टीएमयू फार्मेसी क्रिकेट के कडे मुकाबले में फार्म डी फोर्थ ईयर टीम के सिर सजा ताज

Pharm D 4th Year team crowned champions in a tough TMU Pharmacy cricket match

रविवार दिल्ली नेटवर्क

तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी के फार्मेसी कॉलेज के स्पोर्ट्स वीक- मेडएथलॉन 2026 में वॉलीबाल, बास्केटबाल, बैडमिंटन, टंग ऑफ वार, ट्रैक एंड फील्ड, बॉक्स क्रिकेट, कबड्डी, चेस, कैरम के मुकाबले जारी

तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी, मुरादाबाद के फार्मेसी कॉलेज के स्पोर्ट्स वीक- मेडएथलॉन- 2026 की क्रिकेट प्रतियोगिता फाइनल के कडे मुकाबले में फार्म डी फोर्थ ईयर ने फैकल्टी की टीम को 02 विकेट से मात देकर खिताब अपने नाम किया। टास जीतकर फार्म डी की टीम ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए फैकल्टी की टीम निर्धारित 15 ओवर में 06 विकेट के नुकसान पर 136 रन ही बना पाई। फैकल्टी टीम के कप्तान अभिषेक आनन्द ने 25 गेंदों में 35 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। अपनी पारी में आनन्द ने 06 चौके भी जडे। 137 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी फार्म डी फोर्थ ईयर की टीम ने 14.2 ओवर में 08 विकेट खोकर लक्ष्य को प्राप्त कर लिया। फाइनल मुकाबले में हौसलाफजाई के लिए फार्मेसी कॉलेज के प्रिंसिपल प्रो. आशु मित्तल, वाइस प्रिंसिपल प्रो. मयूर पोरवाल आदि मौजूद रहे। स्पोटर््स वीक- मेडएथलॉन में क्रिकेट के अलावा वॉलीबाल, बास्केटबाल, बैडमिंटन, टंग ऑफ वार, ट्रैक एंड फील्ड, बॉक्स क्रिकेट, कबड्डी, चेस, कैरम आदि खेलों की ब्वायज़ एंड गर्ल्स की सिंगल्स और डबल्स की प्रतियोगिताएं भी हो रही हैं।

फार्म डी फोर्थ ईयर की ओर से बतौर कप्तान ऑलराउंडर आदित्य कलेर ने 03 ओवर में 14 रन देकर 02 विकेट चटकाए और 06 गेंदों में 04 चौकों की मदद से 16 रन बनाकर प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब अपने नाम किया। फार्म डी की ओर से ऑलराउंडर मो. फाजिल ने 20 गेंदों में 33 रनों की पारी खेलकर अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। फाजिल ने अपनी पारी में 02 चौके और 02 छक्के भी जडे। फैकल्टी की ओर से गेंदबाज गुलशन राठौर ने 03 ओवर में 16 रन देकर 03 विकेट चटकाए। क्रिकेट प्रतियोगिताओं में फिजिकल एजुकेशन के अभिषेक सागवान और प्रत्यूष कुमार द्विवेदी ने अंपायर की भूमिका निभाई, जबकि सेमीफाइनल मुकाबलों में फैकल्टी की टीम ने बीफार्म फोर्थ ईयर की टीम को 42 रनों से मात दी। इस मुकाबले में फैकल्टी टीम के कप्तान अभिषेक आनन्द को 03 विकेट और 28 गेंदों में 35 रनों की पारी के लिए सर्वश्रेष्ठ प्लेयर चुना गया। फॉर्म डी फोर्थ ईयर ने बीफार्म फर्स्ट ईयर की टीम को 07 विकेट से करारी मात दी। मेडएथलॉन कमेटी में शामिल डॉ. स्मृति तिवारी, डॉ. राजेश शर्मा, डॉ. पुष्पेन्द्र शुक्ला, सुश्री खुशी श्रीवास्तव आदि की विशेष भूमिका है।