बाबरी मस्जिद विध्वंस के आरोपी के बेटे के हत्यारे ने पुलिस को चकमा देकर किया आत्मसमर्पण

The killer of the son of Babri Masjid demolition accused surrendered after dodging the police

अजय कुमार

लखनऊ : बाबरी मस्जिद विध्‍वंस मामले के आरोपी रहे लक्ष्मण सेना के अध्यक्ष रमेश सिंह के बेटे शक्ति सिंह की हत्या के मुख्य आरोपी भाजपा नेता राना नागेश सिंह ने पुलिस को चकमा देते हुए बस्ती के सीजेएम कोर्ट में सरेंडर कर दिया और पुलिस को इस बात की भनक ही नहीं लगी। अब पुलिस कह रही है कि नागेश ने उसी के दबाव में सरेंडर किया है। पुलिस जल्द ही नागेश को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी।

उक्त प्रकरण में अब तक तीन आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने सभी फरार हत्यारोपियों के खिलाफ 15-15 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। बता दें दुबौलिया के गौरा-सैफाबाद तटबंध पर सरयू नदी किनारे बीते 26 सितंबर को एक युवक का शव बोरे में मिला था। उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। देर शाम शव की पहचान नगर थाने के रानीपुर निवासी शक्ति सिंह (32) पुत्र रमेश सिंह के रूप में हुई। नगर पुलिस ने गत दिनों ही शक्ति के गुमशुदगी का केस दर्ज किया था। शव मिलने पर शक्ति सिंह के भाई विक्रम प्रताप सिंह ने नगर पुलिस को तहरीर दी थी। पुलिस ने भाजपा नेता राना नागेश सिंह, रवि सिंह, शैलेश सिंह और मनोज शुक्ला और कुछ अन्य के खिलाफ अपहरण कर हत्या और शव छिपाने का केस दर्ज किया था। पुलिस ने नामजद आरोपी रवि सिंह, शैलेश सिंह को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। राना नागेश सिंह ने आज सोमवार को आत्मसमर्पण कर दिया।