पंकज शर्मा
हाथरस : शहर के एक मोहल्ले में शादी के दो दिन बाद ही दुल्हन गहने और नकदी लेकर फरार हो गई। घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया और पीड़ित पक्ष ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार मोहल्ला मढ़ैया निवासी रामदास की शादी 27 फरवरी को एक युवती के साथ मंदिर में कराई गई थी। बताया जा रहा है कि शादी के लिए लड़की पक्ष की ओर से आर्थिक स्थिति कमजोर बताई गई थी, जिसके चलते लड़के वालों ने ही शादी का अधिकांश खर्च उठाया।
परिजनों के मुताबिक शादी के बाद दुल्हन दो दिन तक घर में रही। 1 मार्च की रात करीब तीन बजे वह मौका देखकर घर से फरार हो गई। जाते समय वह सोने-चांदी के गहने, लगभग 27 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गई।
सुबह परिवार के लोगों को घटना की जानकारी हुई तो घर में अफरा-तफरी मच गई। काफी तलाश के बाद भी जब दुल्हन का कोई सुराग नहीं लगा तो पीड़ित परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही युवती की तलाश की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं इस घटना के पीछे किसी गिरोह की भूमिका तो नहीं है।





