हार्दिक की कप्तानी में होबार्ट में भी नहीं थमा भारतीय हॉकी टीम की हार का सिलसिला

Under Hardik's captaincy, the Indian hockey team's losing streak continued in Hobart

अबाजो और कोबोज के एक- एक गोल से स्पेन 2-0 से जीता

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : नए कप्तान सेंटर हाफ हार्दिक सिंह की कप्तानी में एफआईएच पुरुष हॉकी प्रो लीग 2025-26 के होबार्ट चरण में भारत की हार का सिलसिला नहीं थमा। हरमनप्रीत सिंह की अगुआई में राउरकेला चरण में चारों मैच हारने वाली भारतीय टीम होबार्ट चरण के अपने पहले मैच में शनिवार को स्पेन से 0-2 से हार गई। स्पेन को जहां मौके भुनाने के चलते जीत मिली वहीं मके गंवाने के चलते भारत के हिस्से हार आई। स्पेन ने इग्नेशियो अबाजो के छठे मिनट और इग्नेशियो कोबोज के 36 वें दागे एक एक गोल से भारत से मैच जीता। स्पेन ने मौकों को भुनाने के साथ अनुशासित हो अपने किले की चौकसी कर जीत हासिल की।

भारत ने तेज छोटे छोटे पासों से खेल कर शुरू में ही मैच पर अपनी पकड़ बनाने की कोशिश की लेकिन स्पेन की जवाबी हमलों की रणनीति कारगर रही। इग्नेशियो अबाजो ने जवाबी हमले पर मिली गेंद को मैच के छठे मिनट में ही गोल में डाल कर स्पेन का खाता खोला। एक गोल से पिछड़ने के बावजूद भारत अपने स्ट्रक्चर पर काबिज रहा और बीच मैदान से उसकी मध्यपंक्ति के खिलाड़ियों ने आगे अपनी अग्रिम पंक्ति के लिए गेंद बढ़ा स्पेन के गोल पर दबाव बनाया। स्ट्राइकर अभिषेक ने पहला क्वॉर्टर खत्म होने से ठीक पहले डी में पहुंच तेज शॉट जमाया लेकिन स्पेन के गालेरक्षक लुइस कालजाडो ने अच्छा पूर्वानुमान उनके शॉट को रोक कर भारत को बराबरी पाने से रोक दिया। भारत ने दूसरे क्वॉर्टर में अच्छे हमले बोल कर बराबरी पाने की पुरजोर कोशिश जरूर की लेकिन गोल नहीं कर पाई। स्पेन को मैच के 24 वें मिनट में पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन भारत के गोलरक्षक सूरज करकेरा ने अच्छा पूर्वानुमान लगा कर उनके शॉट को राक लिया। हाफ टाइम तक स्पेन की टीम इग्नेशियो अबाजो के गोल से 1-0 से आगे थी।

स्पेन ने तीसरे क्वॉर्टर का तेज आगाज किया और इग्नेशियो कोबोज भारत की डी के भीतर अचूक शॉट जमा गोल कर स्पेन को मैच के 36 वें मिनट में 2-0 से आगे कर दिया। स्पेन ने अपला दबाव बना कर पांच पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए लेकिन भारत की रक्षापंक्ति ने मुस्तैदी दिखा कर इन्हें रोक लिया। भारत ने चौथे और आखिरी क्वॉर्टर में पूरी ताकत गोल करने में झोंक कर मैच का अपना पहला पेनल्टी कॉर्नर जरूर हासिल किया लेकिन इसे गोल में तब्दील नहीं कर पाया।