सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली : चेन्नै सुपर किंग्स (सीएसके) के नौजवान कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने बुधवार को मुंबई में कैप्टंस डे इवेंट के दौरान खुलासा किया कि आईपीएल 2026 में संजू सैमसन के साथ मैं अपनी टीम की पारी का आगाज करूंगा। आईपीएल के मौजूदा सीजन के शुरू होने के साथ ऋतुराज गायकवाड़, संजू सैमसन और भारत को अपनी कप्तानी में जिम्बाब्वे में अंडर 19 क्रिकेट विश्व कप जिताने वाले आयुष म्हात्रे सीएसके की पारी का आगाज करने की होड़ में थी। इस नए संयोजन के चलते अब आयुष म्हात्रे सीएसके के लिए तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते दिखेंगे। म्हात्रे ने 2025 आईपीएल में सीएसके के लिए पारी का आगाज करते हुए सात पारियों में 240 रन बनाए थे। म्हात्रे को 2025 में नियमित कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ के चोट के चलते बाहर होने में सीएसके की पारी का आगाज करने का मौका मिला था। सीएसके ने 2026 आईपीएल की नीलामी से पहले जबसे रवींद्र जडेजा को राजस्थान रॉयल्स को ट्रेड कर उनकी जगह संजू सैमसन को अपनी टीम से जोड़ा था तभी से सबसे बड़ा यह सवाल था कि वह किस नंबर पर खेलेंगे। संजू सैमसन ने अभी हाल ही में भारत को आईसीसी टी 20 क्रिकेट विश्व कप जिताने में सेमीफाइनल और फाइनल सहित आखिरी लगातार तीन मैचों में अर्द्बशतक जड़ खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई थी और इस शानदार प्रदर्शन के चलते उन्हें टीम का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया था।





