दिल्ली-एनसीआर में ठंड की विदाई अभी नहीं …आंधी, बारिश,ओले…पिक्चर अभी बाकी है

संदीप ठाकुर

14 जनवरी …मकर संक्रांति के साथ ही सूर्य उत्तरायण और ठंड की विदाई।
ऐसा हम लाेगाें का माइंड सेट है। लेकिन अब इस माइंड सेट से बाहर निकलिए
क्योंकि ग्लोबल वार्मिंग के इस दौर में ठंड की विदाई मकर संक्रांति के
बाद नहीं हाे रही है। इन दिनों दिल्ली-एनसीआर में फिलहाल शीतलहर का
प्रकोप है। लोगों को सुबह और शाम के समय ठंड से परेशानी हो रही है। कुछ
दिन से धूप खिलने से सर्दी से मामूली राहत मिलती है। लेकिन अगले हफ्ते की
शुरुआत में लोगों को आंधी, बारिश और ओले भी परेशान करेंगे। वैसे तो 19
जनवरी से ही मौसम बिगड़ैल हाेना शुरू हाे जाएगा। मौसम की ये गतिविधियां
23 और 24 जनवरी को अपने पीक पर होंगी। पूर्वानुमान के अनुसार इस
सर्दियों के सीजन की यह पहली बारिश होगी। ओले भी गिरने के आसार हैं। इसे
लेकर मौसम विभाग ने चेतावनी जारी कर दी है। ऐसे में 26 जनवरी को लेकर हो
रही परेड की तैयारियों में भी खराब मौसम का असर पड़ सकता है।

19 जनवरी को रात में बूंदाबांदी हो सकती है। अधिकतम तापमान 22 और न्यूनतम
तापमान 6 डिग्री के करीब रहेगा। 20 से 22 जनवरी से बीच मध्यम से घना
कोहरा परेशानी बढ़ाएगा। इस दौरान अधिकतम तापमान बढ़कर 23 से 24 डिग्री के
आसपास और न्यूनतम तापमान 7 से 8 डिग्री के आसपास पहुंच सकता है। 23 जनवरी
से तेज हवाओं और बारिश का दौर शुरू होगा।मौसम विभाग के वैज्ञानिक डॉ. आर.
के. जेनामनी के अनुसार 21 से 25 जनवरी के बीच उत्तर-पश्चिमी भारत में एक
वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर रहेगा। आंधी व बारिश की गतिविधियां दिल्ली
समेत मैदानी इलाकों में 22 जनवरी से शुरू हो जाएंगी। सबसे अधिक असर 23 व
24 जनवरी को रहेगा। इस वजह से दिल्ली-एनसीआर में 22 जनवरी को हल्की बारिश
शुरू हो जाएगी। इसके बाद 23 व 24 जनवरी को अधिकांश इलाकों में मध्यम स्तर
की बारिश होगी। 25 जनवरी को कुछ जगहों पर हल्की बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में 23 व 24 जनवरी को ओले गिरने की
संभावना है। कुछ जगहों पर इस दौरान काफी अधिक ओले भी गिर सकते हैं।
स्थिति महज बारिश और ओलों तक ही सीमित नहीं रहेगी, बल्कि बारिश के साथ
आंधी भी चलेगी। 23 व 24 जनवरी को 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार
से हवाएं भी चलेंगी। कुछ जगहों पर इनकी रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक
रह सकती है।