सूर्य कुमार यादव का अर्द्धशतक भी मुंबई इंडियंस के काम न आया
सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली : दिल्ली कैपिटल्स के नौजवान आक्रामक बल्लेबाज समीर रिजवी के बल्ले से छक्कों और चौकों की बौछार के सामने सदाबहार अनुभवी तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को छोड़ कर पांच बार चैंपियन रही मुंबई इंडियंस के गेंदबाज यहां बेबस नजर आए। लगातार दूसरे मैच में मैन ऑफ द’ मैच रहे समीर रिजवी के लगातार दूसरे अर्द्धशतक की बदौलत दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को 19 वीं इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में अरुण जेटली स्टेडियम में छह विकेट से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। दिल्ली कैपिटल्स लगातार दूसरी जीत की बदौलत दो मैचों से चार अंक लेकर अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई। मेरठ, उत्तर प्रदेश के बाशिंदे 22 बरस के समीर रिजवी ने दिल्ली कैपिटल्स को लखनउ सुपर जायंटस के खिलाफ 47 गेंदों में चार छक्कों और पांच चौकों की मदद से 80 रन की पारी खेल कर छह विकेट से ही जीत पहले मैच में भी मैन ऑफ द’ मैच रहे थे।
मैन ऑफ द’ मैच समीर रिजवी ने कहा, ‘मैं बतौर बल्लेबाज तेज गेंदबाज के खिलाफ पहले इतना अच्छा नहीं था।मैंने अपनी कमजोरियों को दूर करने पर बहुत मेहनत की है। मैं हालात के मुताबिक खेला। मैं क्रीज पर कुछ वक्त बिताने के बाद अपने शॉट खेले। मैं गेंद को ज्यादा से ज्यादा देर तक देखने की कोशिश की। आप यहां रन बनाते तो काफी आत्मविश्वास और मौके मिलते हैं।
अस्वस्थ हार्दिक पांडया की जगह कप्तानी संभालने वाले सूर्य कुमार यादव ( 51 रन, 36 गेंद, दो छक्के, तीन चौके ) के सूझबूझ भरे अर्द्धशतक और उनकी सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा (35 रन, 26 गेंद, एक छक्का, पांच चौके) के साथ तीसरे विकेट की 53 रन तथा नमन धीर (28 रन, 21 गेंद, एक छक्का, दो चौके) के साथ पांचवें विकेट 37 रन की भागीदारी के बावजूद मुंबई इंडियंस पहले बल्लेबाजी की दावत दिए जाने पर दिल्ली कैपिटल्स की सधी हुई गेंदबाजी के सामने निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट पर 162 रन ही बना पाई। मिचेल सेंटनर 13 गेंद दो चौकों की मदद से 17 और कॉर्बिन बॉश 4 गेंद खेल कर दो चौकों की मदद से 11 रन बना अविजित रहे। दिल्ली के सबसे कामयाब तेज गेंदबाज मुकेश कुमार ने अपने शुरू के दो ओवर में मात्र 12 रन दिए लेकिन उनके तीसरे और पारी के आखिरी ओवर की दो अंतिम गेंदों पर कार्बिन बॉश ने दो चौके जड़ उसे 160 के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान बाएं हाथ के स्पिनर अक्षर पटेल और लेग स्पिनर विपराज निगम ने बीच के ओवर में सधी हुई गेदबाजी कर रोहित और शेरफन रदरफर्ड के विकेट चटका मुंबई इंडियंस के बल्लेबाजों को रन बरसाने का मौका ही नहीं दिया। दिल्ली कैपिटल्स के तेज गेंदबाज मुकेश कुमार (2/26 ) ने अपने दूसरे ओवर में पहले रेयन रिकल्टन (9) और फिर तिलक वर्मा 0) को आउट कर दो विकेट चटका तथा लुंगी एंगिडी, टी नटराजन और कप्तान बाएं हाथ के स्पिनर अक्षर पटेल और लेग स्पिन ने सधी हुई गेंदबाजी कर एक एक विकेट चटका कर मुंबई इंडियंस के बल्लेबाजों को खुल कर बड़े स्ट्रोक खेलने का मौका ही नहीं दिया और अपने तुरुप के ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क के ऑस्ट्रेलिया की कार्यभार प्रबंधन की नीति के चलते उनके उपलब्ध न होने की कमी अखरने ही नहीं दी।
सबसे कामयाब तेज गेंदबाज मुकेश कुमार (2/26) की जगह इम्पैक्ट खिलाड़ी के रूप में उतरे समीर रिजवी की 51 गेंदों पर सात छक्कों और सात चौकों की मदद से 90 रन की आतिशी पारी और डेविड मिलर के साथ उनकी चौथे विकेट की 78 रन की तूफानी भागीदारी की बदौलत दिल्ली कैपिटल्स ने 18.1 ओवर में मात्र चार विकेट खोकर 164 रन बनाकर मैच जीत लिया।
