नव नियुक्त जिलाधिकारी आईएएस रविन्द्र कुमार मांदड़ ने श्री दूधेश्वर नाथ मठ महादेव मंदिर में रूद्राभिषेक कर, किया आशीर्वाद प्राप्त

The newly appointed District Magistrate IAS Ravindra Kumar Mandhad performed Rudrabhishek at Shri Dudheshwar Nath Math Mahadev Temple and received blessings

मनीष कुमार त्यागी

  • पदभार सम्भालने के उपरान्त की प्रेस वार्ता, अधिकारियों से की शिष्टाचार भेंट
  • शिकायतों का निस्तारण, नवाचार के माध्यम से जनपद का विकास कराना प्राथमिकता – रविन्द्र कुमार मांदड़
  • जनपद को स्वच्छ, हरित, सुन्दर, प्रदूषण मुक्त बनाते हुए चहुंमुखी विकास कराना लक्ष्य – रविन्द्र कुमार मांदड़

गाजियाबाद : जनपद गाजियाबाद के नव नियुक्त जिलाधिकारी आईएएस रविन्द्र कुमार मांदड़ ने गाजियाबाद आगमन पर सर्वप्रथम श्री दूधेश्वर नाथ मठ महादेव मंदिर में रूद्राभिषेक कर आशीर्वाद प्राप्त किया। तदोपरांत कलेक्ट्रेट पहुंच गाजियाबाद के जिलाधिकारी का पदभार सम्भाला। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स एवं नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने नव नियुक्त जिलाधिकारी को पुष्प गुच्छ भेंट कर शुभकामनाएं दी। इसके बाद जिलाधिकारी द्वारा दुर्गावती देवी सभागार, विकास भवन में प्रेस वार्ता की गयी।

प्रेस वार्ता के दौरान जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ ने कहा कि आम जन, किसानों, व्यापारियों, उद्यमियों, मीडिया बन्धुओं सहित जो भी संज्ञान में आयेगी, उस समस्या का पूर्ण गुणवत्ता के साथ निस्तारण करना हमारी प्राथमिकता रहेगी। सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का वृहद स्तर पर प्रचार—प्रसार कराते हुए लोगों को संचालित योजनाओं के विषयक जागरूक किया जायेगा, जिससे प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजना का लाभ मिल सकेगा। जनपद के चहुंमुखी विकास हेतु नवाचार के साथ कार्य किया जायेगा। जनपद के प्रत्येक युवा को रोजगार दिलाने और जनपद देश—प्रदेश की उन्नति में अहम भागीदारी निभायें, इसके लिए हर सम्भव प्रयास करेंगे। पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, वृक्षारोपण, स्वच्छता मिशन सहित अन्य मिशन के प्रति जनता में जागरूकता लाते हुए उन्हें सभी मिशनों में सहयोग करने हेतु प्रेरित किया जायेगा। जिससे हमारा जनपद स्वच्छ, हरित, सुन्दर, प्रदूषण मुक्त एवं चहुंमुखी विकास करेगा। उन्होने अंत में कहा कि मीडिया बन्धुओं को यदि कोई समस्या आती है तो मै उसके शीघ्र निस्तारण हेतु हर सम्भव प्रयास करूंगा।

प्रेस वार्ता के बाद अधिकारियों के साथ शिष्टाचार भेंट वार्ता हुई। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल, एडीएम एल/ए विवेक मिश्र, एडीएम एफ/आर सौरभ भट्ट, एडीएम सिटी विकास कश्यप, सिटी मजिस्ट्रेट डॉ.सन्तोष कुमार उपाध्याय, एसडीएम सदर अरूण दीक्षित, एसडीएम लोनी राजेन्द्र कुमार सहित अन्य अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।