वैभव सूर्यवंशी बोले, पॉवरप्ले में शुरू से ही दे दनादन की हमारी योजना कारगर रही
सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली : ‘वंडर ब्वॉय’ वैभव सूर्यवंशी अपना 15 वां जन्मदिन मनाने के तीन दिन बाद 19 वें आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के लिए उसके ‘दूसरे घरेलू मैदान‘ गुवाहाटी में सोमवार को खेलने उतरे और मात्र 15 गेंदों में पांच छक्कों और चार चौकों की मदद से अर्द्धशतक जड़ उसे 47 गेंदों के बाकी रहते उसे चेन्नै सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ दो विकेट पर 128 पर पहुंचा आठ विकेट से जीत दिला कर छा गए। मैन ऑफ द’ मैच राजस्थान रॉयल्स के दक्षिण अफ्रीकी तेज गेंदबाज नैंड्रे बर्गर (2/26) व इंग्लैंड के जोफ्रा आर्चर (2/19) के साथ सीएसके द्वारा ट्रेड किए अनुभवी बाएं हाथ के स्पिनर रवींद्र जडेजा (2/18) ने सीएसके को पहले बल्लेबाजी की दावत देकर जैमी ओवरटन (43 रन, 36 गेंद, 2छक्के, 2 चौके) की तेज पारी के बावजूद उसे मात्र 126 पर ढेर कर दिया था।
आईपीएल 2026 में अपने दूसरे सीजन में राजस्थान रॉयल्स के लिए तूफानी अर्द्धशतक जड़ कर वैभव सूर्यवंशी ने दिखा वह टीम इंडिया के भविष्य के स्टार हैं। आलोचक कह सकते हैं कि वैभव सूर्यवंशी का पारी के शुरू में न्यूजीलैंड के गेंदबाज मैट हेनरी की गेंद पर सीएसके लिए आईपीएल में अपना पहला मैच खेल कार्तिक शर्मा ने डीप मिडविकेट पर कैच टपकाया था लेकिन यह बात भी समझनी होगी कि आप जितना तेज दौड़ेंगे उतना ही आपके गिरने की आशंका भी बनी रहती है। वैभव सूर्यवंशी ने इस मौके का लाभ उठाया और मात्र 17 गेंदों पर वह पांच छक्कों और चार चौकों की मदद से पॉवरप्ले में सीएसके के तेज गेदबाज अंशुल काम्बोज की गेंद को उड़ाने की कोशिश में अंतत: सातवें ओवर की दूसरी गेंद पर डीप एक्स्ट्रा कवर पर कैच थमा आउट हुए और राजस्थान रॉयल्स ने अपना पहला विकेट 75 रन पर खोया।
वैभव सूर्यवंशी ने कहा, ‘ हमारी राजस्थान रॉयल्स की टीम पॉवरप्ले का पूरा इस्तेमाल कर अधिक से अधिक रन बनाना चाहती थी और इसलिए मैंने क्रीज पर उतर पहली ही गेंद से दे दनादन की नीति बनाई। हम पॉवर प्ले में अपनी योजना को अमली जामा पहनाना चाहते थे। शुरू में पिच पर गेंद कुछ रुक कर आ रही थी लेकिन पुरानी पड़ने पर बढ़िया ढंग से बल्ले पर आई। मैं गेंद को रोकने और डिफेंस की बाबत भी सोचता हूं पर सोमवार को हम पॉवरप्ले में अपनी योजना को अमली जामा पहनाना चाहते थे पर हमारे सामने जीत के लिए छोटा लक्ष्य था। दरअसल छोटे लक्ष्यों का पीछा करते हुए मैच का फैसला पावरप्ले में ही हो जाता है। हमारे लक्ष्य का पीछा करते हुए यदि गेंदबाजी कर रही टीम ने पॉवरप्ले में अच्छी गेंदबाजी की होती तो मैच उनके पक्ष में जा सकता था। पॉवरप्ले में शुरू से ही दे दनादन की हमारी योजना कारगर रही। हमारे राजस्थान रॉयल्स के टीम प्रबंधन ने मुझे मेरा नैसर्गिक खेल खेलने के लिए प्रोत्साहित किया और आईपीएल शुरू होने से पहले इसके लिए मैंने बढ़िया ढंग से तैयारी भी की। हमारी राजस्थान टीम के प्रबंधन ने मुझसे खुद के नैसर्गिक खेल पर भरोसा कर अपनी बल्लेबाजी का लुत्फ उठाने को कहा। हमारे क्रिकेट उस्तादों ने मेरा पूरा साथ दिया। यशस्वी जायसवाल ने मुझे एक रन लेने को नहीं बल्कि यह कहा कि गेंद बल्ले पर बढ़िया ढंग से आ रही है और अपने अंदाज में खेलते रहो।
