लक्ष्य भारत को 2026के महिला हॉकी विश्वकप के लिए क्वॉलिफाई कराना:बलजीत कौर

The goal is to qualify India for the 2026 Women's Hockey World Cup: Baljeet Kaur

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : नौजवान मिडफील्डर बलजीत कौर 8 से 14 मार्च तक होने वाले एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप 2026 क्वॉलिफायर्स हैदराबाद, तेलंगाना में दमदार प्रदर्शन कर अपनी छाप छोड़ कर भारत को महिला हॉकी विश्व कप के लिए क्वॉलिफाई कराने के लिए बेताब हैं। आठ टीमों के इस टूर्नामेंट से तीन शीर्ष टीमें 2026 के महिला हॉकी विश्व कप के लिए क्वॉलिफाई करेंगी।भारत की मिडफील्डरबलजीत कौर ने कहा, ‘हमारा लक्ष्य एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप 2026 क्वॉलिफायर्स जीत भारत को महिला हॉकी विश्व कप 2026 के लिए क्वॉलिफाई कराना है। हम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर भारत को एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप 2026 क्वॉलिफायर्स में पदक जिताना चाहते हैं। हमारी टीम में कई तेज तर्रार नौजवान खिलाड़ी हैं और हमारा संयोजन बहुत बढ़िया है। हमारी टीम में बढ़िया तालमेल है और सभी खिलाड़ी खासी फिट हैं। हमारी टीम का संतुलन बढ़िया है और यह कुछ हासिल करने का माद्दा रखती है। हमारा शिविर खासा बढ़िया रहा। हमने खासतौर पर अपनी निशानेबाजी बेहतर करने पर खासी मेहनत की है और आगे बढ़े हैं। शिविर में आने से पहले मेरा ध्यान खासतौर पर अपनी फिटनेस बेहतर करने और अभ्यास कर खासी मेहनत की।‘

पंजाब के काका कंडियाला गांव की बलजीत कौर की हॉकी यात्रा अब से एक दशक पहले जब वह सातवीं में पढ़ रही थी तब शुरू हुई। वह बताती हैं, ‘ 2012 में मैंने हॉकी खेलनी शुरू की। मेरे चाचा की बेटी हॉकी खेला करती थीं । तब बराबर मैं उनसे पूछती तुम इतनी सुबह कहां जाती हों। तब उन्होंने मुझे बताया कि वह मैदान पर हॉकी खेलनी जाती हैं। मैंने भी इसी उत्सुकता में हॉकी खेलना शुरू कर दिया। हॉकी खेलने के लिए तब बलजीत तरनतारन में में उस स्कूल में गई जहां हॉकी खेलने और इसके अभ्यास की बेहतर सुविधाएं थी।‘बलजीत के बढ़िया प्रदर्शन के चलते उन्हं 2017 में जूनियर राष्ट्रीय हॉकी शिविर के लिए बुलावा आया। यह उनकी हॉकी यात्रा के लिए एक अहम पड़ाव था।

बलजीत कौर की यह हॉकी यात्रा खासी चुनौतियों से भरी थीं। बेहद सामान्य परिवार से आने वाली बलजीत कौर के लिए हॉकी का साजोसामान मसलन हॉकी तक का जुगाड़ करना खासा मुश्किल था। बलजीत कौर ने कहा,‘हमारे लिए हॉकी खेलना आसान नहीं था। मैं ऐसे परिवार से आती हूं जिसके लिए मेरे लिए हॉकी जुटाना तक मुश्किल था। मेरे आस पास के लोगों ने मेरे लिए हॉकी और इसके जूते जुटाने में मदद की। मैं इसके लिए सबकी आभारी हूं।’

2022 में बलजीत कौर भारतीय सीनियर टीम में आई लेकिन तब से उनकी यह यात्रा उतार चढ़ाव भरी रही। वह कहती हैं, ‘2022 से मैं कभी भारतीय टीम में रही और कभी टीम से बाहर। मेरा लक्ष्य बराबर अपना खेल बेहतर और भारत के लिए खेलना था। मेरे जेहन में हर वक्त बस यही बात रही। आप मुझे आक्रामक सोच वाली तेज मिडफी्ल्डर कह सकते हैं। ये मेरे आक्रामक तेवर मेरे भीतर से आते हैं। जब किसी ओर को बढ़िया खेलते देखती हूं तो मैं ऐसा महसस करती हूं कि मुझे भी यह करना चाहिए। मेरे गांव के लोग कहा करते थे कि मुझे हॉकीको छोड़ कर अपना ध्यान पढ़ाई पर लगाना चाहिए। ऐसे में मेरे परिवार ने हॉकी खेलने के लिए मेरा साथ दिया और अभी भी दे रहा है। मेरे लिए यह समर्थन बेहद खास है।

भारत एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप 2026 क्वॉलिफायर्स में अभियान का आगाज 8 मार्च को उरुग्वे के खिलाफ मैच से कर 9 मार्च को स्कॉटलैंड और 11 मार्च को वेल्स से खेलेगा।

ऑस्ट्रिया की कप्तान चेक बोलीं,भारत में बढ़िया हॉकी खेलना चाहते हैं
ऑस्ट्रिया की टीम शिरकत करने हैदराबाद पहुंची :ऑस्ट्रिया की महिला हॉकी टीम आठ देशों के एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप क्वॉलिफायर्स 2026 में शिरकत करने के लिए बृहस्पतिवार को हैदराबाद पहुंच गई। चार बार महिलाहॉकी विश्व कप के लिए क्वॉलिफाई कर चुकी ऑस्ट्रिया की टीम ने 1981 के बाद से इसके लिए क्वॉलिफाई नहीं किया है। योहान चेक की अगुआई में इसमें शिरकत करने पहुंची ऑस्ट्रिया की महिला हॉकी टीम ने कहा, ‘हमारी महिला हॉकी टीम पहली बार भारत में खेलने आई है। हम इससे रोमांचित हैं और हम वाकई भारत में बढ़िया हॉकी खेलना चाहते हैं। हमें इसकी तैयारी के लिए बहुत कम वकत् मिला। हम मैदान उतर बढ़िया प्रदर्शन को बेताब हैं।

इटली की कप्तान सारा ने कहा, महिला हॉकी विश्व कप के लिए क्वॉलिफाई को बेताब
अब तक दो बार महिला हॉकी विश्व कप के लिए क्वॉलिफाई करने वाली इटली (1976 व 2018) की टीम एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप क्वॉलिफायर्स, 2026 में शिरकत करने के लिए बुधवार को हैदराबद पहुंची। इटली की कप्तान सारा पुगलिसी ने कहा,‘ हमारी टीम इस टूर्नामेंट के लिए बढ़िया तैयारी कर हैदराबाद पहुंची। हम पूरी तरह तैयारऔर एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप 2026 के लिए क्वॉलिफाई करने को बेताब हैं। हमने इसी मकसद से तैयारी की है।‘