लक्ष्य है एशिया कप जीत सीधे 2026 महिला हॉकी विश्व कप के लिए क्वॉलिफाई करना : सलीमा टेटे

The goal is to win the Asia Cup and directly qualify for the 2026 Women's Hockey World Cup: Salima Tete

भारत अपना अभियान थाइर्लैंड के खिलाफ मैच खेल कर करेगा

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : आक्रामक मिडफील्डर सलीमा टेटे की अगुआई में भारत हांगजू(चीन) में 5 से 14 सितंबर तक होने वाले 2025 महिला हॉकी एशिया कप में अपने अभियान का आगाज पूल बी में 5 सितंबर को थाईलैंड के खिलाफ मैच से करेगा। भारत पूल बी में एशिया कप चैंपियन जापान, थाईलैंड और सिंगापुर के साथ है। मेजबान चीन की टीम दक्षिण कोरिया, मलयेशिया व चीनी ताइपे के साथ पूल ए में है। भारतीय महिला हॉकी टीम ने आखिरी बार 2017 में चीन को फाइनल में हरा कर एशिया कप जीता था। भारतीय महिला हॉकी टीम ने पिछल संस्करण में कांसा जीता था और इस बार वह इसमें खिताब जीत सीधे 2026 के एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप के लिए क्वॉलिफाई करने के मकसद से उतरेगी।

महिला हॉकी एशिया कप की बाबत भारत की कप्तान सलीमा टेटे ने कहा,‘हम महिला एशिया कप में अपने अभियान को शुरू करने को लेकर रोमांचित हैं । मौजूदा चैंपियन जापान के पूल बी में होने के कारण शुरू से ही हमारे कौशल और ताकत का इम्तिहान होगा। जापान को अपने पूल के दूसरे ही मैच में सामना होने से हमें खुद को ही शुरु में आंकने का मौका मिलेगा। हमारा फोकस स्मार्ट और अनुशासित हॉकी खेलने और एक समय केवल एक मैच की बाबत सोचने पर होगा। हमारा लक्ष्य एशिया कप जीत सीधे 2026 में होने वाले एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप के लिए क्वॉलिफाई करना है।’

महिला एशिया कप चुनौतीपूर्ण टूर्नामेंट होगा : नवनीत कौर
भारतीय महिला हॉकी टीम की उपकप्तान स्ट्राइकर नवनीत कौर ने अपनी कप्तान सलीमा की राय से इत्तफाक जताया। नवनीत कौर ने कहा, ‘एशिया कप चुनौतीपूर्ण टूर्नामेंट होगा क्योंकि इसमें एशिया की शीर्ष टीमें एक दूसरे का आमना सामना करेंगी। जापान के खिलाफ पूल चरण में खेलना से शुरू में ही बड़े दबाव की हॉकी देखने को मिलेगी। इससे हमें एक इकाई के रूप में मजबूत होने मे मदद मिलेगी। हम एशिया कप के अपने अभियान में बढ़िया प्रदर्शन कर भारत को गौरवान्वित करने को बेताब हैं।’

भारत के महिला एशिया कप 2025 के पूल मैचों का कार्यक्रम :
5 सितंबर: भारत वि थाईलैंड, 6 सितंबर: भारत वि जापान, 8 सितंबर : भारत वि सिंगापुर।

सुपर 4 पूल में शीर्ष दो टीमें फाइनल में खेलेंगी
महिला हॉकी एशिया कप के प्रारूप के मुताबिक दोनों पूल से शीर्ष दो दो टीम सुपर 4 पूल में पहुंचेंगी और वहां हर टीम बाकी तीन टीमों के खिलाफ एक एक मैच खेलेगी। सुपर 4 पूल में शीर्ष दो टीमें फाइनल में खेलेंगी जबकि तीसरे व चौथे स्थान पर रहने वाली टीम तीसरे व चौथे स्थान के लिए भिड़ंगी। पूल ए और पूल बी में सबसे निचले स्थान पर रहने वाली दो टीमें पांचवें से आठवें स्थान के लिए खेलेगी।