टीएमयू के फिजिकल एजुकेशन कॉलेज ने मेडिकल की टीम को 108 रनों से रौंदा

TMU's College of Physical Education defeated Medical team by 108 runs

रविवार दिल्ली नेटवर्क

तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी की इंटरकॉलिजिएट चैंपियनशिप में क्रिकेट के फाइनल मुकाबले में भिड़ेंगी फिजिकल एजुकेशन और सीसीएसआईटी की टीमें

  • फिजिकल के अंकित कुमार ने खेली 106 रनों की शतकीय पारी
  • विस्फोटक पारी में 12 चौके और पांच बेहतरीन छक्के भी ठोंके
  • अंततः फिजिकल के अंकित को मैन ऑफ द मैच चुना गया
  • मेडिकल की पूरी टीम 13 ओवरों में 78 रनों पर ऑल आउट
  • सीसीएसआईटी के सुशांत सिंह को मैन ऑफ द मैच का खिताब

तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी, मुरादाबाद की इंटरकॉलिजिएट चैंपियनशिप के तहत टी-20 के क्रिकेट प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में फिजिकल एजुकेशन कॉलेज के उम्दा गेंदबाजों और बल्लेबाजों के सामने तीर्थंकर महावीर मेडिकल कॉलेज की टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई। फिजिकल एजुकेशन के बॉलर्स नें जबर्दस्त प्रदर्शन करते हुए मेडिकल कॉलेज की टीम को 108 रनों के बड़े अंतर से पराजित किया। फिजिकल की टीम ने टॉस जीतकर बैटिंग चुनी। टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 186 रनों का विशाल स्कोर बनाया। फिजिकल एजुकेशन की ओर से अंकित कुमार ने असाधारण बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए मात्र 52 गेंदों पर 106 रनों की विस्फोटक पारी खेली। इस शानदार शतकीय पारी में 12 चौके और 5 बेहतरीन छक्के शामिल रहे। अंततः अंकित यादव को मैन ऑफ द मैच चुना गया। कॉलेज ऑफ मेडिकल की ओर से आबिद, रजत, अनुभव और राहुल सिंह ने विकेट तो जरूर हासिल किए, लेकिन वे फिजिकल एजुकेशन कॉलेज की तेज रन गति पर ब्रेक नहीं लगा सके। अब फाइनल मुकाबले में फिजिकल एजुकेशन कॉलेज और सीसीएसआईटी कॉलजे भिड़ेंगे। दूसरे सेमीफाइनल में सीसीएसआईटी कॉलेज ने पैरामेडिकल कॉलेज को 39 रनों से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।

187 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी कॉलेज ऑफ मेडिकल की टीम शुरुआत से ही दबाव में आ गई और नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। फिजिकल एजुकेशन कॉलेज के गेंदबाजों की सटीक लाइन और लेंथ के सामने मेडिकल कॉलेज की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई। पूरी टीम मात्र 78 रन पर 13 ओवरों में ऑल आउट हो गई। मेडिकल कॉलेज का कोई भी बल्लेबाज क्रीज पर टिककर बड़ी पारी खेलने में सफल नहीं हो सका। फिजिकल एजुकेशन की ओर से कृष्णा मोदनवाल ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए 2 ओवरों में केवल 6 रन देकर 2 महत्वपूर्ण विकेट झटके। प्रत्युष द्विवेदी ने 1 ओवर में मात्र 2 रन देकर 2 विकेट लेकर मेडिकल कॉलेज की उम्मीदों पर पूरी तरह विराम लगा दिया। सैफ साबिर ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 1 रन देकर 1 विकेट हासिल किया, जबकि विजय गुप्ता और अभिषेक सगवान ने भी अहम विकेट चटकाकर विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा।

सीसीएसआईटी और पैरामेडिकल कॉलेज के बीच दूसरे सेमीफाइनल में सीसीएसआईटी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.5 ओवरों की समाप्ति पर अपने सभी विकेट खोकर 149 रन बनाए। सीसीएसआईटी की तरफ से सुशांत सिंह ने 25 गेंदों में 3 चौके और 1 छक्का की मदद से 34 रनों की पारी खेली। सीसीएसआईटी की ओर से सूरज ने 3 ओवरों में 2 विकेट अपने नाम किए। सीसीएसआईटी ने ये मुकाबला 39 रनों से जीतकर फाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली है। मैन ऑफ द मैच का खिताब सीसीएसआईटी के सुशांत सिंह को मिला। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पैरामेडिकल की टीम पूरे 20 ओवरों में 8 विकेट खोकर महज 111 रन बना सकी। पैरामेडिकल की तरफ से मो. आमिर ने 29 गेंदों में 32 रन बनाकर सबसे बेहतरीन बल्लेबाज साबित हुए। अपनी पारी में मो. आमिर ने 3 चौके लगाए। पैरामेडिकल की तरफ से कैफ ने 3 विकेट अपने नाम किया। मैच में श्री जमाल और श्री सतेंद्र कुमार ने अंपायर, जबकि स्कोरिंग की जिम्मेदारी जय किशन, जॉय सैमुअल और सार्थक कुमार ने निभाई।