एन जी भट्ट
भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक इतिहास में हाल ही में एक नया अध्याय जुड़ा, जब भाजपा पार्टी नेतृत्व ने “नितिन नबीन” के रूप में एक नए चेहरे को शीर्ष दायित्व सौंपा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गरिमामयी उपस्थिति में हुई यह ताजपोशी केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भाजपा के भविष्य के रोडमैप, नेतृत्व के निरंतर विकास और संगठनात्मक नवाचार का प्रतीक बनकर उभरा। प्रधानमन्त्री मोदी ने समारोह के दौरान नितिन नबीन को कुर्सी पर बिठाया, उन्हें अपने हाथों से मिठाई खिलाई और उनकी पीठ थपथपाकर बधाई दी, जो एक अनौपचारिक लेकिन स्नेह-भरा नेतृत्व संकेत भी रहा।
कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह,केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय सड़क और राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा और मोदी मंत्रिपरिषद के सदस्यगण के साथ ही पार्टी अन्य वरिष्ठ नेता और प्रतिनिधियों में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अन्य प्रदेशों के मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री तथा प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष और संगठन के के वरिष्ठ पदाधिकारीगण तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी मौजूद थे । इन नेताओं की उपस्थिति ने यह संकेत दिया कि भाजपा सामूहिक नेतृत्व और अनुभव का सम्मान करती है। वरिष्ठों के आशीर्वाद और युवाओं के उत्साह का यह संगम पार्टी की आंतरिक मजबूती को दर्शाता है। राजस्थान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ सहित कई वरिष्ठ नेतागण भी इस मौके पर मौजूद रहें । सोमवार को भी राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे सहित प्रदेश के बीस वरिष्ठ नेता नबीन के प्रस्तावक के रूप में शामिल हुए थे ।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मौजूदगी ने इस समारोह को विशेष महत्व प्रदान किया। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने ‘नवीन कमल’ के उदय को भाजपा की विचारधारा, अनुशासन और संगठनात्मक शक्ति की स्वाभाविक परिणति बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा व्यक्ति-प्रधान नहीं, बल्कि विचार-प्रधान पार्टी है, जहां नेतृत्व कार्यकर्ताओं की तपस्या, सेवा और समर्पण से उभरता है। यह संदेश स्पष्ट था कि नया नेतृत्व नितिन नबीन केवल पदभार ग्रहण नहीं कर रहा, बल्कि “सेवा, सुशासन और समर्पण” की विरासत को आगे बढ़ाने का दायित्व संभाल रहा है। नक़ीब का राजनीतिक सफर जमीनी राजनीति से निकलकर राष्ट्रीय फलक तक पहुंचा है। संगठन में विभिन्न दायित्वों का सफल निर्वहन करते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं के बीच विश्वास और स्वीकार्यता बनाई है। उनकी पहचान एक ऐसे नेता के रूप में रही है, जो संगठनात्मक कौशल, संवाद क्षमता और आधुनिक राजनीतिक समझ का संतुलन साधता है। यही कारण है कि उनकी ताजपोशी को भाजपा की युवा नेतृत्व नीति और पीढ़ीगत परिवर्तन के रूप में भी देखा जा रहा है।समारोह में प्रधानमंत्री मोदी ने संगठन की एकता और अनुशासन पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि आज के दौर में राजनीति केवल सत्ता का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की जिम्मेदारी है।
‘प्रधानमंत्री ने नितिन नबीन से अपेक्षा जताते हुए उन्हें कार्यकर्ताओं की शक्ति को राष्ट्रसेवा में परिवर्तित करने का आह्वान किया। साथ ही, उन्होंने डिजिटल युग में संगठन के विस्तार, युवाओं और महिलाओं की भागीदारी तथा अंत्योदय के संकल्प को और मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया। प्रधानमंत्री ने नितिन नबीन की ताजपोशी के अवसर पर कहा कि यह वह महत्वपूर्ण कालखंड है जब भाजपा का नेतृत्व युवा ऊर्जा और नई सोच के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने नबीन को पार्टी की कमान सौंपते हुए बताया कि युवा नेतृत्व के साथ विकसित भारत के निर्माण का मार्ग और भी सशक्त होगा।
इस अवसर पर नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने अपने संबोधन में सबसे पहले प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त किया और कहा कि वे कार्यकर्ता संस्कृति को सर्वोपरि रखेंगे और संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।। उन्होंने युवाओं से राजनीति में सक्रिय भागीदारी की अपील की और कहा कि प्रधानमंत्री के विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने के लिए युवाओं को आगे आना चाहिए। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को भी आगे के चुनावों और जनसेवा कार्यों में जुटने का आह्वान किया।
भाजपा नेतृत्व की यह ताजपोशी उस समय हुई है, जब देश सामाजिक, आर्थिक और वैश्विक चुनौतियों के दौर से गुजर रहा है। ऐसे में पार्टी का नया नेतृत्व संगठन को न केवल चुनावी दृष्टि से, बल्कि वैचारिक और नीतिगत स्तर पर भी मजबूत करेगा,ऐसी अपेक्षा जताई जा रही है। नितिन नबीन के सामने संगठन को बूथ स्तर तक और सशक्त बनाने, सहयोगी संगठनों के साथ समन्वय बढ़ाने और जनआंदोलनों के माध्यम से सरकार की नीतियों को जनता तक पहुंचाने की बड़ी जिम्मेदारी है।
कुल मिलाकर, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति में हुई नितिन नबीन की यह ताजपोशी भाजपा के लिए केवल नेतृत्व परिवर्तन नहीं, बल्कि भविष्य की दिशा तय करने वाला क्षण है। यह अवसर पार्टी के कार्यकर्ताओं के लिए उत्साह और आत्मविश्वास से भरा संदेश लेकर आया और यह संदेश भी दिया कि भाजपा नेतृत्व परिवर्तन को अवसर के रूप में देखती है, न कि चुनौती के रूप में। भाजपा मुख्यालय के बाहर कार्यकर्ताओं का उत्साह और स्वागत देखने को मिला, जहां लोगों ने नबीन के स्वागत के लिए सुबह से ही बड़ी संख्या में इकट्ठा होकर जश्न मनाया।
‘नवीन कमल’ का उदय भाजपा की उस परंपरा को आगे बढ़ाता है, जहां विचारधारा, संगठन और सेवा के मूल मंत्र से नेतृत्व का निर्माण होता है। आने वाले समय में यह नया नेतृत्व भाजपा को नई ऊर्जा, नए संकल्प और नए आयाम देने में कितनी सफलता प्राप्त करता है।यह देश की राजनीति के लिए भी महत्वपूर्ण रहेगा।





