- जयपुर में 13वां ग्लोबल स्पाइस सम्मिट का दो दिवसीय सफल आयोजन
- देशभर से करीब 300 मसाला कारोबारियों ने की शिरकत
- राजस्थान के कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने मसालों के उत्पादन और गुणवत्ता पर दिया जोर
नीति गोपेन्द्र भट्ट
जयपुर/ नई दिल्ली : राजस्थान के कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि मसाला उद्योग केवल स्वाद से नहीं, बल्कि तकनीक, गुणवत्ता और आयात-निर्यात से जुड़ा एक बड़ा आर्थिक क्षेत्र है, जिसमें राजस्थान अग्रणी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। डॉ. मीणा ने मसालों के उत्पादन और गुणवत्ता पर जोर दिया ।
डॉ मीणा शनिवार को एनएनएस समूह, दिल्ली द्वारा जयपुर के राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित एवं एमडीएच ग्रुप द्वारा प्रायोजित दो दिवसीय 13वां ग्लोबल स्पाइस सम्मिट के समापन अवसर पर संबोधित कर रहे थे। यह मसाला महाकुंभ मसाला उद्योग से जुड़े व्यवसायियों के लिए कारगर साबित हुआ। उन्होंने कृषि विभाग और मसाला उद्योग के बीच मजबूत समन्वय की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि ऐसे सम्मिट और एग्जीबिशन के माध्यम से किसानों को जोड़ना जरूरी है। किसानों को मसाला फसलों की वैज्ञानिक खेती, भंडारण, कीट नियंत्रण और बाजार व्यवस्था की जानकारी देकर उत्पादन और गुणवत्ता दोनों बढ़ाई जा सकती है। उन्होंने फसल को उचित मूल्य और बाजार उपलब्ध कराने, फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने तथा किसान-संवाद मजबूत करने पर विशेष जोर दिया।
डॉ मीणा ने कहा कि मुख्यम़ंत्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान सरकार किसानो की खुशहाली और कृषि विकास के लिए विभिन्न योजनाओं और क्रार्यक्रमों का प्रभावी संचालन कर रही है। किसानो के हित में राज्य सरकार लगातार फैसले भी कर रही ताकि कृषि उत्पादन एवं आय में वृद्वि हो सके। राज्य सरकार ने कृषि निर्यात बढ़ाने पर फोकस करते हुए , अगले वर्ष कॉन्क्लेव ऑन स्पाइसेज के आयोजन का निर्णय* भी लिया है। डॉ मीणा ने सम्मिट के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दी। अपने संबोधन के बाद उन्होंने गणमान्य अतिथियों को मोमेंटों प्रदान कर सम्मानित किया तथा मसाला विशेषांक पत्रिका का विमोचन भी किया।
एनएनएस समूह द्वारा आयोजित एवं एमडीएच ग्रुप द्वारा प्रायोजित दो दिवसीय 13वां ग्लोबल स्पाइस सम्मिट शनिवार को जयपुर में सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। सम्मिट में मसाला उद्योग से जुड़े राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञों, उद्यमियों और नीति-निर्माताओं ने भाग लेकर मसाला उद्योग के भविष्य की दिशा पर व्यापक मंथन किया।
सम्मिट के दौरान हल्दी, जीरा, धनिया और लाल मिर्च जैसे प्रमुख मसालों पर विशेष पैनल डिस्कशन आयोजित हुआ, जिसमें उत्पादन, गुणवत्ता, निर्यात, मूल्य रुझान और नई तकनीकों पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही मसाला उद्योग में एआई तकनीक पर भी एक विशेष सत्र आयोजित हुआ। थीम “मसाला क्षेत्र के स्थायी विकास के लिए रणनीतिक रोडमैप” पर केंद्रित सत्रों में उद्योग के दीर्घकालिक विकास और वैश्विक प्रतिस्पर्धा पर जोर दिया गया।
सम्मिट में विशेष अतिथि के रूप में एमडीएच प्रा. लि. के प्रतिनिधि, धर्मपाल सत्यपाल फूड्स लि. के प्रतिनिधि, अडानी फूड प्रोडक्ट्स के मार्केटिंग हेड कश्यप टोलिया, सीपी मसाले के प्रतिनिधि, एनसीडीईएक्स के प्रतिनिधि, गो ग्रीन वेयर हाउसेस के डायरेक्टर, को-फाउंडर एवं सीईओ संतोष कुमार साहू, सेसोटेक इंडिया प्रा. लि. के मैनेजिंग डायरेक्टर मकरंड मांडके तथा हमदर्द लैबोरेटरीज इंडिया (फूड डिवीजन) के एजीएम अनूप भटनागर शामिल रहे। एनएनएस मीडिया ग्रुप के सीएमडी राजेश गुप्ता एवं डायरेक्टर अक्षय गुप्ता ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। सम्मिट के प्रमुख प्रायोजकों में कैच साल्ट एंड स्पाइसेस (एसोसिएट स्पॉन्सर), अडानी स्पाइसेस (प्लैटिनम स्पॉन्सर) और सीपी मसाले (डायमंड स्पॉन्सर) रहे। एनसीडीईएक्स एक्सचेंज पार्टनर रहा, जबकि सेसोटेक इंडिया, हमदर्द खालिस मसाले और गो ग्रीन वेयरहाउसेस सिल्वर स्पॉन्सर रहे। नॉलेज पार्टनर यूनीबाउंड रहा। मीडिया पार्टनर्स में दैनिक जलते दीप, दैनिक व्यापार केसरी और बिजनेस स्टार शामिल रहे, जबकि आउटडोर मीडिया पार्टनर ग्लोबल एडवरटाइजर्स प्रा. लि. रहा। दो दिनों तक चले इस सम्मेलन ने मसाला उद्योग को नई दिशा, नेटवर्किंग के अवसर और नीति स्तर पर संवाद का मजबूत मंच प्रदान किया।
भट्ट सम्मानित
कार्यक्रम में राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के सलाहकार गोपेन्द्र नाथ भट्ट को एनएनएस मीडिया ग्रुप के सीएमडी राजेश गुप्ता ने सम्मानित किया।





