रविवार दिल्ली नेटवर्क
मुंबई : वैश्विक स्तर पर टिकाऊ कृषि समाधान उपलब्ध कराने वाली कंपनी UPL Limited ने अपने मौजूदा ग्लोबल डिपॉजिटरी रिसीट्स (GDR) प्रोग्राम की सेकेंडरी लिस्टिंग सफलतापूर्वक NSE International Exchange (NSE IX) पर पूरी कर ली है। इसके साथ ही UPL इस प्लेटफॉर्म पर GDR सूचीबद्ध कराने वाली पहली भारतीय कंपनी बन गई है। कंपनी के GDR 30 जनवरी 2026 से NSE IX पर सूचीबद्ध और ट्रेडिंग के लिए स्वीकृत हो चुके हैं।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि के उपलक्ष्य में NSE IX ने आज मुंबई स्थित NSE एक्सचेंज प्लाजा में UPL के लिए आधिकारिक बेल-रिंगिंग समारोह आयोजित किया। यह लिस्टिंग GIFT IFSC (गुजरात इंटरनेशनल फाइनेंस टेक सिटी – इंटरनेशनल फाइनेंशियल सर्विस सेंटर) में भारत के उभरते अंतरराष्ट्रीय वित्तीय सेवा पारिस्थितिकी तंत्र की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
UPL का मौजूदा GDR प्रोग्राम पहले से ही Singapore Stock Exchange Ltd (SGX) पर सूचीबद्ध है और साथ ही London Stock Exchange (LSE) के इंटरनेशनल ऑर्डर बुक (IOB) प्लेटफॉर्म पर भी ट्रेडिंग के लिए उपलब्ध है। NSE IX को सेकेंडरी लिस्टिंग स्थल के रूप में जोड़ने से निवेशकों को अधिक ट्रेडिंग लचीलापन और व्यापक बाजार पहुंच मिलेगी।
UPL के चेयरमैन एवं ग्रुप सीईओ जय श्रॉफ ने कहा कि NSE IX ने भारत के पूंजी बाजारों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने में सराहनीय योगदान दिया है। यह लिस्टिंग वैश्विक निवेशकों को विविध निवेश अवसर उपलब्ध कराने और उच्चतम नियामकीय मानकों के पालन के प्रति UPL की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
ग्रुप CFO बिकाश प्रसाद ने कहा कि NSE IX पर GDR की लिस्टिंग कंपनी की अनुशासित वित्तीय प्रबंधन और दीर्घकालिक पूंजी रणनीति को रेखांकित करती है। इससे वैश्विक निवेशकों के लिए बाजार पहुंच और तरलता के नए विकल्प खुलेंगे।
NSE IX के एमडी एवं सीईओ वी. बालासुब्रमण्यम ने कहा कि GIFT IFSC में GDR सूचीबद्ध होने वाली पहली कंपनी के रूप में UPL का स्वागत है। यह ड्यूल लिस्टिंग संरचना अन्य कंपनियों के लिए भी मार्गदर्शक साबित हो सकती है और GIFT IFSC को एक उभरते अंतरराष्ट्रीय वित्तीय केंद्र के रूप में मजबूत करेगी।
UPL Limited (NSE: UPL, BSE: 512070, LSE GDR: UPLL) एक वैश्विक कृषि समाधान प्रदाता कंपनी है, जिसका वार्षिक राजस्व 5 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक है। कंपनी 140 से अधिक देशों में अपनी सेवाएं प्रदान करती है और संपूर्ण एग्री-फूड वैल्यू चेन को कवर करती है।
NSE IX की स्थापना 5 जून 2017 को GIFT सिटी में की गई थी और इसे इंटरनेशनल फाइनेंशियल सर्विसेज सेंटर अथॉरिटी (IFSCA) द्वारा मान्यता प्राप्त है। यह एक्सचेंज GIFT IFSC में 99% से अधिक बाजार हिस्सेदारी के साथ अग्रणी स्थिति में है और विभिन्न डेरिवेटिव, डिपॉजिटरी रिसीट्स तथा वैश्विक स्टॉक्स में ट्रेडिंग की सुविधा प्रदान करता है।





