हमारा लक्ष्य राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतना : मनप्रीत सिंह

  • बीते कुछ महीनों में अपनी ताकत और कमजोरियों पर मेहनत की है
  • टीम में हर कोई पूरी शिद्दत से अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने को बेताब

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : सेंटर हाफ ओलंपियन मनप्रीत सिंह की अगुआई में भारत की पुरुष हॉकी टीम शनिवार को बेंगलुरू से बर्मिंघम में होने वाले 22वें राष्ट्रमंडल खेलों में शिरकत करने के लिए रवाना हो गई। बर्मिंघम राष्टï्रमंडल खेल 28 जुलाई से 8अगस्त तक होंगे। भारतीय पुरुष हॉकी टीम इन खेलों में पूल बी में मेजबान इंग्लैंड, कनाडा, वेल्स और घाना के साथ है। भारतीय पुरुष हॉकी टीम अपने अभियान का आगाज 31 जुलाई को घाना के खिलाफ मैच से करेगी।

भारत के कप्तान मनप्रीत सिंह ने कहा,’ हमारी टीम राष्ट्रमंडल खेलों में शिरकत करने को लेकर रोमांचित है। हम काफी समय से इन खेलों की तैयारियों में जुटे हैं। । हमारी निगाहें इन खेलों में दुनिया की कुछ बेहतरीन टीमों के खिलाफ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने पर लगी हैं। हमने बीते कुछ महीनों में अपनी ताकत और कमजोरियों पर मेहनत की है। हमारा लक्ष्य राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतना है और इसके लिए कोई कसर नहीं छोड़ेेंगे। एफआईएच पुरुष हॉकी प्रो हॉकी लीग में तीसरे स्थान पर रहने से हमें बर्मिंघम में राष्टï्रमंडल खेलों में मदद मिलेगी। प्रो लीग में हमें कड़ा मुकाबला मिला।’

उन्होंने कहा, ‘हमारी टीम में हर कोई पूरी शिद्दत से अपना सर्वश्रेष्ठï प्रदर्शन करने को बेताब है। फिलहाल हमारा फोकस बर्मिंघम पहुंच कर खुद को वहां के मौसम और स्थितियों के मुताबिक ढालने पर रहेगा। हम राष्ट्रमंडल खेलों में अपने पहले मैच में घाना के खिलाफ मजबूत आगाज करना चाहते हैं।’

भारतीय टीम अपना अभियान 31 जुलाई रविवार को घाना के खिलाफ भारतीय समयानुसार रात साढ़े आठ बजे से मैच खेल कर करेगी। मैच का प्रसारण सोनी नेट वर्क पर होगा।