
सुरेश सौरभ
मोदी जी हमारे भगवान हैं। वह इस कलयुग में कल्कि अवतार हैं। मोदी जी हमारे माई-बाप, पितामह, दादा, काका सब कुछ हैं। मोदी जी इस देश की जान हैं। आन हैं। शान हैं। सम्मान हैं। मोदी जी इस देश के प्रधानमंत्री हमेशा-हमेशा बने रहें, ऐसी मेरी हर देवी-देवता से करबद्ध प्रार्थना है।
मोदी जी हैं, तो हमारे देश की सब सीमाएं सुरक्षित हैं। जनता सुरक्षित है। देश सुरक्षित हाथों में है। देखो कैसे नल्ला पाकिस्तान थर-थर-थर मोदी जी के सामने कांप रहा है। तड़प रहा है। चीन हमारे मोदी जी के सामने रो रहा है, कलप रहा है। ट्रंप को कंडम गाड़ी का बेकार बोनट समझो भाई, जो बेकार में हर वक़्त भड़भड़ाता रहता है। हमारे वीर, धीर, धर्मात्मा, नाली से गैस बनाने के अविष्कारक अवतारी मोदी जी के सामने ट्रंप का टैरिफ बिलकुल धुंआ-धुंआ हो चुका है। ट्रंप की तिल भर औकात नहीं है कि वह हमारे मोदी जी के सामने, भारत का एक बाल बांका भी कर पाएं।
मोदी हमें चाहिए, हर हाल में चाहिए , हमें हर हाल में हिंदू राष्ट्र चाहिए। हमें स्कूल नहीं चाहिए ,कॉलेज नहीं चाहिए। अस्पताल नहीं चाहिए, रोजगार नहीं चाहिए, सड़कें नहीं चाहिए, विकास नहीं चाहिए, चाहिए तो सिर्फ और सिर्फ मोदी मोदी मोदी। मंदिर मंदिर।
कुछ खालिस्तानी, पाकिस्तानी नस्लीय किस्म के लोग, विदेशी फंड से वित्त पोषित टुकड़े-टुकड़े गैंग के लोग, राष्ट्र द्रोही विपक्षी लोग, मोदी जी पर वोट चोरी का बेवजह आरोप लगा रहे हैं, जो सरासर गलत है। निंदनीय है और जघन्य अपराध भी है। अगर मोदी जी को वोट चुराना ही होता, तो सारे विपक्ष का सफाया करके उन्हें पाकिस्तान कब का भेज चुके होते, पर हमारे मोदी जी ऐसा नहीं चाहते, क्योंकि वह भगवान हैं और भगवान कभी किसी का सपने में भी बुरा नहीं चाहता, जो लोग देश की एकता अखंडता को बाधा पहुंच रहे हैं, अशांति फैला रहें हैं, मोदी जी पर यानि उनके पालतू चुनाव आयोग पर निराधार झूठा आरोप लगा रहे हैं, वह सिर्फ मोदी ही विरोधी नहीं ,बल्कि देश विरोधी हैं। हिन्दू विरोधी हैं।