मुंबई इंडियंस के सामने लगातार दूसरी हार से बचने की चुनौती
सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली : 15 बरस के सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जायसवाल और ध्रुव जुरेल के शुरू के दो मैचों में एक एक अर्द्धशतक की बदौलत 2026 इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में शुरू के दोनों मैच जीतने से राजस्थान रॉयल्स के हौसले से बुलंद हैं। रंग में चल रहे अपने शीर्ष क्रम की बदौलत राजस्थान रॉयल्स अब अपने दूसरे घरेलू मैदान गुवाहाटी में राह भटक चुकी मुंबई इंडियंस को मंगलवार को हरा जीत की हैट्रिक लगा शीर्ष पर पहुंचने के इरादे से उतरेगी। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू आरसीबी), राजस्थान रॉयल्स,दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के शुरू के अपने अपने दोनों मैच जीतने से समान रूप से चार- चार अंक हैं। आरसीबी से नेट रन रेट में पिछड़ कर राजस्थान रॉयल्स फिलहाल दूसरे स्थान पर है। मुंबई इंडियंस के सामने बड़ा सवाल यह रहेगा कि अस्वस्थ होने के कारण दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ उपलब्ध न होने वाले उसके नियमित कप्तान हार्दिक पांडया क्या उसे राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ इस अहम मैच के लिए मंगलवार को उपलब्ध रहेंगे। मुंबई इंडियंस के सामने लगातार दूसरी हार से बचने की चुनौती होगी। मुंबई इंडियंस ने राजस्थान रॉयल्स से बीते बरस अंतिम मैच सहित उससे पिछले पांच में तीन मैच जीते हैं और वह उसके खिलाफ जरूर जीत का सिलसिला आगे बढ़ाने के मकसद से उतरेगी।
राजस्थान रॉयल्स ने मौजूदा सीजन में अपना अभियान 15 बरस के वैभव सूर्यवंशी के मात्र 15 गेंदों में अर्द्धशतक की बदौलत अपने घरेलू मैदान गुवाहाटी में आठ विकेट से जीत शुरू करने के बाद लेग स्पिनर रवि बिश्नोई के गेंद से ‘चौके’ और यशस्वी और ध्रुव जुरेल के तूफानी अर्द्धशतकों की बदौलत बड़े स्कोर वाले मैच में अपने अस्वस्थ कप्तान शुभमन गिल के बिना खेलने उतरने वाली गुजरात टाइटंस को बड़े स्कोर वाले मैच बेहद रोमांचक मैच में छह रन से हराया। वहीं हार्दिक पांडया की अगुआई में मुंबई इंडियंस अपने घर मुंबई में केकेआर पर बड़े स्कोर वाले मैच में छह विकेट से जीत से आगाज करने के बाद उनके अस्वस्थ होने पर दूसरे मैच में दिल्ली कैपिटल्स से छह विकेट से हार कर राह भटक चुकी है। दिल्ली कैपिटल्स के शीर्ष क्रम में चाहे वह वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जायसवाल या फिर ध्रुव जुरेल, तीनों में ही अपने दम मुंबई इंडियंस से मैच जीतने की क्षमता है, जैसी की दिल्ली कैपिटल्स के समीर रिजवी ने अब तक मौजूदा सीजन में मुंबई इंडियंस के शुरू के दोनों मैच में तूफानी अर्द्धशतक जड़ कर दिखाई है।
राजस्थान रॉयल्स के लिए उसके शीर्ष क्रम में ध्रुव जुरेल और यशस्वी जायसवाल ने एक एक अर्द्धशतक सहित समान रूप से 93- 93 रन बनाए हैं जबकि वैभव सूर्यवंशी ने एक अर्द्धशतक सहित 83 रन बनाए हैं। राजस्थान रॉयल्स का शीर्ष क्रम जिस तरह रंग में है उसके मद्देनजर फिलहाल तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह, दीपक चाहर, हार्दिक पांडया, कॉर्बिन बॉश ,ट्रेंट बोल्ट जैसे मुंबई इंडियंस के फिलहाल जूझते तेज गेंदबाजों और लेग स्पिनर मयंक मारकंडे और बाएं हाथ के स्पिनर मिचेल सेंटनर जैसे स्पिनरों के लिए रोकना बड़ी चुनौती होगा। मुंबई इंडियंस के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा (कुल 113 रन) दो मैचों के बाद एक अर्द्धशतक सहित रन बनाने में तीसरे स्थान पर चल रहे हैं जबकि दूसरे मैच में कप्तानी की जिम्मेदारी संभालने वाले सूर्य कुमार यादव ने शुरू के दो मैचों में एक अर्द्धशतक सहित कुल 67 रन बनाए हैं। राजस्थान रॉयल्स के लेग स्पिनर रवि बिश्नोई गुजरात टाइटंस के खिलाफ पिछले मैच में रविवार को चार विकेट सहित शुरू के दो मैचों में सबसे ज्यादा पांच विकेट चटका शीर्ष पर चल रहे हैं। बिश्नोई के साथ बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर रवीद्र जडेजा व खुद