पाकिस्तान की जनता पर लग रहे है झटके पर झटके

The people of Pakistan are facing shock after shock

अशोक भाटिया

पाकिस्तान की जनता पर लग रहे है झटके पर झटके एक तो भारत के धुरंधर क्रिकेट टीम ने T20 वर्ल्डकप में पाकिस्तान को 61 रनों से करारी हार दी है तो वहीं दूसरी तरफ पाकिस्तान में अब डीजल-पेट्रोल और महंगा हो गया है. पाकिस्तानी सरकार ने अगले 15 दिनों के लिए पेट्रोल की कीमत 5 रुपये प्रति लीटर और हाई-स्पीड डीजल की कीमत 7.32 रुपये प्रति लीटर बढ़ा दी है. यह जानकारी पाकिस्तानी न्यूज चैनल, Geo News ने दे रही है. नई रेट सोमवार, 16 फरवरी से लागू होंगी.

अब पाकिस्तान में पेट्रोल 258.17 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर में मिलेगा, जो पहले 253.17 रुपये था. वहीं डीजल की कीमत बढ़कर 275.70 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर हो गई है, जो पहले 268.38 रुपये थी. बता दें कि पाकिस्तान में फ्यूल की कीमतों की समीक्षा हर 15 दिन में की जाती है. ये कीमतें अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार में उतार-चढ़ाव, डॉलर के मुकाबले रुपये की स्थिति और देश के अंदर टैक्स में बदलाव के आधार पर तय की जाती हैं.

पाकिस्तान में हाई-स्पीड डीजल की कीमतें ज्यादा चिंता का विषय रहती हैं, क्योंकि इसका इस्तेमाल परिवहन, खेती और बिजली उत्पादन में बड़े पैमाने पर होता है. डीजल महंगा होने से महंगाई बढ़ती है और जरूरी सामानों की कीमतें भी ऊपर जाती हैं.

Geo News के मुताबिक पेट्रोल का इस्तेमाल छोटी गाड़ियों, रिक्शा और दोपहिया वाहनों में ज्यादा होता है. पेट्रोल की कीमतें डीजल जितनी बड़ी समस्या नहीं मानी जातीं, लेकिन इससे मध्यम और निम्न-मध्यम वर्ग के परिवारों के बजट पर असर पड़ता है, जो रोजमर्रा की आवाजाही के लिए पेट्रोल वाहनों का इस्तेमाल करते हैं. इससे पहले 1 फरवरी की 15 दिन वाली समीक्षा में पाकिस्तान सरकार ने हाई-स्पीड डीजल की कीमत 14 रुपये प्रति लीटर घटाई थी. तब डीजल की कीमत 282.38 रुपये से घटाकर 268.38 रुपये प्रति लीटर कर दी गई थी, जबकि पेट्रोल की कीमत 253.17 रुपये प्रति लीटर पर ही रखी गई थी.

पाकिस्तान में इस समय सिर्फ बारूदी बम ही नहीं बल्कि महंगाई वाले बम भी फट रहे हैं, जो शहबाज शरीफ और जनरल मुनीर के लिए एक बड़ी चुनौती बन गई है. आर्थिक मोर्चे पर देश गंभीर संकट में है. एक रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान में गेहूं की कीमतों में एक महीने में 30 से 50 प्रतिशत की वृद्धि हुई है. विश्व बैंक ने भी 2025-26 के लिए पाकिस्तान की जीडीपी वृद्धि दर केवल 2.6 प्रतिशत रहने का अनुमान लगाया है. देश में आम जनता महंगाई से बुरी तरह प्रभावित है. स्थिति ऐसी है कि चिकन से भी महंगा टमाटर बिक रहा है. चिकन की कीमत जहां ₹600 प्रति किलोग्राम है, वहीं लाहौर, कराची और पेशावर जैसे शहरों में टमाटर ₹700 प्रति किलोग्राम तक पहुंच गया है.

दूसरी ओर बलूचिस्तान में एक बार फिर बलूच विद्रोहियों ने पाकिस्तानी सेना और सुरक्षाबलों को निशाना बनाते हुए बड़े पैमाने पर हमले किए हैं. इन हमलों को बलूचिस्तान की आजादी की मांग करने वाले बलूच विद्रोही गुटों ने अंजाम दिया है. कई इलाकों में पाकिस्तानी सुरक्षाबल बैकफुट पर नजर आए और कुछ स्थानों पर सरकारी संस्थानों को आग के हवाले कर दिया गया.

