शेन बॉन्ड मुंबई इंडियंस एमिरेटस के हेड कोच नियुक्त

  • पार्थिव पटेल होंगे बैटिंग कोच, विनय बने बॉलिंग कोच
  • रॉबिन सिंह होंगे जनरल मैनेजर, फ्रेंकलिन फील्डिंग कोच

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : अपने जमाने के रफ्तार के सौदागर शेन बॉन्ड को मुंबई इंडियंस एमिरेटस का पहली यूएई इंटरनैशनल टी-20 क्रिकेट लीग के लिए हेड कोच नियुक्त किया गया है। बॉन्ड मुंबई इंडियंस के बॉलिंग कोच की जिम्मेदारी यथावत संभालते रहेंगे। मुंबई इंडियंस एमिरेटस की कोचिंग टीम में हेड कोच बॉन्ड की मदद के लिए पार्थिव पटेल को बैटिंग कोच और विनय कुमार को बॉलिंग कोच, जेम्स फ्रेंकलिन को फील्डिंग कोच नियुक्त किया गया है। रॉबिन सिंह के लंबे अनुभव के मद्देनजर उन्हें मुंबई इंडियंस एमिरेटस का जनरल मैनेजर नियुक्त किया गया है। विनय कुमार और पार्थिव पटेल मुंबई इंडियंस की 2015 और 2017 में आईपीएल क्रिकेट खिताब जीतने वाली टीम के सदस्य रह चुके हैं। विनय कुमार 2021 में मुंबई इंडियंस के लिए क्रिकेट प्रतिभाओं को तलाशने वाली स्काउटिंग टीम का भी हिस्सा रह चुके हैं।

शेन बॉन्ड 2015 में मुंबई इंडियंस से बॉलिंग कोच के रूप जुड़े थे और उन्होंने टीम को चार आईपीएल खिताब जिताने में अहम योगदान किया। शेन बॉन्ड ने अपनी दमदार शैली से मुंबई इंडियंस के गेंदबाजों को वैश्विक मंच पर अपनी प्रतिभा को जानने में मदद की। वहीं रॉबिन सिंह 2010 में मुंबई इंडियंस की कोचिंग टीम से जुड़े और बेहतरीन मार्गदर्शन दे उसे पांच आईपीएल और दो चैंपियंस लीग खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई। रॉबिन सिंह ने शेन बॉन्ड के साथ मिलकर बतौर कोच काफी मेहनत की है। रॉबिन यूएई क्रिकेट से भी जुड़े रहे इससे उन्हें मुंबई इंडियंस एमिरेटस को मुंबई इंडियंस के दर्शन को समझाने में मदद मिलेगी ।
बॉन्ड ने कहा, ‘मुंबई इंडियंस एमिरेटस का हेड कोच नियुक्त किया जाना मेरे लिए बड़े सम्मान की बात है। नई टीम तैयार करना हमेशा खासा रोमांचक होता है। मेरी निगाहें अब मुंबई इंडियंस की विरासत को आगे ले जाने और अपने खिलाडिय़ों को क्रिकेट को नई बुलंदियों पर पहुंचाने पर लगी हैं।’

रिलायंस जियो इंफोकॉम लिमिटेड के चैयरमैन आकाश एम. अंबानी ने कहा, ‘मैं शेन बॉन्ड, पार्थिव, विनय और जेम्स फ्रेंकलिन का मुंबई इंडियंस एमिरेटस में उनकी नई भूमिका में स्वागत करता हूं।’