एनआईए के 84 में से 81 मामलों में सजा हुई

इंद्र वशिष्ठ

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) द्वारा की गई 81 मामलों की तफ्तीश अदालत में सही साबित हुई है। अदालत द्वारा पिछले 5 साल के दौरान 84 मामलों में निर्णय/फैसला दिया गया है, जिनमें से 81 मामलों में अभियुक्तों को सजा हुई है। गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने राज्य सभा में सांसद शंभू शरण पटेल और दीपक प्रकाश द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में यह जानकारी दी है।

गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने राज्य सभा में बताया कि 1 दिसंबर 2018 से 2023 ( 30 नवंबर 2023 तक) के दौरान, अदालत द्वारा 84 मामलों में निर्णय दिया गया है, जिनमें से, 81 मामलों में आरोपियों की दोषसिद्धि/ सजा हुई है। 3 मामलों में आरोपी को अदालत द्वारा बरी/दोष मुक्त किया गया हैं।

साल 2023 में (30 नवंबर तक) 15 मामलों में अदालत ने फैसला सुनाया और 15 मामलों में ही आरोपियों को सज़ा हुई है।
गृह राज्य मंत्री ने बताया कि‌ केंद्र सरकार ने 1 दिसंबर 2018 से 2023 ( 30 नवंबर 2023 तक) के दौरान एनआईए को जांच के लिए 324 मामले सौंपें हैं।