आरसीबी के सामने राजस्थान रॉयल्स के विजयरथ को रोकने की मुश्किल चुनौती

RCB face a tough challenge to stop Rajasthan Royals' winning streak

  • राजस्थान रॉयल्स जीत के ‘चौके‘ के साथ शीर्ष पर स्थिति और मजबूत करने उतरेगी
  • आरसीबी की कोशिश राजस्थान को रोक जीत की हैट्रिक लगाने की

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : बाएं हाथ के 15 बरस के वैभव सूर्यवंशी और 24 बरस के यशस्वी जायसवाल की सलामी जोड़ी पॉवरप्ले में राजस्थान रॉयल्स को उसके दूसरे घरेलू मैदान गुवाहाटी में दो और अहमदाबाद में एक मैच सहित आईपीएल 2026 में पहले बल्लेबाजी पॉवरप्ले में दे दनादन कर आतिशी आगाज कर मिलकर 292 रन जोड़ शुरू के तीनों मैच जिताकर सुर्खियों में है। बल्लेबाजी की नई सनसनी राजस्थान रॉयल्स के 15 बरस के वैभव सूर्यवंशी ने खासतौर पर भारत और दुनिया के सर्वश्रेष्ठ तेज गेंदबाजों मे एक मुंबई इंडियंस के लिए खेल रहे जसप्रीत बुमराह के पहले ओवर की पहली ही गेंद सहित दो छक्के उड़ा कर 13 रन बटोर दिखाया कि वह गेंदबाज के नाम को नहीं बल्कि गेंद को देखकर गेंद पर प्रहार करते हैं। वैभव के जीवट और जज्बे को इस मैच को देख रहे भारत और दुनिया के हर क्रिकेट दिग्गज ने उनके बल्लेबाजी कौशल को सलाम किया। यशस्वी के दो और वैभव के एक तूफानी अर्द्धशतक की बदौलत अपने शुरू के तीनों मैच जीत मौजूदा सीजन में शीर्ष पर चल रही राजस्थान रॉयल्स अब विराट कोहली जैसे भारत और दुनिया के धुरंधर बल्लेबाज से सज्जित रॉयल चैंलेंजर्स बेंगलुरू (आरसीबी) को भी अब शुक्रवार को अब गुवाहाटी के अपने दूसरे घरेलू मैदान पर शिकस्त दे जीत के चौके के साथ शीर्ष पर अपनी स्थिति और मजबूत करने उतरेगी। आरसीबी ने बेशक राजस्थान रॉयल्स से अपने पिछले पांच में लगातार दो मैच सहित तीन मैच जीते हैं। बावजूद इसके आरसीबी के सामने शुक्रवार राजस्थान रॉयल्स के विजयरथ को रोकने की मुश्किल चुनौती होगी। आरसीबी की कोशिश राजस्थान को रोक जीत की हैट्रिक लगाने की होगी।

अपने शुरू के दोनों मैच जीत चुकी मौजूदा चैंपियन आरसीबी के लिए जीत की हैट्रिक लगाना आसान नहीं होगा।आरसीबी ने विराट कोहली और देवदत्त पड्डीकल के अर्द्ध शतकों की बदौलत अपने चिन्नास्वामी स्टेडियम, बेंगलुरू के गृह मैदान पर छह विकेट से जीत दर्ज करने के बाद पड्डीकल और टिम डेविड के तूफानी अर्द्धशतकों की बदौ़त चेन्नै सुपन किंग्स को 43 रन से हराया,सबसे दिलचस्प बात यह है कि राजस्थान रॉयल्स के यशस्वी जायसवाल जहां शुरू के तीन मैचों में दो अर्द्धशतक सहित कुल सबसे ज्यादा 170 रन बना ऑरेंज कैप पर कब्जा जमाए हैं वहीं उसके लेग स्पिनर रवि बिश्नोई सबसे ज्यादा सात विकेट चटका कर पर्पल कैप फिलहाल अपने नाम कर रखी हैं। राजस्थान रॉयल्स ने गुवाहाटी में पांच बार चैंपियन रही सीएसके पर आठ विकेट से जीत से आगाज करने के बाद गुजरात टाइटंस को बड़े स्कोर वाले मैच में उसके घर अहमदाबाद में छह रन से और फिर पांच बार चैंपियन रही मुंबई इंडियंस का 11 ओवरों के मैच में 27 रन से जिस दमदार अंदाज में जीत दर्ज की उसके मद्देनजर यह साफ है कि आरसीबी के लिए इस बार उससे पार पाकर जीत की हैट्रिक की लगा आगे बढ़ना कतई आसान नहीं रहने वाला है। आरसीबी के पास मैच के मिजाज के मुताबिक गियर बदल कर खेलने में माहिर पहले ही मैच में अर्द्बशतक जड़ने वाले विराट कोहली, मौजूदा सीजन में लगातार दो अर्द्ध शतक जड़ चुके देवदत्त पड्डीकल के साथ फिल साल्ट, कप्तान रजत पाटीदार और टिम डेविड जैसे पॉवर हिटर्स हैं। दिलचस्प बात यह है कि बड़े जिगरे वाले मौजूदा सीजन के सबसे कामयाब लेग स्पिनर रवि बिश्नोई और बाएं हाथ के सदाबहार स्पिनर दो विकेट चटकाने वाले रवींद्र जडेजा(दो विकेट) के साथ जोफ्रा आर्चर(तीन विकेट) नेंड्रे बर्गर (पांच विकेट) जैसे रफ्तार के सौदागर के साथ स्विंग के उस्ताद संदीप शर्मा (2 विकेट) और तुषार देशपांडे (2 विकेट) के रूप में शुरू में राजस्थान रॉयल्स के पास पहले बल्लेबाजी पॉवरप्ले और आखिर के मारधाड़ वाले ओवर में आरसीबी के मजबूत शीर्ष और मध्यक्रम पर लगाम लगाने में सक्षम गेंदबाज हैं।

वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल जैसे शीर्ष क्रम के तीन विस्फोटक बल्लेबाजों के साथ मध्यक्रम में शेमरान हेटमायर और कप्तान रेयन पराग जैसे राजस्थान रॉयल्स के अपने नाम के मुताबिक शाही अंदाज में बल्लेबाजी में माहिर बल्लेबाजों के सामने आरसीबी के आईपीएल के इतिहास में लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल के बाद दौ सौ विकेट चटकाने वाले सदाबहार तेज स्विंग के उस्ताद दो मैचों में चार विकेट चटकाने वाले भुवनेश्वर कुमार, न्यूजीलैंड के जैकब डफी (5 विकेट) तथा उत्तर प्रदेश के अभिनंदन सिंह (2 विकेट) जैसे तेज गेंदबाजों की त्रिमूर्ति और बाएं हाथ के स्पिनर क्रुणाल पांडया (2 विकेट) और लेग स्पिनर सुयश शर्मा (2विकेट) जैसे गेंदबाजों के सामने उन्हें सस्ते में पैवेलियन लौटाना खासा चुनौतीपूर्ण रहना वाला है।

आरसीबी और राजस्थान रॉयल्स के बीच शुक्रवार के मैच में फैसला एक बार फिर बहुत हद तक उसी तरह पॉवरप्ले में राजस्थान रॉयल्स के वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल की सलामी जोड़ी के साथ आरसीबी के विराट कोहली और फिल साल्ट की सलामी जोड़ी के दे दनादन की कूवत से होने वाला है। वैभव और यशस्वी की सलामी जोड़ी चल निकली तो फिर आरसीबी के लिए राजस्थान रॉयल्स को बड़ा स्कोर खड़ा करने से रोकना लगभग नाममुकिन ही हो जाएगा। वहीं आरसीबी के विराट व फिल साल्ट की सलामी जोड़ी के साथ कप्तान रजत पाटीदार और टिम डेविड चल गए तो फिर राजस्थान रॉयल्स के रवि बिश्नोई व रवींद्र जडेजा जैसे स्पिनरों के साथ जोफ्रा आर्चर, नेंद्रे बर्गर, संदीप शर्मा और तुषार देशपांडे जैसे तेज गेंदबाजों के लिए बड़ी दिक्कत पेश आ सकती है। कुल मिलाकर राजस्थान रॉयल्स और आरसीबी के बीच शुक्रवार को एक और हाईवोल्टेज मुकाबले की आस की जा सकती है।