रिजवी के साथ भागीदारी में मिलर का योगदान 11 गेदों में दो चौकों की मदद से 11 रन का रहा। समीर रिजवी ने मुंबई इंडियंस के दक्षिण अफ्रीकी तेज गेंदबाज कार्बिन बाश के पहले ओवर में 20 रन उड़ा कर उनकी बखिया उधेड़ दी थी। रिजवी पारी के 17 वें और बॉश के तीसरे ओवर की तीसरी मिडल और लेग स्टंप पर यॉर्कर को उड़ाने की कोशिश में लॉन्ग ऑफ पर तिलक वर्मा को कैच थमा बैठे और दिल्ली कैपिटल्स ने अपना चौथा विकेट 151 रन पर खोया। बॉश ने समीर रिजवी को आउट कर अपना हिसाब जरूर चुकाया लेकिन तब तक बहुत मैच मुंबई इंडियंस की पहुंच से निकल चुका था। डेविड मिलर 18 गेंद खेल चार चौकों की मदद से 22 और ट्रस्टन स्टब्ज चार गेंद खेल कर नॉटआउट रहे। मुंबई के तेज गेंदबाज दीपक चाहर ने सलामी बल्लेबाज केएल राहुल (1 रन, 3 गेद) को लेग साइड पर विकेटकीपर रेयन रिकल्टन के हाथों कैच कराया दिल्ली ने पहला विकेट दो रन पर खोया और तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए नीतिश राणा (0 रन, तीन गेंद) रनआउट हुए और मेजबान टीम ने दूसरा विकेट सात रन पर खोया। सलामी बल्लेबाज पथुम निसंका(44 रन, 30 गेंद, एक छक्का,6 चौके) ने बाएं हाथ के स्पिनर मिचेल सेंटनर की गेंद को उड़ाने की कोशिश मयंक मार्केंडय को शॉर्ट फाइन लेग पर लपकवाया और दिल्ली ने तीसरा विकेट पारी के दसवें ओवर 73 रन पर खोया।
इससे पहले सूर्य कुमार यादव ने पारी के 16वें और तेज गेंदबाज लुंगी एंगिडी के तीसरे ओवर की दूसरी गेंद को कवर के बीच ड्राइव कर दो रन दौड़ कर अपना 35 गेंद खेल कर अर्द्धशतक पूरा किया लेकिन इससे अगली भीतर आती गेंद को पुल करने से चूके और अंपायर ने उन्हें एलबीडब्ल्यू आउट दिया इस पर उन्होंने रिव्यू लिया लेकिन यह बेकार गया क्योंकि तीसरे अंपायर को भी गेंद मिडलस्टंप पर जा टकराती दिखी और मुंबई इंडियंस ने पांचवां विकेट 122 रन पर खो दिया। नमन धीर (28) के तेज गेंदबाज टी नटराजन के पारी के अंतिम पूर्व ओवर की चौथे बाउंसर को पुल करने की कोशिश में डीप मिडविकेट पर ट्रस्टन स्टब्ज को कैच थमा बैठे और दिल्ली ने छठा विकेट 149 पर खोया। नियमित कप्तान हार्दिक पांडया के अस्वस्थ होने पर सूर्य कुमार यादव ने मुंबई इंडियंस की कप्तानी संभाली। अस्वस्थ हार्दिक पांडया की जगह कॉर्बिन बॉश, अल्लाह गजनफर की जगह मिचेल सेंटनर और ट्रेंट बोल्ट की जगह दीपक चाहर के रूप में अपनी एकादश में तीन बदलाव किए। दिल्ली कैपिटल्स ने लखनउ में लखनउ सुपर जायंटस को छह विकेट से हराने वाली ही अपनी एकादश मुंबई इंडियंस के खिलाफ उतारी। मेजबान दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीत कर मुंबई इंडियंस को पहले बल्लेबाजी की दावत दी। तेज गेंदबाज मुकेश कुमार ने दिल्ली कैपिटल्स के लिए नई गेंद से गेंदबाजी का आगाज किया लेकिन पहले ओवर में दिशा से भटके नजर आए और इसमें मुंबई इंडियंस के सलामी बल्लेबाज रेयन रिकल्टन ने दो चौके जड़े। मुकेश ने दूसरे ओवर में अपनी दिशा सुधार और रेयन रिकल्टन ( 9 रन, 11 गेंद, 2 चौके ) उनकी तीसरी ऑफ स्टंप से बाहर जाती गेंद को उड़ाने की कोशिश में मिडऑफ पर कप्तान अक्षर पटेल को कैच थमा बैठे मुंबई इंडियंस ने पहला विकेट 18 रन पर खो दिया। दो गेंद बाद इसी स्कोर पा बाएं हाथ के तिलक वर्मा (0रन, 2 गेंद) उनकी नकल बॉल को रक्षात्मक ढंग से खेलने की कोशिश में उन्हें ही वापस कैच थमा बैठे और मुंबई इंडियंस ने तीन ओवर में दो विकेट खोकर 22 रन बनाए थे। जमते दिखाई रे रहे रोहित शर्मा ( 35 रन) पारी के दसवें और दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल के तीसरे ओवर की तीसरी गेंद को कवर के उपर से उड़ाने की कोशिश में नीतिश राणा को कैच थमा बैठे और मुंबई इंडियंस ने तीसरा विकेट 71रन पर खो दिया। 12 वें ओवर शेरफन रदरफर्ड (5 रन, 7 गेंद, एक चौका) ने लेग स्पिनर विपराज निगम के तीसरे ओवर की तेजी से स्पिन हो भीतर आती गेंद को स्लॉग स्वीप करने की कोशिश की लेकिन मुकेश कुमार ने डीप स्कवॉयर लेग से दौड़ते हुए उनका बढ़िया कैच लपक लिया और मुंबई इंडियंस ने चौथा विकेट 85 रन पर खो दिया।