खुश हूं प्रतिभाशाली वैभव सूर्यवंशी हमारी टीम में है : रेयन पराग
सीएसके के खिलाफ मैच जीतने के बाद राजस्थान रॉयल्स के मैच जीतने के बाद कप्तान रियान पराग ने कहा,‘ बारिश के बाद लाल मिट्टी की पिच पर टॉस जीतना हमारी खुशकिस्मती और इस पर हमारे गेंदबाजों ने योजना को अमली जामा पहनाया।
कप्तानी को लेकर बहुत तैयारियां की और हमारा लक्ष्य इस बार आईपीएल ट्रॉफी जीतना है। हम खुद को हालात के मुताबिक ढाल कर स्मार्ट क्रिकेट खेलना चाहते थे और हमने सोमवार को यही किया भी। हम वैभव पर दबाव नहीं डालते और उन्हें मैदान के बाहर के शोर की बाबत नहीं बताना चाहते। मैं बहुत खुश हूं कि प्रतिभाशाली वैभव किसी अन्य नहीं बल्कि हमारी टीम में है।
वैभव को बल्लेबाजी पसंद है और हमारी कोशिश होती है कि नेटस पर उन्हें इसका पूरा मौका मिले। मैंने वैभव सूर्यवंशी से यही कहा कि तुम आईपीएल 2026 में टीम के लिए सभी 14 मैच खेलोगे और मीडिया में जो कुछ चल रहा है उससे तुम्हें परेशान होने की जरूरत नहीं है। मैंने टीम के क्रिकेट उस्तादों से भी यही कहा है कि वैभव सूर्यवंशी जितना खेलना चाहते हैं, उन्हें खेलने दें। मैं और ध्रुव जुरेल ने मैदान से बाहर बैठे वैभव सूर्यवंशी को शुरू के दो तीन ओवर बल्लेबाजी करते देखा तो हम हैरान थे कि पिच पर गेंद के रुक कर आने के बावूजद वह कितने बढ़िया ढंग से गेंद को उड़ा रहे हैं। हमने दर्शकदीर्घा में बैठे क्रिकेट प्रेमियों की तरह वैभव की बल्लेबाजी का लुत्फ उठाया। हम वैभव की बल्लेबाजी पर उनकी तारीफ करने से खुद को रोक नहीं पाए।
यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी पारी का आगाज करेंगे, ध्रुव जुरेल तीसरे, हेटमायर पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे और हम बाएं और दाएं हाथ का बल्लेबाज चाहते हैं और हमारा बल्लेबाजी क्रम यही है। हम अपने इसी बल्लेबाजी क्रम के साथ कुछ और मैच जीतना चाहते हैं। तेज गेंदबाजों सहित हमारे सभी गेदबाजों ने बढ़िया गेंदबाजी। गुवाहाटी की पिच जड्डू (रवींद्र जडेजा) को रास आती है।
हमें पहले मैच की हार को भुला कर आगे बढ़ना होगा : गायकवाड़
राजस्थान रॉयल्स के हाथों अपनी टीम की हार के बाद सीएसके कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने कहा,‘मेरा मानना है कि मैच में शुरू में बल्लेबाजी के लिए स्थितियां मुश्किल थी, खासतौर पर तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर के खिलाफ। हमारे लिए तेज गेंदबाजों के खिलाफ बल्लेबाजी मुश्किल थी ही स्पिनरों को भी पिच से मदद मिल रही थी। हम कुछ और टिक कर बल्लेबाजी का सकते थे। वहीं आज आप यह अनुमान नहीं कर सकते कि बढ़िया स्कोर क्या होगा और इसीलिए आपको ज्यादा से ज्यादा रन बनाने की कोशिश करनी होती है। अब हमें पहले मैच की हार को भुला कर आगे बढ़ना होगा। हमें अपना अलग मैच तीन दिन बाद खेलना है। हमारी टीम में कई नौजवान खिलाड़ी हैं और हमारी शुरुआत अच्छी नहीं रही लेकिन इसे भुला कर आगे बढ़ना अच्छा होगा। मैं हर तरह से पूरी ताकत लगाने का समर्थक नहीं हूं, लेकिन आप इम्पैक्ट प्लेयर के साथ सही स्कोर नहीं जान सकते, 150-170 का स्कोर आसानी से हासिल किया जा सकता है।