वैभव सूर्यवंशी गजब के बल्लेबाज हैं: यशस्वी जायसवाल
राजस्थान रॉयल्स के सबसे कामयाब और सबसे ज्यादा रन बना ऑरेंज कैप पर कब्जा जमाने वाले ओपनर यशस्वी जायसवाल ने कहा, ‘मुंबई इंडियंस के खिलाफ बारिश कारण कम ओवर के मैच में मेरे जेहन में यही बात थी कि जब मात्र तीन ओवर का ही बल्लेबाजी पॉवरप्ले है तो उसके किस गेंदबाज को निशाना बना सकता हूं। जब बुमराह भाई गेंदबाजी करने वाले थे तब मैं सोच रहा था कि वैभव उनका सामना कर सकते हैं। मैं किसी ओर गेंदबाज का सामना कर सकता हूं। तीनों फॉर्मेट में खेलना आसान नहीं है। मैंने हर बार अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश की हैं। मैं आश्वस्त होना चाहता था कि अलग अलग पिच के मुताबिक उस पर अपने शॉट खेलने को तैयार रहूं। मैं यह सोच रहा था कि मैं अपनी टीम के लिए क्या कुछ कर सकता हूं। मैं यदि यह जानता कि इसकी जरूरत है और मुझे ऐसे शॉट खेलने चाहिए तो इसी के मुताबिक ही शॉट खेलूंगा। जहां तक पिच पर वैभव सूर्यवंशी से चर्चा की बात है तो वह जिस अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे हैं, वह वाकई लाजवाब है। वैभव को बल्लेबाजी करते देख मैं भी खुल कर बल्लेबाजी करने के लिए प्रेरित हुआ। हम आपस में इस बाबत चर्चा करते हैं कि हम कैसे आगे बढ़ सकते हैं। मैं वैभव से बराबर यही कहता हूं कि वह खुलकर बल्लेबाजी करें। वैभव सूर्यवंशी गजब के बल्लेबाज हैं और अपनी बल्लेबाजी को ठीक से समझते हैं और ऐसी विस्फोटक बल्लेबाजी करने में सक्षम है।

क्रिकेट में सभी कुछ गेंदबाजों के खिलाफ है: रवि बिश्नोई
राजस्थान रॉयल्स के तुरुप के लेग स्पिनर रवि बिश्नोई ने कहा,‘ इस सीजन में मेरी गेंदबाजी की लेंग्थ पिछले सीजन से अलग थी। अब क्रिकेट बल्लेबाजों का खेल बन गया है। क्रिकेट में सभी कुछ गेंदबाजों के खिलाफ है। हमारी कोशिश बल्लेबाजों के मुश्किलें पेश करने की होती हैं। हमारे कप्तान के रूप में रेयन पराग हैं। हम सभी लगभग हमउम्र हैं और एक दूसरे के साथ तालमेल बैठाने में लगे हैं। हम सभी एक दूसरे को बढ़िया ढंग से समझते हैं। अब तक सभी कुछ ठीक रहा है और उम्मीद हैं कि यह सिलसिला जारी रहेगा। आप यदि बतौर बल्लेबाज अथवा गेंदबाज अपनी योजना को अमली जामा पहनाते तो आपके लिए मैच भी आसान हो जाता है।’

राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रेयन पराग ने कहा, ‘ मुझे बराबर यह मालूम था कि हमारी यह टीम खासी मजबूत है क्योंकि हमारे पास दमदार युवा खिलाड़ी हैं। मैं उम्मीद करता हूं कि हम इसी तरह बढ़िया ढंग से प्रदर्शन करना जारी रखेंगे। जोफ्रा का साफ संदेश है कि मैदान पर उतर कर तेज से तेज गेंदबाज करें। जोफ्रा और बर्गर जैसे तेज गेंदबाज 140-145 किलोमीटर की रफ्तार से गेंद कर सकते हैं और इन दोनों का गेंद पर नियंत्रण लाजवाब है और उम्र इन दोनों के साथ है। वैभव वाकई लाजवाब हैं और वह केवल एक तरह ही गेंदों को नहीं उड़ाते हैं। यशस्वी जायसवाल बीते तीन चार बरस से दे दनादन कर रहे हैं। वैभव और यशस्वी जायसवाल बल्लेबाजी कौशल और परिपक्वता के लिहाज सर्वश्रेष्ठ है।

हमारी निगाह अब अगले मैच पर: पाटीदार
आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने कहा,‘साल्ट और विराट ने शानदार बल्लेबाजी की। मैंने पारी के आखिर में दूसरे छोर पर खड़े छक्कों का बहुत लुत्फ उठाया। मेरी सोच गेंदबाज पर दबाव बनाने की थी और मैं खुद भी छक्के उड़ाना चाहता था। टिम डेविड माहिर फिनिशर हैं। जहां तक डेविड के 106 मीटर के छक्के का सवाल है तो मैं तो बस गेंद को दूर जाते ही देखते रह गया। क्रुणाल पांडया और सुयश विकेट निकालने वाले गेंदबाज हैं और मेरा इन दोनों में बहुत विश्वास है। हर कोई रंग में है और हमारी निगाह अब अगले मैच पर लगी हैं।
शुक्रवार : राजस्थान रॉयल्स वि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (गुवाहाटी , शाम साढ़े सात बजे से)।