‘उत्तर दा पुत्तर’ का टाइटल सॉन्ग रिलीज़, अन्नू कपूर की फिल्म ने बढ़ाया उत्साह

Title song of 'Uttar Da Puttar' released; Annu Kapoor's film builds excitement

मुंबई (अनिल बेदाग) : 24 जुलाई को रिलीज़ होने जा रही अन्नू कपूर स्टारर फिल्म ‘उत्तर दा पुत्तर’ ने अपने धमाकेदार टाइटल सॉन्ग के साथ दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है। हास्य, व्यंग्य और जोशीले संगीत से सजा यह गीत फिल्म की अनोखी दुनिया की झलक पेश करता है। रोमी की दमदार आवाज़, रोहित शर्मा के संगीत और निर्देशक रविंदर सिवाच के चुटीले बोल इस ट्रैक को खास बनाते हैं। फिल्म “करम बड़े या किस्मत?” जैसे दिलचस्प सवाल को मनोरंजक अंदाज़ में दर्शकों के सामने रखती है।

निर्माता संदीप कपूर ने कहा, “यह टाइटल सॉन्ग फिल्म की आत्मा को बेहद मनोरंजक और सहज अंदाज़ में प्रस्तुत करता है। इसकी ऊर्जा और मस्ती हर उम्र के दर्शकों को पसंद आएगी।” वहीं निर्देशक और गीतकार रविंदर सिवाच ने कहा, “हम चाहते थे कि टाइटल ट्रैक सुनते ही दर्शक फिल्म के मूड और उसकी अलग पहचान से जुड़ जाएँ। इस गीत में हास्य, व्यंग्य और मनोरंजन का संतुलन है, जो फिल्म की मूल भावना को सामने लाता है।”

प्रोमोडोम मोशन पिक्चर्स के बैनर तले बनी इस फिल्म में अन्नू कपूर के साथ रुखसार रहमान, बृजेंद्र काला, पवन मल्होत्रा, इश्तियाक खान, जीवेशु अहलूवालिया, राजेंद्र सेठी, सुमित गुलाटी और नितिन अरोड़ा अहम भूमिकाओं में नज़र आएंगे। ‘उत्तर दा पुत्तर’ 24 जुलाई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।