उत्तर-पश्चिम जिले में अपराध पर सख्त वार

Tough action against crime in North-West district

हरीश शर्मा

नई दिल्ली : डीसीपी आईपीएस आकांक्षा यादव की अगुवाई में पुलिस का बड़ा अभियान। दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिले में स्ट्रीट क्राइम और अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस का सख्त अभियान लगातार जारी है। पुलिस उपायुक्त आईपीएस आकांक्षा यादव के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने अवैध शराब तस्करी, अवैध हथियार और जुआ जैसी गतिविधियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार जिले के अलग-अलग इलाकों में की गई कार्रवाई के दौरान 15 शराब तस्करों को गिरफ्तार कर 269.75 लीटर अवैध शराब बरामद की गई। जांच में सामने आया कि यह शराब पड़ोसी राज्यों से लाकर स्थानीय क्षेत्रों में सप्लाई की जा रही थी। पुलिस अब पूरे सप्लाई नेटवर्क को खत्म करने के लिए आगे की जांच कर रही है। इसके अलावा आर्म्स एक्ट के तहत 14 मामलों में 17 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 02 देशी कट्टे, 04 जिंदा कारतूस, 12 बटनदार चाकू, 01 चोरी का मोबाइल फोन और 01 चोरी की मोटरसाइकिल (DL-7SBU-5088) बरामद की है। जुआ के खिलाफ भी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 02 जुआरियों को गिरफ्तार किया और जुआ खेलने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जब्त की। निवारक कार्रवाई के तहत भी पुलिस ने सख्ती दिखाई। 126/170 BNSS के तहत 19 व्यक्तियों को गिरफ्तार, 40 (A&B) एक्साइज एक्ट में 05 लोगों को पाबंद, 65 डीपी एक्ट में 433 लोगों को हिरासत में लिया गया तथा 66 डीपी एक्ट के तहत 19 वाहनों को जब्त किया गया। पुलिस उपायुक्त आईपीएस आकांक्षा यादव की सख्त निगरानी और सक्रिय रणनीति के कारण जिले में अपराधियों पर लगातार दबाव बना हुआ है। उनके नेतृत्व में पुलिस की यह कार्रवाई यह दर्शाती है कि उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम जनता को सुरक्षित माहौल देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। डीसीपी आकांक्षा यादव ने जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि मिलकर अपराध-मुक्त और सुरक्षित समाज बनाया जा सके।