैं।

सोनिया ने भी अपनी जीत पर खुशी जताते हुए कहा कि यह मेरे लिए बहुत खास है। मैंने कभी सोचा भी नहीं था कि मैं पदक जीतूंगी, लेकिन कड़ी मेहनत और समर्पण से यह संभव हो पाया। यह जीत मेरे लिए बहुत मायने रखती है।”

अंकिता और सोनिया के इस शानदार प्रदर्शन ने उत्तराखण्ड को गर्व महसूस कराया है और राज्य की खेल नीति को मजबूती दी है। उनकी इस सफलता ने आने वाले खिलाड़ियों के लिए एक ऊंचा स्तर तय किया है, जिससे उत्तराखंड के एथलेटिक्स में उज्ज्वल भविष्य की उम्मीदें और प्रबल हो गई हैं।

वहीं पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ में हिमाचल प्रदेश के सावन बरवाल ने स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। उन्होंने 28:49.93 मिनट में दौड़ पूरी कर जीत दर्ज की। महाराष्ट्र के किरन मात्रे ने 29:04.76 मिनट के समय के साथ रजत पदक हासिल किया जबकि मध्य प्रदेश के विनोद सिंह ने 29:43.60 मिनट में दौड़ पूरी कर कांस्य पदक अपने नाम किया।