77वें राजस्थान स्थापना दिवस पर देश की राजधानी नई दिल्ली में 15 मार्च 2026 को राजस्थान दिवस का भव्य समारोह होगा

On the occasion of 77th Rajasthan Foundation Day, a grand celebration of Rajasthan Day will be held on 15 March 2026 in the country's capital New Delhi

  • दिल्ली में अब तक के सबसे बड़े घूमर के लिए प्रवासी राजस्थानियों में भारी उत्साह
  • 10 प्रवासी भामाशाहों और 5 समाजसेवियों को भी सम्मानित किया जायेगा

नीति गोपेन्द्र भट्ट

नई दिल्ली : राजस्थान फाउंडेशन के दिल्ली चैप्टर और राजस्थानी मित्र मण्डल द्वारा दिल्ली में प्रवासी राजस्थानियों की 34 प्रमुख संस्थाओं द्वारा सयुंक्त तत्वावधान में 77वें राजस्थान स्थापना दिवस के अवसर पर नई दिल्ली के आध्यात्म साधना केन्द्र, छतरपुर में 15 मार्च 2026 को राजस्थान दिवस का भव्य समारोह होगा।

राजस्थान फाउंडेशन दिल्ली चैप्टर के अध्यक्ष सीए आर ए किला ने बताया कि इस मौके पर आयोजित होने वाले भव्य सांस्कृतिक आयोजन *आपणी गणगौर” में दिल्ली के अब तक के सबसे बड़े महाघूमर नृत्य के लिए प्रवासी राजस्थानियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है तथा कई महिला कलाकारों ने इस मेगा इवेंट के लिए अपना पंजीयन करा लिया है।

किला ने अवगत कराया कि इस समारोह के लिए केन्द्रीय मंत्रियों, राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा,विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, राजस्थान मंत्रिपरिषद के सदस्यों सहित अन्य कई गणमान्य अतिथियों को आमंत्रित किया गया है ।

सीए आर के किला ने बताया कि राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने इस वर्ष से राजस्थान स्थापना दिवस को अंग्रेजी तिथि तीस मार्च के बजाय स्थापना की हिन्दू तिथि के अनुसार मनाने का निर्णय लिया है । इस क्रम में आगामी पन्द्रह मार्च को राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली के आराध्य साधना केन्द्र, छतरपुर में दोपहर 2:00 बजे से आपणो गणगौर महोत्सव सांस्कृतिक कार्यक्रम के अन्तर्गत महाघूमर का आयोजन होगा, जिसमें लगभग 1000 प्रवासी राजस्थानी परिवारों की महिलाएं सामूहिक रूप से घूमर नृत्य प्रस्तुत करेंगी।सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने वाली कुल 30 टीमों में प्रथम तीन विजेताओं को रु.51000, 31000 और 21000 के नगद पुरस्कार दिए जाएँगे।

किला ने बताया कि इस अवसर पर राजस्थान के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाले और अपनी उत्कृष्ट सेवा और योगदान देने वाले व्यक्तियों के साथ ही समारोह में पिछले पांच वर्षों में राजस्थान में न्यूनतम 5 करोड़ रुपये का निवेश या उल्लेखनीय योगदान देने वाले 10 भामाशाहों और 5 समाजसेवियों को भी सम्मानित किया जायेगा, जिनके कार्यों से राजस्थान में लगभग 1000 या उससे अधिक लोगों के जीवन पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा हो। ये सभी नामांकित व्यक्ति मूलतः राजस्थान के तथा वर्तमान में दिल्ली में रहने वाले होंगे। ऐसे व्यक्तियों से अपना नामांकन संपूर्ण विवरण के साथ 24 फरवरी, 2026 तक ई मेल thermm2017@gmail.com पर प्रेषित करने का अनुरोध किया गया है ।

सभी प्राप्त नामों का चयन आरएमएम के मुख्य संरक्षक, के सी जैन की अध्यक्षता में गठित एक विशिष्ट समिति द्वारा किया जाएगा तथा राजस्थान सरकार से इनका अनुमोदन भी कराया जाएगा ।

राजधानी दिल्ली में पहली बार आयोजत होने वाले अपने ढंग के पहले मेगा घूमर फेस्टिवल के लिए अभी भी निःशुल्क पंजीयन लिंक https://linktr.ee/ptailor222 पर किया जा रहा है। इसके लिए दिल्ली में सभी प्रवासी राजस्थानी संस्थाओं के महिला दल, राजस्थानी मित्र मंडल के कनिष्क यादव के मोबाइल नंबर +91 85879 03175 पर संपर्क कर भी अपना पंजीयन करवा सकते है।

किला ने बताया कि यह उत्सव इस बार विशेष रूप से मातृ शक्ति को समर्पित किया जा रहा है। जहाँ रंग, परंपरा, नारी शक्ति और संस्कृति एक साथ घूमर की लय में थिरकेंगे। किला ने समारोह की सहभागी संस्थाओं के अलावा दिल्ली एनसीआर में कार्यरत सभी प्रवासी राजस्थानी संस्थाओं से इस ऐतिहासिक क्षण का हिस्सा बनने और राजस्थान दिवस को गर्व से मनाने की अपील की गई है। किला ने बताया कि यह महाघूमर न केवल ऐतिहासिक होगी, बल्कि अपने ढंग की अनूठी,विशिष्ट ,गौरवपूर्ण और आकर्षक रहेगी । यह कार्यक्रम राज्य की सांस्कृतिक आत्मा, नारी शक्ति, लोक-परंपरा और एक राजस्थान एक पहचान का जीवंत प्रतीक होगा। दिल्ली–एनसीआर में निवास करने वाले हजारों प्रवासी राजस्थानी (एनएनआर) परिवारों, विशेषकर महिलाओं के लिए अत्यंत रोचक होगी। इस कार्यक्रम में लगभग 10,000 से अधिक लोगों की उपस्थिति रहने का अनुमान है। इस अवसर दाल बाटी चूरमा के साथ ही राजस्थान के व्यजनों को परौसा जाएगा ।