रविवार दिल्ली नेटवर्क
नई दिल्ली : संसद के माननीय सदस्यों (राज्य सभा और लोक सभा), राज्य सभा सचिवालय के अधिकारियों/कर्मचारियों तथा उनके परिवारजनों के लिए संसद ग्रंथागार भवन स्थित जीएमसी बालयोगी सभागार में हिन्दी देशभक्ति फिल्म “आजाद भारत” (नेताजी सुभाष चंद्र बोस को श्रद्धांजलि) की विशेष स्क्रीनिंग का आयोजन किया गया।
इस फिल्म का निर्माण एवं निर्देशन डॉ. रूपा अय्यर ने किया है। कार्यक्रम के दौरान उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्री तथा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री प्रहलाद जोशी ने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में अमूल्य योगदान के लिए भारतीय राष्ट्रीय सेना (आईएनए) के पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया।
फिल्म की स्क्रीनिंग से पूर्व उन्होंने डॉ. रूपा अय्यर सहित फिल्म से जुड़े कलाकारों को भी सम्मानित किया।
इस अवसर पर कार्यक्रम की गरिमा को सुश्री मीनाक्षी लेखी, नेताजी की परपोती सुश्री राज्यश्री चौधुरी तथा राज्य सभा सचिवालय के अपर सचिव डॉ. के. एस. सोमशेखर की उपस्थिति ने और बढ़ाया।
यह विशेष स्क्रीनिंग स्वतंत्रता सेनानियों की अमर विरासत को श्रद्धांजलि अर्पित करने के उद्देश्य से आयोजित की गई थी। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वर्तमान और भावी पीढ़ियों को देशभक्ति, त्याग और राष्ट्रीय सेवा के मूल्यों के प्रति प्रेरित करना रहा।