कामचलाउ ऑफ स्पिनर कप्तान रेयन पराग के रूप में स्पिन त्रिमूर्ति के साथ जोफ्रा आर्चर , नेंड्रे बर्गर, तुषार देशपांडे और संदीप शर्मा के रूप में राजस्थान रॉयल्स का विविधतावपूर्ण तेज गेंदबाजी आक्रमण मुंबई इंडियंस के रेयन रिकल्टन व रोहित शर्मा की सलामी जोड़ी, सूर्य कुमार यादव और शुरू के दोनों मैचो में नाकाम रहे तिलक वर्मा का अच्छा इम्तिहान ले सकता है। खासतौर पर तुषार देशपांडे की आखिर के मारधाड़ वाले ओवर में बड़े जिगरे से की जाने वाली तेज गेंदबाज मुंबई इंडियंस को बड़ा स्कोर खड़ा करने से रोकने से अपने कम स्कोर को बचाने का भी हौसला देती है।
उम्मीद करता हूं ध्रुवजुरैल इस बार हमें खिताब जिताएंगे : रेयन पराग
राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रेयन पराग ने कहा, ‘हमारे लिए गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच के आखिरी दो ओवर में पहले 19 वें ओवर में जोफ्रा आर्चर और फिर तुषार देशपांडे ने मैच के आखिरी ओवर में लाजवाब गेंदबाजी की। आर्चर और तुषार देशपांडे ने जी जान लगा पूरी रफ्तार के साथ गेंदबाजी कर जिस तरह रणनीति को अंजाम दिया, उसे देख कर मैं रोमांचित हूं । मैं पहले जोफ्रा और देशपांडे की गेंदबाजी का क्रम बदलना चाहता था। मैं ध्रुव जुरेल की तारीफ करुंगा कि वह मेरे पास आए मुझसे कहा की मैं 19 वां ओवर जोफ्रा से फिंकवाउ। मैं चाहता था कि आखिरी दो ओवरों में ये दोनों जोफ्रा और देशपांडे सीधी और पूरी रफ्तार से गेंद करें। ध्रुव जुरेल ने बहुत मेहनत की और उन्होंने छठे- सातवें नंबर पर इससे पहले बल्लेबाजी की थी।अब ध्रुव जुरेल का पास मौका है और मैं पहला वह व्यक्ति था, जिसने कहा था कि वह तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे। मैं उम्मीद करता हूं कि ध्रुव जुरेल छह-सात सौ रन बना हमें इस बार आईपीएल खिताब जिताएंगे।’
मैंने अपनी गेंदबाजी पर बहुत मेहनत की : रवि बिश्नोई
राजस्थान रॉयल्स के तुरुप के लेग स्पिनर रवि बिश्नोई ने कहा,‘मेरे लिए पिछला आईपीएल सीजन खासा मुश्किल रहा था। तब मैं गेंदबाजी करते हुए अपनी लेंग्थ चूक रहा था और मेरी गेंदों की धुनाई हो रही थी। मैं अपनी गेंदबाजी लेंग्थ पर मेहनत कर रहा था और यदि कोई उन पर सही शॉट लगाता है तो कोई बात नहीं। मैंने अपनी गेंदबाजी पर शारीरिक ,तकनीकी और जेहनी तौर पर बहुत मेहनत की। मैंने अपनी गेंदबाजी बेहतर करने लिए गेंदबाजी की। मेरे लिए गुजरात टाइटंस के खिलाफ राहुल तेवतिया का विकेट सबसे बढ़िया विकेट था क्योंकि वह इस तरह की परिस्थितियों के लिए एक जाने माने खिलाड़ी हैं। यदि तब तेवतिया आउट नहीं हुए होते तो मैच किसी ओर भी जा सकता था। जिस तरह तुषार देशपांडे ने 20 और इससे पहले जोफ्रा आर्चर ने 19 वें ओवर में गेंदबाजी की यह हमारी राजस्थान रॉयल्स टीम का सामूहिक गेंदबाजी प्रयास था। मैं उम्मीद करता हूं कि हमारी राजस्थान रॉयल्स की यह नौजवान टीम इसी तरह हर किसी का मनोरजंन जारी रखेगी।’
खेल की समीक्षा कर अगले मैच में बेहतर खेलने उतरेंगे : सूर्य कुमार यादव
अस्वस्थ हार्दिक पांडया की जगह दिल्ली कैपिटल्स की जगह मुंबई इंडियंस की कप्तानी करने वाले सूर्य कुमार यादव ने कहा,‘ हम उम्मीद कर रहे थे कि दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम की पिच कुछ धीमी रहेगी। मैं दिल्ली कैपिटल्स के गेंदबाजों और समीर रिजवी से इस जीत का श्रेय छीनना नहीं चाहता लेकिन यह जरूर कहूंगा कि हमने 15-20 रन कम बनाए। दिल्ली की इस जीत का ज्यादा श्रेय समीर रिजवी को है जिन्होंने हमें मैच में लौटने ही नहीं दिया। पिच का मिजाज मैच में बहुत नहीं बदला। दिल्ली के बल्लेबाजों ने पिच के मिजाज को भांप कर उसी के मुताबिक बल्लेबाजी की। जब आप पहले बल्लेबाजी करते है तो आप यह नहीं बता सकते थे सही स्कोर क्या होगा। हमारा मानना था कि 180-185 रन का स्कोर अच्छा होगा। मैं और नमन गलत वक्त पर आउट हुए। गेंद से तरह के दिन भी आते है। हम अपने खेल की समीक्षा कर अगले मैच में बेहतर खेलने उतरेंगे।’
मंगलवार: राजस्थान रॉयल्स वि मुंबई इंडियंस, गुवाहाटी(शाम साढ़े सात बजे से)