ये हमले चार शहरों में किए गए- तुरबत, केच, क्वेटा और पंजगुर. तुरबत के डी बलोच इलाके में पाकिस्तानी सुरक्षाबलों पर ग्रेनेड हमला हुआ. अभी तक हताहतों या नुकसान की पुष्टि नहीं हो सकी है. वहीं केच जिले के बुलेदा इलाके में जोरदार विस्फोटों और भारी गोलीबारी की खबरें हैं. इस क्षेत्र में संचार सीमित होने के कारण विस्तृत जानकारी नहीं मिल पाई है.

बलूचिस्तान की राजधानी कोटा में हजारगंजी और फैजाबाद इलाकों में पाकिस्तानी सेना की चौकियों पर दो ग्रेनेड हमले किए गए. पंजगुर के वाशबोद इलाके में CPEC हाइवे को बंद कर हथियारबंद लोगों ने वाहनों की तलाशी ली और यात्रियों की पहचान जांची गई.

बताया जाता है कि पाकिस्तान में दो पुलिस वाहन जब्त किए गए और उनमें मौजूद हथियार कब्जे में लिए गए. इसके अलावा एक पुलिस थाने को कब्जे में लेकर उसमें आग लगा दी गई. बोनिस्तान इलाके की एक चेकपोस्ट भी हमलावरों के नियंत्रण में आ गई. सरकारी समर्थन प्राप्त मिलिशिया ‘डेथ स्क्वाड’ के कमांडर कासिम के नेतृत्व में काम करने वाले कुछ सदस्यों के घायल होने की खबर है.

हाल ही में हौशाब जिले में एक बड़ा सशस्त्र अभियान हुआ, जिसमें विद्रोहियों ने इलाके का नियंत्रण अपने हाथ में ले लिया. NADRA कार्यालय और लेविज स्टेशन को जला दिया गया. इसके अलावा M8 CPEC हाइवे पर एक नाकेबंदी के दौरान 10 गैर-स्थानीय नागरिकों को बंधक बना लिया गया.

बहरहाल मैदान पर टीम इंडिया के गेंदबाजों ने विकेट उखाड़े, तो उधर पाकिस्तान में न जाने कितने टीवी टूटे होंगे। कोलंबो में भारत से मिली शर्मनाक हार के बाद एक पाकिस्तानी फैन का वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह वायरल हो रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि कैसे एक शख्स हार की ‘बेइज्जती’ बर्दाश्त नहीं कर पाया और हाथ में बल्ला लेकर अपने ही घर के टीवी के परखच्चे उड़ा दिए।

दरअसल, पाकिस्तानी फैन वकार आजम ने जो वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने गुस्से वाले दो इमोजी और एक दिल टूटने वाला इमोजी लगाया। इतना ही उन्होंने अपने कैप्शन में लिखा, “भारत ने पाकिस्तान को फिर हरा दिया और मैंने गुस्से में अपना टीवी तोड़ दिया”। वीडियो वायरल होने पर लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया भी दी।

वहीं, पाकिस्तान में एक यू-ट्यूब चैनल के शो के दौरान भी फैन ने गुस्से में टीवी तोड़ दिया। मालूम हो कि पाकिस्तान में भारत से हार के बाद टीवी तोड़ना अब आम बात हो गई है। हर बार जब पाकिस्तान टीम को हार मिलती है तो पड़ोसी मुल्क में इसी तरह टीवी तोड़े जाते रहे हैं।

गौरतलब है कि पाकिस्तान की टीम टी20 विश्व कप में भारत के खिलाफ अब तक इतिहास में केवल एक ही बार जीत हासिल कर पाई है। टी20 विश्व कप की ही बात करें तो भारत और पाकिस्तान के बीच कुल 9 बार टक्कर हुई है जिसमें से 8 बार भारतीय टीम को जीत मिली है, जबकि सिर्फ एक बार पाकिस्तान ने जीत का स्वाद चखा है। 2021 के बाद से तो लगातार भारतीय टीम विश्व कप में चिर प्रतिद्वंद्वी टीम को मात दे रही है।